दुर्ग

भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल कल भरेंगे नामांकन, सीएम समेत भाजपा के दिग्गज नेता होंगे शामिल
14-Apr-2024 3:17 PM
भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल कल भरेंगे नामांकन, सीएम समेत भाजपा के दिग्गज नेता होंगे शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 अप्रैल।
दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल 15 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगे। उनके नामांकन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के अलावा प्रदेश भाजपा के अन्य दिग्गज नेता शामिल होंगे। नामांकन दाखिले के पूर्व भाजपा द्वारा पंडित रविशंकर स्टेडियम के पास स्थित मानस भवन में सुबह 10 बजे जनसभा का आयोजन किया गया है। जनसभा में दुर्ग लोकसभा के 9 विधानसभा क्षेत्रों से करीब 15 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा किया गया है। प्रत्याशी विजय बघेल के नामांकन रैली व जनसभा को लेकर दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में भी जोरदार तैयारियां की जा रही है। जनसभा में दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र से करीब 5 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिसके लिए दुर्ग शहर के चारों भाजपा मंडल से सभी प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं के अलावा पार्षद, छाया पार्षद व नेताओं को आमंत्रित किया गया है। भाजपा सरकार के योजनाओं से लाभांवित लाभार्थी भी जनसभा में शामिल होंगे।

जनसभा के बाद प्रत्याशी विजय बघेल रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। यहां वे भाजपा के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करेंगे। यह बातें दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने शुक्रवार को मीडिया से चर्चा में कही। इस दौरान जिला भाजपा महामंत्री सुरेन्द्र कौशिक, उपाध्यक्ष राजेन्द्र पाध्ये,अजय तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन वाढ़ई, मनोज सोनी, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राजा महोबिया मौजूद रहे।

मीडिया से चर्चा में भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल पर कांग्रेस के निष्क्रियता के आरोपों से जुड़े एक सवाल के जवाब में दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस का यह आरोप बेबुनियाद है। यदि कांग्रेस ने 5 वर्षों में कुछ किया होता, तो जनता उन्हे सत्ता से बाहर का रास्ता नहीं दिखाई होती। पराजय के बाद कांग्रेस की खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे जैसे स्थिति हो गई है। 

इसलिए वे भाजपा प्रत्याशी पर अनाप-शनाप आरोप लगा रहे है, जबकि वास्तविकता जनता के सामने है। भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल ने सांसद रहते हुए अपने कार्यकाल में कई बड़े कार्य किए है। कोरोना काल में उन्होने जरुरतमंदों के घरों तक राशन पहुंचाऐं है। चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाऐं है। देश व विदेश में फंसे लोगों की सकुशल घर वापसी सुनिश्चित की। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल जनता के बीच सक्रिय रहकर हमेशा उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहे।

विधायक गजेन्द्र यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि विधानसभा चुनाव में दुर्ग शहर सीट 48 हजार मतों से जीते थे। लोकसभा चुनाव को लेकर मतदाता काफी उत्साहित है। वे प्रधानमंत्री मोदी को ऐतिहासिक कार्यो की वजह से तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना चाहते है। मतदाताओं को मोदी की गारंटी पर भरोसा है। इसलिए भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल को दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र से 48 हजार से भी ज्यादा मतों से लीड मिलेगी। विधायक गजेन्द्र यादव ने कांग्रेस के घोषणा पत्र में शामिल महालक्ष्मी नारी न्याय योजना के तहत महिलाओं को सालाना 1 लाख रुपए देने की घोषणा पर कहा कि कांग्रेस अब कोई भी घोषणा कर ले। जनता उनके भ्रम में नहीं आने वाली है। जनता को मोदी की गारंटी पर विश्वास है। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने कम समय में बड़े कार्य किए है। 70 लाख महिलाओं के बैंक खाते में महतारी वंदन योजना के माध्यम से महीने में 1 हजार रुपए डाल रही है। किसानों को उनके उत्पादन का सही मूल्य के अलावा अंतर की राशि बोनस के रुप में दी गई है। इसके विपरित कांग्रेस ने प्रदेश में 36 वादे किए थे, लेकिन कांग्रेस ने वादा पूरा नहीं किया, जनता समझती है। कथनी व करनी का अंतर दिखता है। इसलिए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की घोषणा पत्र का कोई फर्क नहीं पडऩे वाला है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news