राजनांदगांव

लोक खेलों में पारंगत दिखी महिलाएं
08-Mar-2021 2:01 PM
लोक खेलों में पारंगत दिखी महिलाएं

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दो दिनी महापौर खेल महोत्सव में दिखाएं जौहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 मार्च।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस में सोमवार को महिलाओं ने पूरा दिन अपने अधिकार और पराक्रम होने के संदेश के साथ इस खास दिन को त्यौहार का रूप दे दिया। महिलाओं के लिए यह दिन दरअसल अपनी काबिलियत और कौशलता से जुड़ा हुआ माना जाता है। महिलाएं इस दिन को समूचे दुनियाभर में जश्न के रूप में मनाती है। 

राजनांदगांव में भी आज पूरा दिन महिलाओं ने राजनीतिक और गैरराजनीतिक मंच से विविध आयोजनों में अपनी मजबूत पकड़ को जाहिर किया। स्थानीय म्युनिसिपल स्कूल मैदान में दो दिनी महापौर महोत्सव पर छत्तीसगढ़ राज्य की लोक खेलों में महिलाओं ने अपनी पारंगत का प्रदर्शन किया। महिलाओं ने लुप्त होते खेलों के जरिये अपने बचपन को याद किया। महापौर हेमा देशमुख की निजी रूचि के चलते अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के खास मौके में उक्त महोत्सव का आयोजन किया गया। राज्य के पारंपरिक खेल खो-खो, कबड्डी, फुगड़ी, गेड़ी, गिल्ली-डंडा, जलेबीदौड़, कुर्सीदौड़, बोरादौड़, पिट्टूल, रस्सा खींच, आदि खेलों की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बच्चे, युवक, युवती, बुजुर्ग भाग लेंगे।

इस संबंध में महापौर हेमा देशमुख ने बताया कि दो दिनी खेल महोत्सव के प्रति महिलाओं का आकर्षण  नजर आया। आयोजन को बेहतर प्रतिसाद मिलने से कहा जा सकता है कि महिलाओं को किसी भी स्तर पर कम नहीं आंका जा सकता। इससे पहले मैदान में खो-खो, कबड्डी, फुगड़ी, गेडी, गिल्ली-डंडा, जलेबीदौड़, कुर्सीदौड़, बोरादौड़, पिट्टूल व रस्सा खींच खेल में महिलाओं ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। 

इस बीच जिले के दूसरे इलाकों में भी आयोजन हुए। कहीं महिलाओं को उनके बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं कुछ महिलाओं ने अपनी प्रतिभा के बूते मिली सफलताओं को लोगों तक गिनाया। 

9 मार्च को मंत्री भेडिया करेंगी समापन
महापौर श्रीमती देशमुख ने बताया कि 9 मार्च को समापन समारोह की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेडिया व अध्यक्षता छग राज्य महिला आयोग अध्यक्ष किरणमयी नायक करेंगी तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेविका जयश्री दलेश्वर साहू सहित छत्तीसगढ़ अंत्यावयसायी वित्त विकास निगम के अध्यक्ष धनेश पटिला, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग सदस्य हफीज खान एवं राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष विवेक वासनिक उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा शुभारंभ एवं समापन अवसर पर  निगम अध्यक्ष हरिनारायण पप्पू धकेता, नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु समेत बैनाबाई टुरहाटे व महापौर परिषद के प्रभारी सदस्यगण उपस्थित रहेंगे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news