छत्तीसगढ़ » राजनांदगांव
राजनांदगांव, 10 नवंबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देशानुसार पुलिस भर्ती सूबेदार, उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर के लिए दिग्विजय स्टेडियम में शारीरिक दक्षता के लिए प्रशिक्षण शिविर लगाया गया है। प्रशिक्षण शिविर 18 अक्टूबर से प्रारंभ किया गया है। जिसमें प्रात: 8 से 10 बजे तक 100 मीटर दौड़, 1500 मीटर दौड़, गोला फेंक एवं लंबी कूद का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के प्रभारी एवं स्टेडियम समिति के प्रबंधक रणविजय प्रताप सिंह ने बताया कि शिक्षा विभाग के व्यायाम निरीक्षक राजाराम देवांगन, देवेन्द्र सिंह ठाकुर, सुनिता ओड़मारिया एवं ममता मौर्य द्वारा यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में 40-50 किलोमीटर दूर से भी अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। इस दौरान उन्हें सुबह अंकुरित चना दिया जा रहा है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों (मतदाता सूची) का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 1 जनवरी 2022 कार्यक्रम का संचालन मतदान केन्द्र में बीएलओ द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत सभी पात्र मतदाताओं का नाम व्यापक रूप से जोडऩे एवं डुप्लीकेट मतदाताओं का नाम हटाने का कार्य किए जाएंगे। मतदान हेतु निर्धारित आयु 1 जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवक-युवती पंजीकरण हेतु पात्र होते हैं। नए मतदाताओं का पंजीकरण व मतदाता सूची में संशोधन व विलोपन संबंधित कार्य हेतु प्रत्येक मतदान केन्द्र में विहित अधिकारी बीएलओ बुथ लेबल अधिकारियों की सेवाएं ली जा रही है। बीएलओ अपने मूल दायित्वों के साथ-साथ आयोग के इस महत्वपूर्ण कार्य को मतदान केन्द्र में उपस्थित होकर संपादित कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर लॉग इन कर निर्वाचन संबंधी अन्य सूचनाएं व अपडेट्स भी प्राप्त कर सकते हंै। राष्ट्रीय मतदाता पोर्टल पर मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा के अतिरिक्त अन्य सेवाएं उपलब्ध है।
सुविधानुसार निकटतम लोक सेवा केन्द्र में भी आवेदन कर सकते हैं।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा अपने निवास क्षेत्र के मतदान केन्द्र में बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में नाम जोडऩे संशोधन व सुधार व मृत मतदाताओं का नाम सूची से हटाने हेतु आवेदन दे सकते हंै।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 1 जनवरी 2022 के कार्यक्रम अनुसार 14 एवं 21 नवंबर को विशेष शिविर के माध्यम से मतदान केन्द्रों में अभियान चलाया जाएगा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 नवंबर। एक दिसंबर से धान खरीदी प्रारंभ होने को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। इसके लिए कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में अन्य राज्यों से अवैध धान नहीं आने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही धान खरीदी केंद्रों में सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में समर्थन मूल्य में धान खरीदी की तैयारी के संबंध में अधिकारियों व परिवहनकर्ता की बैठक ली। कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि 1 दिसंबर से धान खरीदी प्रारंभ होगी। जिले के 139 धान खरीदी केन्द्रों में तैयारी पूरी होनी चाहिए। धान खरीदी की तैयारी के लिए चेक लिस्ट तैयार किया गया है। उसके अनुसार सभी व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। धान खरीदी केन्द्र में कांटा, बांट, समतलीकरण, बिजली, पानी, केप कव्हर तथा किसानों के लिए आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते तैयारी की जाए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अच्छी फसल होने के कारण अधिक मात्रा में धान आने की संभावना है। राजनांदगांव जिला महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश राज्य की सीमा से लगा हुआ है। सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखें। धान खरीदी केन्द्र में अन्य राज्यों से अवैध धान नहीं आना चाहिए। उन्होंने बार्डर के सभी चेक पोस्ट को सक्रिय करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चेक पोस्ट में 24 घंटे शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी रहनी चाहिए।
कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्थाओं के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण करें। धान खरीदी के पहले प्रमुख किसानों की बैठक आयोजित की जाए और धान खरीदी तैयारी के संबंध में अवगत कराई जाए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्र में धान खरीदी के लिए बारदाने की उपलब्धता कराई जाएगी। बारदाने की कमी होने पर किसान स्वयं के बारदाने में धान का विक्रय कर सकते हैं। किसानों द्वारा बारदाने की खरीदी पर शासन द्वारा किसानों को भुगतान किया जाएगा। इस दौरान परिवहनकर्ताओं ने धान परिवहन के दौरान होनी वाली दिक्कतों के बारे में अवगत कराया।
इस अवसर पर एसडीएम अरूण कुमार वर्मा, जिला खाद्य अधिकारी भूपेन्द्र मिश्रा, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सुनील वर्मा, जिला विपणन अधिकारी सौरभ भारद्वाज, परिवहनकर्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जुआ, सट्टा पर करें सख्त कार्रवाई, अपराधी होंगे जिलाबदर
राजनांदगांव, 10 नवंबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण ने कानून व्यवस्था एवं अपराध रोकथाम के मद्देनजर मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक ली। कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि कानून व्यवस्था में किसी तरह का व्यवधान नहीं होना चाहिए। जुआ, सट्टा पर सख्त कार्रवाई करें तथा अपराधिक व्यक्तियों को जिलाबदर करने की कार्रवाई करें।उन्होंने कहा कि एसडीएम एवं एसडीओपी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करें। अपराधियों में पुलिस का खौफ रहना चाहिए। आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का निराकरण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुस्त-दुरूस्त व्यवस्था होनी चाहिए। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के लिए समिति का गठन भी किया गया है। इस अवसर पर कलेक्टर एवं एसपी ने अनुविभाग स्तर पर समीक्षा की। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रज्ञा मेश्राम, जयप्रकाश बढ़ई, समस्त एसडीओपी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
राजनांदगांव, 10 नवंबर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद खरे और महामंत्री प्रदीप वर्मा की अनुशंसा पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोधकांत सहाय एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी संजीव श्रीवास्तव के अनुमोदन से अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय कार्यसमिति के सर्वसम्मत निर्णय से कार्यकारिणी समिति के अगले आदेश, मनोनयन अथवा चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने तक राजनांदगांव जिला अध्यक्ष के रूप में आदित्य श्रीवास्तव को मनोनीत किया गया।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने मनोनयन की विधिवत घोषणा की है। उनके मनोनयन पर समाज प्रमुखों ने शुभाशीष देते हुए बधाई दी। ज्ञात हो कि श्री श्रीवास्तव अतिरिक्त लोक अभियोजक के साथ ही पं. किशोरीलाल शुक्ल विधि महाविद्यालय में अतिथि प्राध्यापक के रूप में भी अपनी निरंतर सेवाएं दे रहे हैं।
जाति प्रमाण पत्र बनाने का कार्य हो सुगम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष थानेश्वर साहू ने मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन के नियमों का पालन करते अन्य पिछड़ा वर्ग के हित के लिए आवश्यक व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में बच्चों के लिए अच्छी व्यवस्था एवं सुविधाएं होनी चाहिए और इसकी समय-समय पर मॉनिटरिंग करें।
उन्होंने कहा कि छात्रावासों में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण के नियमों का पालन गंभीरता पूर्वक करें। उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण पत्र बनाने के कार्य सुगमतापूर्वक होना चाहिए और इस प्रक्रिया को सरलीकृत कर सकते हैं। जनसामान्य को जाति प्रमाण पत्र भटकना न पड़े, इसके लिए विशेष रूप से कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए क्रीमीलेयर के निर्धारित मापदंडों का पालन करें। उन्होंने विभागवार अन्य पिछड़ा वर्ग को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में समीक्षा की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य आरएन वर्मा, महेश चंद्रवंशी उपस्थित थे।
जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने बताया कि निजी डबरी के माध्यम से अन्य पिछड़ा वर्ग के 2 हजार 429 लोगों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने बताया कि मुर्गी पालन, पशुपालन, भूमिसुधार जैसी हितग्राही मूलक योजनाओं में अन्य पिछड़ा वर्ग को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में क्वांटीफायबल डाटा आयोग के लिए 94 प्रतिशत लोगों ने आवेदन किया है।
अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने बताया कि आयोग द्वारा शासन की योजना के अंतर्गत अन्य पिछड़ा वर्ग को मिलने वाले लाभ के संबंध में समीक्षा की जाती है। एसडीएम अरूण वर्मा ने बताया कि जाति प्रमाण पत्र बनाने में जनसामान्य रिकार्ड एवं दस्तावेज प्रस्तुत कर रहे हैं और किसी तरह की दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग से समन्वय करते 6वीं से 12वीं तक के जाति प्रमाण पत्र शीघ्र ही बनाएं जाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी एचआर सोम ने बताया कि शिविर लगाकर भी बच्चों के जाति प्रमाण बनाए गए हैं। महतारी दुलार योजना, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम योजना के अंतर्गत अन्य पिछड़ा वर्ग के बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि राजनांदगांव मुख्यालय में एक पोस्ट मैट्रिक पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास 50 सीटर संचालित है। महाप्रबंधक उद्योग विभाग ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत अन्य पिछड़ा वर्ग के 69 प्रकरणों को बैंक प्रेषित किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 29 लोग लाभान्वित हुए हैं।
कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रेणु प्रकाश ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग के 1 लाख 67 हजार बच्चे आंगनबाड़ी से लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री सुपोषण योजना एवं मातृ वंदन योजना से हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। उप संचालक पशुपालन डॉ. राजीव देवरस ने बताया कि बैक्यार्ड कुक्कुटपालन से 250 लोग लाभान्वित हुए हैं। इस अवसर पर सहायक अनुसंधान अधिकारी रायपुर अनिता देकाटे, अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ दिलीप कुर्रे एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
राजनांदगांव, 10 नवंबर। एनएसयूआई प्रदेश प्रभारी विशाल चौधरी एवं एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने राजनांदगांव एनएसयूआई के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सौरभ तिवारी को छग राज्य पर्यटन मंडल सदस्य निखिल द्विवेदी की अनुशंसा पर छत्तीसगढ़ एनएसयूआई द्वारा आयोजित कैम्पस चलो यात्रा का दुर्ग प्रभारी नियुक्त किया है।
मोदी सरकार के शिक्षा विरोधी फैसले कॉलेजों का निजीकरण और नई शिक्षा नीति के विरोध में देशभर में कैम्पस चलो यात्रा का अभियान छेड़ा गया है। इसके तहत छत्तीसगढ़ एनएसयूआई प्रदेश के सभी कॉलेज में छात्रों को जोडऩे कैम्पस चलो यात्रा का अभियान चला रही है। सौरभ तिवारी के इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ राज्य पर्यटन मंडल के सदस्य निखिल द्विवेदी, विप्लव शर्मा, विवेक बहादुर सिंह, राजा यादव, मिथिलेश बेहेकर, सुनील राय, अमर झा आदि ने बधाई दी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 नवंबर। कवर्धा में धर्म विशेष के झंडे को लेकर उपजे दंगे के बाद पुलिस कार्रवाई के विरोध में राजनंादगांव जिले के ग्राम पंचायतों से लेकर नगरीय निकाय वार्डों में बुधवार को सामूहिक रूप से हिन्दूवादी संगठनों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व प्रभारी मंत्री मो. अकबर का पुतला फूंका। भाजपा के नेताओं की मौजूदगी में शहर में भी विरोध स्वरूप पुतले जलाए गए। भाजपा नेताओं का आरोप है कि पुलिस की शह पर दूसरे समुदाय पर कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं सरकार के इशारे पर हिन्दूवादी संगठनों के लोगों को जेल भेजा गया है। कवर्धा में धर्मविशेष के झंडे को लगाने के बाद उपजे विवाद ने दंगे का रूप ले लिया था। तब से भाजपा कांग्रेस सरकार को लेकर हमलावर है।
