दुर्ग

मुरुम खदान में बस गिरी, 12 मौतें, 15 घायल
10-Apr-2024 2:24 PM
मुरुम खदान में बस गिरी, 12 मौतें, 15 घायल

केडिया डिस्टलरी के कर्मी थे, दंडाधिकारी जांच के आदेश

राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने जताया दु:ख

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
भिलाई नगर, 10 अप्रैल।
मंगलवार रात केडिया डिस्टलरी की स्टाफ बस मुरूम खदान में गिर गई, जिससे 12 कर्मचारियों की मौत हो गई है। मृतकों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं। इस घटना में 15 कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अफसर पहुंचे और देर रात तक राहत कार्य जारी रहा। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर दु:ख जताया है। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी घटना पर दुख और संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

केडिया डिस्टलरी मैनेजमेंट ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए मुआवजा देने साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी, घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की है। 
कुम्हारी में यह हादसा मंगलवार रात लगभग 8.30 बजे हुआ। केडिया डिस्टलरी से स्टाफ को लेकर निकली हुई बस खपरी कुम्हारी के पास मुरूम खदान में गिर पड़ी। बस में केडिया डिस्टलरी में काम करने वाले स्टाफ के लगभग 40 लोग सवार थे, जो कि रात 8 बजे के बाद ड्यूटी खत्म कर कंपनी की बस से वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच कुम्हारी के पास खपरी में मुरुम खदान के पास चालक को सडक़ का अंदाजा नहीं हुआ और बस क्रमांक सीजी 07 सी 7783 अनियंत्रित होकर 20 फीट नीचे खाई में जा गिरी। 

दुर्ग के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि दुर्घटना रात करीब साढ़े आठ बजे कुम्हारी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के पास हुई। यह हादसा तब हुआ, जब सभी कर्मचारी काम के बाद कंपनी की बस से घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। हादसे के बाद दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी घटना स्थल का दौरा किया। वे बुधवार की सुबह भी मौके पर पहुंची और अफसरों को आवश्यक निर्देश दिए। गृह मंत्री विजय शर्मा भी सुबह घटनास्थल पहुंचे थे। 

कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने बताया कि हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 15 लोग घायल हुए जिनमें से 10 की हालत गंभीर है। अस्पताल में भर्ती सभी लोगों की हालत स्थिर है। मरीजों को सर्वोत्तम संभव देखभाल प्रदान की जा रही है। दुर्घटना का कारण जानने के लिए मजिस्ट्रेट जांच की जा रही है, कोई हादसे के लिए दोषी होगा तो कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब हो कि घटनास्थल पर मृत कर्मियों का शव सुपेला शासकीय अस्पताल देर रात तक लाया गया। मृतकों की पहचान भिखूभाई पटेल पिता स्व. मगन भाई पटेल (58 वर्ष) निवासी सेक्टर-2 सडक़-3 क्वाटर-27/जी भिलाई थाना भटटी जिला दुर्ग, श्रीमती पुष्पा देवी पति फुलचंद चंदेल (50 वर्ष) निवासी शर्मा आश्रम के पास जोन-3 खुर्सीपार भिलाई जिला दुर्ग, श्रीमती शांति बाई देवांगन पति स्व बिहारी लाल देवांगन (60 वर्ष) निवासी बाजार चौक महामाया वार्ड-3 थाना कुम्हारी जिला दुर्ग, श्रीमती सत्या निषाद पति स्व अभय राम निषाद उम्र (57 वर्ष) निवासी अर्जुन किराना दुकान के पास रामनगर थाना कुम्हारी जिला दुर्ग, बिहारी यादव पिता स्व भूखन यादव (70 वर्ष) निवासी भगत सिह रोड सुपेला मार्केट थाना सुपेला जिला दुर्ग, कमलेश देशलहरे पिता तुलसीराम देशलहरे (35 वर्ष) निवासी मकान-26/एफ, सडक़ 28 सेक्टर-4 थाना भिलाई भटटी जिला दुर्ग, राजू राम पिता स्व रामवृक्ष ठाकुर (49 वर्ष) निवासी निषाद सेवा समिति के पास केम्प-2 शारदा पारा भिलाई थाना छावनी जिला दुर्ग, जबकि शासकीय अस्पताल दुर्ग लाए गए शव से मृतकों की पहचान परमानंद तिवारी पिता स्व वासुदेव तिवारी (55 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड दादर रोड चरौदा थाना भिलाई-3 जिला दुर्ग, त्रिभुवन पाण्डेय पिता स्व जय किशन पाण्डेय (55 वर्ष) निवासी प्रगति नगर रिसाली भिलाई थाना नेवई जिला दुर्ग, अमित सिन्हा पिता मोहनलाल सिन्हा (40 वर्ष) निवासी शंकरनगर थाना मोहन नगर जिला दुर्ग, कृष्णा साहू पिता टीकाराम साहू (45 वर्ष) निवासी केनाल रोड जोन-2 खुर्सीपार थाना खुर्सीपार जिला दुर्ग, मनोज कुमार ध्रुव पिता मनाराम ध्रुव (43 वर्ष) निवासी मकान-858/4 ड्रीम सिटी उमदा रोड भिलाई थाना पुरानी भिलाई के रूप में हुई है।

10 घायल एम्स अस्पताल रायपुर एवं तीन अन्य अस्पतालों में भर्ती
इस घटना में घायल रमेश यादव, गुरुमुख सिंग, निर्मल सिंग, देवेन्द्र सिंग,  मोनिका वर्मा, उषा साहू, हस्तिना सिक्का, कुंती यादव, उर्मिला कौशल, सरजीत कौर को एम्स में भर्ती किया गया है। बिहारी लाल दुबे को मेकाहारा में एवं कविता चौधरी, प्रदीप वाधी को ओम हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दु:खद है। इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीडि़तों की हरसंभव मदद में जुटा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए एक्स पोस्ट में कहा कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार बहुत दु:खद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ।

राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने कुम्हारी थाना अंतर्गत रायपुर-दुर्ग मार्ग पर कल निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 12 लोगों की मृत्यु को अत्यंत पीड़ाजनक बताया और  गहरा दुख व्यक्त किया।

राज्यपाल ने कहा, महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोक-संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करें। साथ ही राज्यपाल ने घायलों के शीध्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी घटना पर दुख और संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news