सरगुजा

लुचकी घाट के पास 2 घंटे तक लगा रहा जाम, एम्बुलेंस भी फंसी
01-Jul-2024 10:03 PM
लुचकी घाट के पास 2 घंटे तक लगा रहा जाम, एम्बुलेंस भी फंसी

फ्लाई ओवर प्रारंभ कराने कलेक्टर को ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 1 जुलाई। बारिश के बाद कीचड़ से सरोबर हुए एनएच 43 पर अम्बिकापुर नगर से लगे लुचकी घाट के पास रविवार की रात लगभग 2 घंटे तक जाम जैसी स्थिति रही। दोपहिया वाहन बड़े मुश्किल से तो पार हो जा रहे थे,वहीं चार पहिया वाहनों के पहिए थमे रहे। यही नहीं इस जाम में एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही। जिसे देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने राष्ट्रीय राजमार्ग 43 अम्बिकापुर, लुचकी घाट, रायगढ़ रोड में फ्लाई ओव्हर प्रारंभ कराने की मांग को लेकर सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्र. 43 में अम्बिकापुर से लगे लुचकी घाट सरगुजा संभाग का पहला फ्लाई ओवर बनकर तैयार है, किन्तु इसे अब तक खोला नहीं गया। ठेका कंपनी और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के लापरवाही से मानसून शुरू होते ही हर रोज जाम लग रहा है। स्थिति ऐसी हो गई है कि जाम में एम्बुलेंस तक फंस जा रहे हैं।

रविवार की रात लगभग दो घंटे जाम की स्थिति रही। छोटे-बड़े वाहनों के साथ भारी वाहन भी जाम में फंसे थे। यहां जाम खुलवाने एक भी यातायात पुलिसकर्मी या थाना क्षेत्र की पुलिस नहीं थे, जिस कंपनी ने ठेका लिया है, उसने यहां अव्यवस्था कर रखा है, उसे दूर करने या लोगों की मदद करने कोई पहल नहीं कर रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी भी आंख मूंद कर बैठे हैं।

इस बरसात में यदि इस फ्लाई ओवर को व्यवस्थित ढंग से चालू नहीं किया गया तो समस्या यथावत बने रहने से विकराल स्थिति निर्मित हो जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटीत होने की पूर्ण संभावना है। यहां जब तक फ्लाई ओवर सुचारू रूप से चालू नहीं होता, पुराने मार्ग से लोग आना-जाना कर रहे हैं, जो कीचड़, दलदल में तब्दील है, इसलिये यहां पोकलेन सहित अन्य मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित हो। यातायात पुलिस भी मौजूद हो, ताकि परेशान लोगों को तत्काल राहत मिल सके।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news