आज स्थानीय जमातपारा में विश्व हिन्दू परिषद के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर का पुतला दहन किया गया।
नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने कहा कि कवर्धा में भगवा ध्वज को लेकर अपमान किया गया। इसमें हिन्दूवादी संगठन के कार्यकर्ता, राजनीतिक और गैर राजनीतिक लोगों पर पुलिस द्वारा जो कार्रवाई की गई है, ऐसे पुलिस पर कार्रवाई का विरोध किया जा रहा है। इसके विरोध में आज पूरे छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर का पुतला दहन किया जा रहा है, क्योंकि यह सब उनके इशारे में किया जा रहा है। यह मोहम्मद अकबर का विधानसभा क्षेत्र है। प्रदेश के हर वार्ड और प्रत्येक गांव में दोनों का पुतला दहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन तब तक चलेगा, जब तक कवर्धा के दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ प्रदेश सरकार द्वारा कार्रवाई नहीं की जाती।
गोलू सूर्यवंशी ने कहा कि कवर्धा में झंडा को लेकर उपजे विवाद में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार और मोहम्मद अकबर के दबाव में पुलिस कार्य कर रही है। इसके विरोध में भूपेश बघेल और मोहम्मद अकबर का पुतला दहन किया गया। पुतला दहन के दौरान तरूण लहरवानी समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
जिलेभर में अब त्वरित कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 नवंबर। सोशल मीडिया के जरिये अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम का गठन किया है। टीम का काम फेसबुक, वाट्सअप, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम समेत अन्य सिस्टम के जरिये अफवाह फैलाए जाने की स्थिति में सीधे कार्रवाई होगी। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया में कथित रूप से धार्मिक टिप्पणियों के मामले बढ़े हैं। जिसके चलते पुलिस ने एहतियातन टीम का गठन किया है। धार्मिक उन्माद फैलाने के उद्देश्य से ज्यादातर टिप्पणियों पर विवाद खड़ा हुआ है। पुलिस को अक्सर ऐसे मामलों में अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी के चलते राजनांदगांव एसपी डी. श्रवण ने मानपुर एसडीओपी लोकेश देवांगन को नोडल अधिकारी नियुक्त करते समूचे जिले के थानों में एक विशेष पुलिस कर्मियों की भी नियुक्ति की है।
मिली जानकारी के मुताबिक टीम में उप निरीक्षक आलोक साहू कोतवाली, सउनि हिम्मत यादव चिखली चौकी, उप निरीक्षक संजय नाग लालबाग, आरक्षक कीर्तन अहीर तुमड़ीबोड चौकी, आरक्षक मोहसीन खान बसंतपुर, आरक्षक रूपेन्द्र यादव सुरगी चौकी, उप निरीक्षक विनोद जाटवर सोमनी, आरक्षक परमेश्वर वर्मा खैरागढ़, प्र. आरक्षक आशुतोष सिंह चौकी जालाबांधा, आर. डामेन्द्र कौशिक छुईखदान, प्र. आर. रराजेश पाटले घुमका, प्र. आर. सुरेश राजपूत ठेलकाडीह, आर. रामेश्वर जंघेल गातापार, आर. लकेश्वर पटेल गंडई, आर. आनंद देवालय साल्हेवारा, सउनि महेन्द्र यादव मोहगांव, आर. चोवाराम नेताम बकरकट्टा, सउनि तुकराम बॉक डोंगरगढ़, प्र.आर. सियाराम धुर्वे चौकी मोहारा, आर. असवन वर्मा छुरिया, आर. लीलाधर मंडलोई चौकी चिचोला, प्र. आर. धर्मेन्द्र देशमुख चौकी जोब, उप निरीक्षक पीलूराम मंडावी बोरतलाव, आर. भुनेश्वर ध्रुव बागनदी, आर. सुशील राउत अं. चौकी, सउनि वेदराम चंद्रवंशी डोंगरगांव, आर. गोपाल ठाकुर मोहला, आर. मन्नू नेताम चिल्हाटी, प्र. आर. चंद्रेश सिन्हा गैंदाटोला, उनि अजीतत राजपूत मानपुर, आर. तीजउ कौशाल औंधी, आर. संतोष ठाकुर खडग़ांव, आर. कौशल कुमार सुधाकर सीतागांव, आर. हेमंत उर्वशा मदनवाड़ा एवं प्र. आर. हेमेन्द्र सिन्हा कोहका शामिल है।
केवल पूजा करने वाले ही लोग होंगे शामिल, बच्चे-बुजुर्गों को अनुमति नहीं
