राजनांदगांव

डेढ़ दर्जन गांव में बघेल ने किया दौरा, वर्तमान सरकार पर लगाया आरोप
04-Apr-2024 2:36 PM
डेढ़ दर्जन गांव में बघेल ने किया दौरा,  वर्तमान सरकार पर लगाया आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 अप्रैल।
राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में प्रत्याशियों के नामांकन का बुधवार को दूसरा दिन था। पहले ही दिन अपना नामांकन भर चुके पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नामांकन दाखिल करने के अगले ही दिन से दौरे पर निकल पड़े हैं। बुधवार को भूपेश बघेल ने सुबह 10 बजे से ही खुज्जी विधानसभा के छुरिया विकासखंड के ग्राम पंगरीकला से अपने जनसंवाद कार्यक्रम की शुरूआत की। 

इस दौरान भूपेश बघेल वर्तमान प्रदेश भाजपा सरकार पर तंज कसते नजर आए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस प्रवेश भी किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने जनता को अपने शासनकाल में किए गए कामों को याद दिलाते वर्तमान सरकार पर सभी जनहितकारी काम सांय-सांय बंद करने का आरोप लगाया। साथ ही अपने भाषणों में केंद्र सरकार को भी आड़े हाथों लिया।

भूपेश बघेल इसके बाद पथरी, साल्हे, आयबांधा, तुर्रेगढ़, सीताकसा, दानी, मरकाकसा, लालूटोला, धोबनी, परेवाडीह, उमरवाही, बडग़ांव, गोडलवाही, मासुलकसा, तुमड़ीकसा होते करमरी पहुंचे। इसके बाद अर्जनकुंड, रतनभाट, महरूम, कलडबरी, गिदरी, बरबसपुर गांव का दौरा प्रस्तावित था। उन्होंने भाजपा सरकार आने से कैसे जनता की आय पर फर्क पड़ा है, इसको उदाहरण सहित बताया। विशेषकर महिलाओं से कहा कि महतारी वंदन योजना के नाम पर आपको बरगलाया गया है। राशन कार्ड में प्रति परिवार 7 किलो की बजाय 5 किलो प्रति परिवार किए जाने पर बघेल ने चिंता व्यक्त की।

बघेल ने खुज्जी में कांग्रेस का विधायक जिताने के लिए आभार प्रकट करते जनता से लोकसभा में भी कांग्रेस को वोट देने की अपील की। भूपेश ने कहा कि मुझे आपने पांच साल छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करने का अवसर दिया। इस दौरे में भागवत साहू, भोलाराम साहू, छन्नी साहू, नरेश शुक्ला, प्रकाश यादव, तरुण सिन्हा, राजकुमारी सिन्हा, उर्मिला साहू, क्रांति भंडारी, सीमा यादव, चुम्मन साहू, शरद चंद्राकर, शुभम शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news