राजनांदगांव

योग कर दिया निरोग रहने का संदेश
21-Jun-2021 2:11 PM
योग कर दिया निरोग रहने का संदेश

 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर घरों में किया योग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 जून।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर निरोग रहने के संदेश के साथ राजनीतिक और गैर राजनीतिक वर्ग के अलावा आम लोगों ने भी योग के अलग-अलग आसन किए। किसी ने प्राणयाम के विभिन्न मुद्राएं की तो किसी ने सूर्य नमस्कार से पसीने बहाए। कोरोना संकट काल के बीच योग दिवस पर व्यापक स्तर पर होने वाले आयोजन सीमित रूप से हुए। राजनीतिक दलों के प्रमुखों ने पार्टी कार्यालय के अलावा घरों में योग के आसन किए। 

स्थानीय भाजपा कार्यालय में जहां योग के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख, सांसद संतोष पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव, संतोष अग्रवाल, सचिन बघेल, नीलू शर्मा, कमल सोनी समेत कई नेताओं ने ध्यान किया। वहीं महापौर हेमा देशमुख ने अपने सरकारी आवास में योग कर लोगों को स्वस्थ रहने का संदेश दिया। योग दिवस को लेकर  सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए योग का महत्व दुनियाभर में बढ़ा है। कोरोनाकाल में खासतौर पर लोगों ने योग को अपनाया है। बगैर योग के शरीर को स्वस्थ नहीं रखा जा सकता।

जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने कहा कि वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योग को घर-घर तक पहुंचाने का एक सशक्त कार्य किया। पिछले सात सालों से योग के प्रति न सिर्फ हिन्दुस्तान में, बल्कि दुनियाभर में लोगों की आस्था बढ़ी है। इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री को जाता है। 


 

महापौर ने लगाया ध्यान
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर महापौर हेमा देशमुख ने  ध्यान कर योग के महत्व से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सोंच के अनुरूप योग के जरिये हर किसी को स्वस्थ रखने के अभियान के तहत लोगों ने योग किया। उन्होंने कहा कि वैदिक शास्त्रों में भी योग की महत्ता दर्शायी गई है। जीवन में स्वस्थ रहने के लिए यह जरूरी है कि योग को लोग अपनाएं। इस बीच भाजपा पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने भी योग को अपनाने के उद्देश्य से योगासन किए। वहीं महापौर निवास में हिमानी वासनिक समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भी योग के जरिये ध्यान लगाए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news