राजनांदगांव, 10 नवंबर। छठ पूजा स्थलों पर केवल पूजा करने वाले व्यक्ति ही लोग शामिल होंगे। वहीं छठ पूजा में किसी प्रकार के जुलूस, सभा, रैली का आयोजन नहीं करेंगे। छठ पूजा स्थलों में पान, गुटखा, इत्यादि खाकर थूकना प्रतिबंधित रहेगा।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कोरोना संक्रमण से नियंत्रण एवं रोकथाम को दृष्टिगत रखते 10 नवंबर को छठ पूजा के लिए आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि छठ पूजा स्थलों पर केवल पूजा करने वाले व्यक्ति ही शामिल होंगे। अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने की जिम्मेदारी आयोजन समितियों की होगी। छठ पूजा स्थलों पर प्रत्येक व्यक्ति के लिए मास्क/सोशल एवं फिजिकल डिस्टेंसिंग के मापदंडों का पालन तथा समय-समय पर सेनेटाईजर का उपयोग करना अनिवार्य होगा। छठ पूजा में किसी प्रकार के जुलूस, सभा, रैली का आयोजन नहीं करेंगे। छठ पूजा स्थलों में पान, गुटखा, इत्यादि खाकर थूकना प्रतिबंधित रहेगा। छठ पूजा में सुबह 6 से सुबह 8 बजे तक ही हरित (ग्रीन) पटाखे फोडऩे की अनुमति रहेगी। छठ पूजा स्थलों में किसी प्रकार के बाजार, मेला, दुकान इत्यादि लगाने की अनुमति नहीं होगी। छठ पूजा स्थलों में छोटे बच्चों एवं बुजुर्ग/ वृद्ध को जाने की अनुमति नहीं होगी। छठ पूजा में सम्मिलित होने वाले प्रत्येक व्यक्ति को कोविड का टीका लगा हुआ होना अनिवार्य होगा। नदी, तालाब के गहरे पानी में जाकर पूजा करने की अनुमति नहीं होगी। आयोजन में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा जारी मार्गदर्शी निर्देश के अनुरूप किया जाए। आदेश में निहित शर्तों के उल्लंघन करने पर एपीडेमिक डिसीज एक्ट, आपदा प्रबंधन अधिनियम एवं विधि अनुकूल अन्य धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो - 1
मेयर-आयुक्त ने लिया जायजा
छठ पर्व पर साफ -सफाई, विद्युत एवं अन्य व्यवस्था का जायजा लेने मंगलवार को महापौर हेमा सुदेश देशमुख एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी मोती तालाब पहुंचे। उन्होंने मोती तालाब के चारों ओर साफ-सफाई कर दवा का छिडक़ाव कर चूना लाइन डालने प्र्र. स्वास्थ्य अधिकारी अजय यादव को निर्देश दिए। इस दौरान गणेश पवार, विनय झा एवं ऋषि शास्त्री भी उपस्थित थे।
महापौर श्रीमती देशमुख एवं आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने स्वास्थ्य अधिकारी व स्वास्थ्य अमला से कहा कि मोती तालाब के चारो ओर साफ -सफाई कर किनारे की अनावश्यक झाडी काटे व दवा का छिडक़ाव करें, पचरी को साफ कर चूना लाईन डाले तथा कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराने पचरी में सामाजिक दूरी का पालन करने गोला बनाएं, ताकि पूजा करने वाले सामाजिक दूरी का पालन कर पूजा करें। साथ ही तालाब के आसपास विद्युत व्यवस्था भी दुरूस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। इसके अलावा चिखली तालाब के पास भी साफ -सफाई करने, दवा का छिडक़ाव कर चूना लाइन डालने व प्रकाश व्यवस्था दुरूस्त करने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि आगामी त्यौहारों और कार्तिक पूर्णिमा को ध्यान में रखते शहर में साफ-सफाई एवं मोहारा नदी सहित शहर के तालाबों जैसे रानीसागर, बूढ़ासागर के साथ-साथ अन्य तालाबों के आसपास साफ -सफाई व विद्युत व्यवस्था दुरूस्त करें।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 नवंबर। सूर्यदेव की उपासना का छठ पर्व सोमवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिन चलने वाले इस पर्व को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है। व्रत धारण करने वालों ने व्यापक तैयारियां की है।
पर्व के दौरान कल 10 नवंबर को शाम के समय सूर्यदेव को अघ्र्य दिया जाएगा। वहीं आगामी 11 नवंबर को उगते सूर्य की पूजा-अर्चना कर अघ्र्य दिया जाएगा। पर्व में पूजा-अर्चना के लिए तालाब किनारे की साफ-सफाई एवं साज-सजावट भी शुरू कर दी गई है।
इधर छठ पर्व को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है। बताया गया कि यह पर्व चार दिन तक चलता है। कार्तिक शुक्ल चतुर्थी से पर्व की शुरूआत हो चुकी है और सप्तमी को पर्व का समापन होगा। कार्तिक शुक्ल चतुर्थी को नहाय खास के साथ पर्व का आगाज हुआ। व्रत करने वालों ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी है। मंगलवार को पर्व के तहत खरना है। व्रत रखकर शाम के समय घरों में पकवान बनाकर प्रसादी का भोग कर प्रसादी ग्रहण करेंगे। इसके पश्चात 36 घंटे का निर्जला उपवास कर भगवान सूर्यदेव की उपासना की जाएगी।
