महासमुन्द

केंद्र में सरकार बनी तो कांग्रेस देगी युवाओं, महिलाओं, किसानों को 5-5 गारंटियां
05-Apr-2024 4:07 PM
केंद्र में सरकार बनी तो कांग्रेस देगी युवाओं, महिलाओं, किसानों को 5-5 गारंटियां

कांग्रेस की गारंटी से महिलाएं होंगी समृद्ध, युवा, किसान बनेंगे आत्मनिर्भर- विनोद चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अप्रैल।
पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो युवाओं, महिलाओं व किसानों की समृद्धि के लिए पांच-पांच गारंटियां पूरी की जाएगी। महिलाओं के लिये महालक्ष्मी योजना लागू करेगी। महालक्ष्मी योजना में हर महिला को साल में एक लाख रुपए अर्थात महीने में 8333 रुपए मिलेंगे। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों की सुख समृद्धि के लिये एमएसपी को कानूनी दर्जा दिया जाएगा। राहुल गांधी ने 5 चरणों में युवा न्याय की घोषणा की है। कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार में 30 लाख नौकरी की गारंटी देगी। एक कैलेंडर जारी करेंगे और उसके अनुसार समयबद्ध तरीके से भर्ती की प्रक्रिया पूरी करेंगे। कांग्रेस पांच साल की अवधि के लिए देश में आवंटन की सुविधा के साथ 5000 करोड़ रुपए का एक कोष बनाएगी। 40 साल से कम उम्र के युवा किसी भी क्षेत्र में अपने बिजनेस के लिए स्टार्ट अप फंडिंग का लाभ उठा सकेंगे।

श्री चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है, पूरे देश सहित यहां के अन्नदाता किसानों को किसान न्याय की गारंटी मिलने से वे समृद्ध होंगे तथा उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर एमएसपी को कानूनी दर्जा मिलेगा। किसान आर्थिक रूप से सक्षम होगा, खुशहाल होगा। बीते 10 वर्ष में मोदी सरकार ने किसानो की आमदनी दोगुनी करने उपज का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने जैसे वादों को पूरा नहीं किया, बल्कि किसानों को कमजोर करने एवं पूंजीपतियों का गुलाम बनाने के लिए तीन काला कृषि कानून लाया जिसका कांग्रेस ने पुरजोर विरोध किया था। भाजपा की नीति में किसान की समृद्धि खुशहाली नहीं है।

श्री चंद्राकर ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस द्वारा जनता को जो 5 गारंटियां दी गई हैं, जो देश के लिए आशा की नई किरण बन कर आई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news