बस्तर

रकबा घटाने व बारदाना की कमी की शिकायतें
30-Dec-2020 5:22 PM
रकबा घटाने व बारदाना की कमी की शिकायतें

पूर्व विधायक बाफना खरीदी केन्दों में व्यवस्था देखने पहुंचे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 30 दिसम्बर।
प्रदेश सरकार के समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को देखने के लिए जगदलपुर विधानसभा के पूर्व विधायक संतोष बाफना, जनपद पंचायत के पूर्व अध्यक्ष  पदलाम नाग एवं जनपद उपाध्यक्ष व भाजपा नगरनार मण्डल के अध्यक्ष सुब्रतो विश्वास  जगदलपुर विकासखण्ड के नगरनार क्षेत्र में आने वाले बाबूसेमरा, माड़पाल, मारकेल, नगरनार,  बम्हनी सहित हल्बाकचोरा धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण करने पहुंचे। 

लगभग सभी धान खरीदी केन्द्रों में किसानों ने पूर्व विधायक श्री बाफना से वर्तमान सरकार द्वारा उनका रकबा घटा देने व धान खरीदी केन्द्र में बारदाना की कमी एवं नए बरदाने की जगह फटे पुराने बारदाने दिये जाने की शिकायत सहित पिछले वर्ष के धान का पूरा समर्थन मूल्य राज्य सरकार द्वारा अब तक नहीं दिये जाने की भी परेशानी से पूर्व विधायक श्री बाफना को अवगत कराया। 

इस दौरान पूर्व विधायक ने किसानों से बात करके उनकी समस्याओं को सुनने के पश्चात् उनकी परेशानियों को दूर करने जिले के उच्च अधिकारियों से बात करने का आश्वासन भी दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि, सभी उपार्जन केन्द्रों में जिस प्रकार का अनियमितताओं का अलाम पसरा हुआ है उससे प्रतीत होता है कि, कांग्रेस की सरकार ने धान खरीदी से पूर्व कोई ठोस योजना तैयार ही नहीं की थी। प्रदेश में धान की खरीदी इस कदर धीमी रफ्तार पर है कि अभी तक लक्ष्य की तुलना में 50 फीसदी से भी कम खरीदी हो पाई है। जबकि खरीदी शुरू हुए एक महीने का समय खत्म होने को है। कांग्रेस की सरकार का प्रदेश के किसानों का सही तरीके से धान खरीदने का कोई मंसूबा ही नहीं है इसलिए इस सरकार ने पहले तो रकबा ही घटाया दिया और उसके बाद सभी किसानों को टोकन के लिए रोने पर मजबूर कर दिया और अब सभी धान उपार्जन केन्द्रों से बारदाने ही गायब कर दिये। कांग्रेस सरकार की इस चरमराई व्यवस्था के कारण ही आज धान खरीदी बंद होने की कगार पर पहुंच गई है। सत्यता तो यह कि किसान हितैषी होने का दावा करने वाले सत्तासीन कांग्रेस सरकार को अब किसानों की कोई परवाह ही नहीं है। 

पूर्व विधायक श्री बाफना के साथ निरीक्षण के दौरान भाजपा नगरनार मण्डल के महामंत्री  राधेश्याम पेन्द्रे,  रघु सेठिया,  मोहन सेठिया,  गोविंद राव,  धनराज नायडू,  सूरज नाग,  खगेश्वर देवांगन, नारायण ठाकुर,  बस्तरिया बाबू ,  फगनु नाग ,  धनसाय भवानी, त्रिनाथ सेठिया, राजू राव, रूपेश समरथ, रमन राय, गणेश सेठिया, जयराम नाग, मुरली मनोहर दास, मनीष चालकी, बलीराम दास,  धनपति,  गिरीश घरत, गणेश नागवंशी,  अंकित दास समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news