राजनांदगांव

मानसून की दस्तक संग खेतों में चली हल
20-Jun-2021 1:59 PM
मानसून की दस्तक संग खेतों में चली हल

60 फीसदी बुआई, जुताई अंतिम चरण में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जून।
मानसून के छींटे पड़ते ही खेतों में चौतरफा बैल के जरिये जुताई का दौर चल रहा है। मानसून के दस्तक के साथ खेतों में हल चलते ही बुआई का भी सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने इस साल प्रदेश में सामान्य मानसून होने की संभावना जाहिर की है। सामान्य मानसून को अच्छी बारिश के रूप में देखा जाता है। 

बताया जा रहा है कि खरीफ की प्रमुख फसल धान के लिए किसानों ने बुआई शुरू कर दी है। जिले में 60 फीसदी जुताई का कार्य पूरा हो चुका है। ग्रामीण इलाकों में परंपरागत और गैर परंपरागत तरीके से जुताई की जा रही है। किसानों का एक तबका ऐसा भी है जो परंपरागत जुताई के लिए बैलों को प्रमुख साधन मानता है। बताया जा रहा है कि बड़े किसानों ने ट्रेक्टर के जरिये जुताई और बुआई कार्य पूरा कर लिया है। 

पिछले कुछ दिनों से रूक-रूककर हो रही बारिश को खेती के लिहाज से अनुकूल माना जा रहा है। बुआई और जुताई के लिए खेत की मिट्टी में पर्याप्त नमी है। बुआई के बाद किसानों को मूसलाधार बारिश की भी जरूरत है। हालांकि अब तक अनवरत बारिश होने का सिलसिला शुरू नहीं हुआ है। मानसूनी बादल बरसने के बाद ही बीज अंकुरित होंगे। इस बीच खेतीहर मजदूरों का खेतों में डेरा लगा हुआ है। सुबह से ही बैल और ट्रेक्टर लेकर किसान जुताई कर रहे हैं। 

राजनांदगांव जिले के ज्यादातर हिस्सों में धान की बड़े पैमाने पर खेती होती है। जिले में पिछले कुछ सालों में अच्छी बारिश की बदौलत धान की बंपर पैदावार हुई है। बताया जा रहा है कि किसानों को सोसायटियों के जरिये फसल के लिए कर्ज और बीज भी दिए जा रहे हैं। बीते साल भी मानसून की किसानों पर मेहरबानी रही। जरूरत के समय में बादलों का साथ मिलने से फसलें अच्छी हुई। जिले में करीब 60 फीसदी खेतों में बुआई और जुताई के बाद किसान तेज बारिश का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि खेतों में मौजूद नमी जल्द ही बढ़ती गर्मी के चलते गायब हो जाएगी। ऐसे में मानसून पर आधारित किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news