राजनांदगांव

पेट्रोल-डीजल-गैस के दाम बढऩे पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन
22-Feb-2021 3:24 PM
पेट्रोल-डीजल-गैस के दाम बढऩे पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

केंद्र सरकार पर जनता को लूटने का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 फरवरी।
देश में पेट्रो उत्पादों और गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम से नाराज महिला कांग्रेस ने सोमवार को कलेक्टोरेट परिसर के सामने फ्लाई ओवर के नीचे धरना प्रदर्शन कर मोदी सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। बढ़ते दाम से लोगों के जीवन स्तर पर व्यापक असर पड़ रहा है। वहीं घेरलू बजट भी बिगड़ गया है। 

प्रदेश महिला कांग्रेस हाईकमान के आह्वान पर एक दिनी धरना प्रदर्शन में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार महिला कांग्रेसियों ने नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष रामछत्री चंद्रवंशी ने खासतौर पर गैस के बढ़ते दाम को लेकर चिंता जताते कहा कि ग्रामीण इलाकों में मोदी सरकार द्वारा उज्जवला गैस योजना के तहत सिलेंडर वितरित किए गए हैं। बढ़ते दाम से सिलेंडर रिफिल करना मुश्किल हो गया है। जिलाध्यक्ष का कहना है कि ग्रामीण महिलाओं ने अब सिलेंडर इस्तेमाल करने से हाथ खड़ा कर दिया है। फिर से महिलाएं चूल्हा जलाने के लिए लकड़ी और दूसरे संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है।

इसी तरह राजनांदगांव महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि धड़ल्ले से पेट्रोल और डीजल के दाम के अलावा सिलेंडर के दाम भी बढ़ गए हैं। मनमोहन सरकार में कीमतें यथावत रहने के बावजूद भाजपा विरोध के लिए कृत्रिम माहौल बनाती थी। जबकि आज हालात सबके सामने है। इससे पहले महिला कांग्रेस ने नारेबाजी करते केंद्र सरकार को घेरा। गौरतलब है कि जनवरी-फरवरी माह में रोजाना डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़े हैं। वहीं गैस सिलेंडर के दाम पर भी केंद्र सरकार ने इजाफा किया है। 

स्वाभाविक तौर पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के इस रवैये को मुद्दा बनाते हुए सीधा धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इस दौरान कुलबीर सिंह छाबड़ा, श्रीकिशन खंडेलवाल, ऑफताब आलम, सुरेन्द्र वैष्णव, महेन्द्र यादव, प्रवीण मेश्राम, पिंकू खान, भोला यादव, शशिकांत अवस्थी, दुलारीबाई समेत अन्य कांग्रेसी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news