कोण्डागांव

महतारी वंदन के नाम पर चंद महिलाओं को लाभ बाकी के साथ नाइंसाफी कर रही साय सरकार - राज मरकाम
31-Mar-2024 10:03 PM
महतारी वंदन के नाम पर चंद महिलाओं को लाभ बाकी के साथ नाइंसाफी कर रही साय सरकार - राज मरकाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 31 मार्च। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कोंडागांव राज मरकाम ने महतारी वंदन योजना को लेकर साय सरकार पर पक्षपात करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने जारी बयान में कहा कि साय सरकार सास बहू में माँ बेटी में देवरानी जेठानी में फूट डालने का काम कर रही है। चुनाव के पूर्व महतारी वंदन योजना का फॉर्म भरवाते समय भाजपा के कार्यकर्ताओं ने नेताओं ने बड़े बड़े मंचों से कहा सभी महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा चाहे वो कलेक्टर की पत्नी हो या भूपेश बघेल की पत्नी, सभी को इस योजना का लाभ मिलेगा सरकार बनते ही ये भाजपाई बात पलट गए और कई नियम कानून बनाकर क्राइटेरिया बनाकर प्रदेश की माताओं-बहनों के साथ खिलवाड़ किया, फिर क्राइटेरिया में आने वाली सभी माता-बहनों ने जब फॉर्म भरा तो सही प्रूफ होने के बाद भी एक को मां और एक को मौसी का बना दिया। बहू को मिल रहा तो सास को नहीं। माँ को मिल रहा तो बेटी को नहीं। देवरानी को मिल रहा तो जेठानी को नहीं, ये कैसा महतारी वंदन है ये कैसा न्याय है? आपस में फूट डालने का काम कर रही साय सरकार।

 वास्तव में अगर महिलाओं को महतारी समझ कर वंदन करना चाहती है तो पक्षपात बंद करें और सभी महिलाओं के खाते में 1-1 हजार रुपए प्रति माह दें। वास्तविकता तो यह है सरकार की नीयत सही नहीं है। सिर्फ लोकसभा चुनाव को देखते हुए आनन फानन में बिना तैयारी के चंद महिलाओं के खाते में ही पैसा दे पाया है अगर किसी मोहल्ले में 200 महिलाएं निवासरत हैं तो केवल 15 से 20 महिलाओं के खाते में ही पैसा आया है।

यह आरोप प्रत्यारोप नहीं, बल्कि हकीकत है। भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। भाजपा जब जब सरकार में रही है केवल छलावा ही किया है। जब प्रदेश में हमारी कॉंग्रेस की सरकार थी, तब हमने किसान मजदूर युवा महिला बेरोजगार व्यापारी सभी के हितों को ध्यान में रख कर क्षेत्र व प्रदेश के समुचित विकास के लिए कार्य किया है। हमने जो कहा सो किया के तर्ज पर सभी वादों को पूरा किया है और अभी लोकसभा चुनाव में जीतकर आते ही सरकार बनने के तत्काल बाद महालक्ष्मी योजना के माध्यम से हर गरीब महिला को 1 लाख रुपए सालाना देंगे। कांग्रेस जो कहती है वो करती है। भाजपा जुमलेबाजों की टोली है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news