महासमुन्द

सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट शुरू, साफ पानी तालाबों में छोड़ा जाएगा
01-May-2024 2:50 PM
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट शुरू, साफ  पानी तालाबों में छोड़ा जाएगा

छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,1 मई। महासमुंद शहर के इमलीभांठा क्षेत्र में पहले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम शुरू हो गया है। इससे नालियों के गंदे पानी को साफ कर तालाबों में छोड़ा जाएगा। यह योजना पालिका द्वारा बनाई गई है। इसके तहत शहर में तीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनना है। फिलहाल इमलीभांठा वाले प्लांट का कार्य शुरू हुआ है। दो अन्य प्लांट को स्वीकृति नहीं मिली है। जिस नाले से होकर गंदा पानी प्लांट तक जाएगा, उसका कार्य अटका हुआ है।

मालूम हो कि नगर पालिका ने 2023-24 के बजट में शहर के 3 स्थानों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने के लिए 7 करोड़ 25 लाख रुपए का प्रावधान किया था। इससे पहले भी एक बार बजट में इस योजना को शामिल किया गया था। शहर के इमलीभांठा, सितली नाला व बंधवा तालाब के पास सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना है। लेकिन अभी तक केवल इमलीभांठा के लिए स्वीकृति मिली है। इसके लिए ड्राइंग तैयार हो रहा है। यह प्लांट इमलीभंाठा मुक्तिधाम के पास बनेगा। इस सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की लागत 1.17 करोड़ रुपए है।

  इस संबंध में नगर पालिका सीएमओ टॉमसन रात्रे ने बताया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य शुरू हो गया है। जल्द ही शहरवासियों को इसकी सुविधा मिलेगी। वहीं नाला निर्माण के संबंध में उन्होंने कहा कि कुछ कारणों से निर्माण में देरी हो रही है। जल्द ही समाधान निकाला जाएगा। 

नगर पालिका से मिली जानकारी के अनुसार 93 लाख रुपए की लागत से 1445 मीटर लंबा नाला बनाया जा रहा है। नाले की चौड़ाई 1 मीटर और गहराई 1.2 मीटर है। इस नाले से जो गंदा पानी आएगा, उसे साफ करने के लिए ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है। शहर में सामान्य दिनों में प्रतिदिन 2 करोड़ लीटर पानी की आपूर्ति महानदी से होती है, वहीं निजी बोर से भी पानी की आपूर्ति शहरवासी करते हैं। इसमें से प्रतिदिन 90 लाख लीटर गंदा पानी नाली के रास्ते बहकर महानदी तक पहुंचता है।  वहीं कई खेतों में गंदा पानी वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य शुरू हो गया है।

 गौरतलब है कि अगस्त 2023 में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भूमिपूजन किया था। इसके बाद निर्माण कार्य में लगातार देरी हुई है। फंड नहीं मिलने के कारण इंतजार लंबा हो गया। इसके बाद विधानसभा चुनाव और आचार संहिता के कारण फंड नहीं मिल पाया था। अब लंबे समय से कार्य बंद होने के बाद काम शुरू हो गया है। नगर पालिका के सब इंजीनियर दिलीप कश्यप ने बताया कि प्लांट निर्माण के लिए ड्राइंग तैयार हो रहा है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news