राजनांदगांव

ढाई साल में कांग्रेस सरकार से जनता उब गई-नांदगांव सांसद
12-Jun-2021 2:10 PM
ढाई साल में कांग्रेस सरकार से जनता उब गई-नांदगांव सांसद

   शराब बंदी, महिला उत्पीडऩ और कई मुद्दों पर सरकार को घेरा   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जून।
कांग्रेस सरकार के ढाई साल पूरे होने पर राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने  प्रदेश सरकार पर हमला करते कई गंभीर आरोप लगाए।  उन्होंने आरोपों की झड़ी लगाते कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार के ढ़ाई साल का कार्यकाल से जनता उब गई है। बचे हुए ढाई साल के लिए जनता भी दिन गिन रही है। उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर विफल इस सरकार ने छत्तीसगढ़ को विकास से कोसो दूर कर दिया है। 

ढाई साल के कार्यकाल होने पर भाजपा सांसद ने पत्रकारों से कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा करने में जहां सरकार नाकाम रही है। वहीं हाथ में गंगाजल लेकर शराब बंदी के वादे भी अधूरे हैं। प्रदेश में महिलाओं को बेचने का कारोबार किया जा रहा है। डोंगरगढ़ में एक महिला को बेचने के मामले में राज्यपाल से भी शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी भत्ता के लिए शिक्षित युवक तरस रहे हैं। पेंशन को लेकर भी स्थिति बेहद खराब है। श्री पांडेय ने कहा कि शराब के चलते महासमुंद की एक महिला ने 5 बच्चों के साथ खुदकुशी कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में सरकार के नशे में जकड़ता जा रहा है। 

श्री पांडेय ने कहा कि जशपुर और दूसरे क्षेत्रों में महिलाओं की तस्करी की जा रही है। इस पर अब तक सरकार का ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में समूचे राज्य में 5 शक्ति केंद्रों में जाकर भाजपा आम जनता से संवाद करते राज्य सरकार के किए गए वायदों को लेकर सवाल करेगी। कांग्रेस सरकार ने अपने वायदों को कितना पूरा किया। 

श्री पांडेय ने कहा कि ढाई साल के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार फिसड्डी साबित हुई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब होने से अराजकता की भी स्थिति है। पत्रकारवार्ता में जिला महामंत्री सचिन बघेल, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, भरत वर्मा, प्रदेश अजा मोर्चा उपाध्यक्ष पवन मेश्राम समेत अन्य लोग उपस्थित थे। 

अपनी पार्टी सम्हाले पांडेय-कुलबीर
कांग्रेस सरकार के ढाई साल के कार्यकाल पर सांसद पांडेय के बयान को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने सख्त लहजे में कहा कि पांडेय को भाजपा की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के दिग्गज नेता नंदकुमार साय नाराज होकर प्रदेशभर का दौरा कर रहे हैं। वह कभी भी, किसी भी समय विस्फोटक राजनीतिक कदम उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और भाजपा की रवानगी पूरी तरह से तय हो गई है।
 
सांसद संतोष पांडेय के पास राजनांदगांव के विकास को लेकर कोई रोडमैप नहीं है, वह सिर्फ अपनी खामियों को दबाने के लिए कांग्रेस सरकार पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। श्री छाबड़ा ने कहा कि भाजपा का चाल-चरित्र ऐसा रहा है कि अपनी कारगुजारियों को छुपाने के लिए भ्रम का माहौल बनाया जाता है। इस मामले में भाजपा काफी माहिर है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news