दुर्ग

हर्षोल्लास से मनाई ईद
12-Apr-2024 3:04 PM
हर्षोल्लास से मनाई ईद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 12 अप्रैल। शहर में गुरुवार को ईद उल फितर धूमधाम से मनाई गई। सुबह-सवेरे शहर के ईदगाह और मस्जिदों में ईद उल फितर मुस्लिम भाइयों द्वारा विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद दुवाओं में अमन-चेन व सलामती के लिए हजारों हाथ उठे। इस मौके पर शहर में भाईचारे, एकता और सद्भाव का अनूठा माहौल देखने को मिला। विभिन्न धर्म व समुदाय के लोगों ने ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। मस्जिदों के अलावा शहर के कब्रिस्तान में भी ईद उल फितर पर रौनक रही। लोग नमाज के बाद कब्रिस्तान पहुंचकर अपने परिजनों की कब्र पर दुआएं की।

ईद उल फितर के मौके पर शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह के वक्त विशेष नमाज हुई। बड़ी तादाद में नमाजियों के पहुंचने की वजह से जिला व पुलिस प्रशासन में खास तौर पर इंतजाम किए थे। वहीं ट्रैफिक पुलिस भी व्यवस्था बनाने में तैनात रही।

ईदगाह मैदान गंजपारा में ईद उल फितर की नमाज सुबह 8.30 बजे अदा की गई। जामा मस्जिद दुर्ग में ईद उल फितर की पहली जमात सुबह 9 बजे एवं दूसरी जमात 10 बजे हुई जिसमें सैकड़ों लोगों ने नमाज अदा की। बोरसी स्थित गौसुलवरा मस्जिद में ईद उल फितर की नमाज 9.30 बजे पेश इमाम हाफिज मोहम्मद मजहर आलम द्वारा अदा कराई गई। केलाबाड़ी नूरी मस्जिद में नमाज 9 बजे पढ़ी गई। वहीं तकियापारा मैदान में सुबह 8 बजे हजारों लोगों ने ईद की नमाज पढक़र दुआएं मांगी। इस दौरान ईदगाह एवं मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के हजारों लोगों ने मुल्क में अमन, चैन, सुकून की दुआ मांगी।

जनप्रतिनिधि पहुंचे ईदगाह मैदान

ईद-उल-फितर के मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ने ईदगाह मैदान और मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा की। तत्पश्चात मुस्लिमों भाईयों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।

मुस्लिम भाईयों को बधाई देने कांग्रेस, भाजपा के अलावा अन्य राजनीतिक पार्टियों के नेता व कार्यकर्ता भी ईदगाह मैदान और मस्जिदों में पहुंचे थे।

दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र साहू ने ईद पर ईदगाह मैदान गंजपारा दुर्ग में मुस्लिम भाईयों से मुलाकात की। यहां उन्होंने मुस्लिम भाईयों को गले लगाकर ईद की बधाई दी। इसके अलावा प्रत्याशी राजेन्द्र साहू दुर्ग-भिलाई के अन्य मस्जिदों में पहुंचकर मुस्लिम भाईयों को ईद की बधाई दी। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल ने सेक्टर-6 भिलाई स्थित जामा मस्जिद पहुंचकर मुस्लिम भाईयों को ईद की बधाई दी।

इसी प्रकार अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मुस्लिम भाईयों को ईद की बधाई दी है। ईद पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अय्यूब खान, पीडब्ल्यूडी प्रभारी अब्दुल गनी, नासिर खोखर के अलावा अन्य लोगों ने मुस्लिम भाईयों को ईद की मुबारकबाद दी है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news