10 को डूबते सूर्य को अघ्र्य
छठ पर्व के तीसरे दिन 10 नवंबर को शाम के समय सूर्यदेव को नदी-तालाबों में अध्र्य दिया जाएगा। इसके अलावा 11 नवंबर को अलसुबह भगवान सूर्यदेव को अघ्र्र्य देकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर घर परिवार की खुशहाली की कामना के साथ संतान के लिए मंगल कामना की जाएगी। इधर छठ पर्व को मनाने के लिए बाजार में पूजा सामग्रियों समेत अन्य सामग्रियों की खरीदी-बिक्री शुरू हो गई है।
साज-सजावट व सफाई शुरू
शहर के श्रीगणेश मंदिर के पीछे स्थित मोती तालाब किनारे पर्व को लेकर तैयारियां हो गई है। यहां पूजा-अर्चना के लिए विशेष साज-सजावट और साफ-सफाई का दौर शुरू हो गया है। वहीं स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। ज्ञात हो कि छठ पर्व के दौरान भगवान सूर्यदेव को अघ्र्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री गणेश मंदिर परिसर स्थित मोती तालाब पहुंचते हैं। यहां भक्ति गीतों के बीच विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान सूर्यदेव को अघ्र्य दिया जाता है। यहां मेला सा माहौल बना रहता है। इसके अलावा शहर के आसपास इलाकों में भी छठ पर्व पूजा की धूम रहती है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 नवंबर। मौसम के फेरबदल का असर लोगों के स्वास्थ्य पर दिख रहा है। मौसम के सर्दीले होते ही सर्दी-जुकाम के मामले बढ़े हैं। ज्यादातर घरों के लोग मौसमी बीमारी की गिरफ्त में है। वहीं गर्म कपड़ों की बिक्री भी बढ़ गई है।
सर्द हवाओं के कारण पिछले तीन दिनों से रात और दिन का तापमान लुढक़ गया है। शाम ढ़लते ही ठंडी हवाएं सर्दीले मौसम का अहसास करा रही है। पिछले चार दिनों से दिन की तुलना में रात का पारा निरंतर गिर रहा है। ठंडी हवाओं के कारण लोगों की सेहत पर विपरीत असर पड़ रहा है। औसतन हर घरों में कम से कम एक से दो लोग सर्दी, खांसी, बुखार से पीडि़त है। लिहाजा सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में लोग उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि नवंबर के दूसरे पखवाड़े के बाद ठंड का असर व्यापक रूप से दिखेगा। जिले के वनांचल क्षेत्रों में सर्द मौसम लगभग पैर पसार चुका है। शहरी इलाकों में भी ठंडी हवाओं के असर से सूर्य की तेज चूभन गायब हो गई है। दिन में भी लोगों को हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। इस बीच मौसम में फेरबदल के चलते सर्दी-खांसी के एवं बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। ठंड का सर्वाधिक असर बच्चों एवं बुजुर्गों में दिखाई देने लगा है। शहर के जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज समेत निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढऩे लगी है।
ठंड के असर से दिन में भी तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं रात के तापमान में गिरावट होने के साथ ही ठंडी हवाएं चल रही है। इससे अब लोग गर्म कपड़ों का उपयोग करने लगे हैं।
इधर शहर के बाजार में गर्म कपड़ों की दुकानें सज चुकी है। इसके अलावा ईमाम चौक स्थित फ्लाई ओवर के नीचे तिब्बती व्यापारी भी गर्म कपड़ों की दुकानें सजा रखी है। वहीं लोग गर्म कपड़ों की खरीदी करने भी पहुंचने लगे हैं। लोग ठंड से बचने स्वेटर, जैकेट, शॉल समेत अन्य गर्म कपड़ों की खरीदी करने बाजार पहुंच रहे हैं।
राजनांदगांव, 9 नवंबर। नगर के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों की सुविधा को ध्यान में रखते नगर निगम द्वारा प्रतिमाह पेंशन का भुगतान वार्डों में शिविर लगाकर किया जाता है। इसी कड़ी में हितग्राहियों को पेंशन भुगतान के लिए वार्डों में 28 अक्टूबर से 10 नवंबर तक सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत कल 10 नवंबर को वार्ड नं. 37 के लिए गंजपारा स्कूल, वार्ड नं. 38 के लिए पार्षद कार्यालय ब्राम्हणपारा व वार्ड नं. 39 के लिए सार्वजनिक भवन नागेश्वर मंदिर में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उक्त जानकारी देते नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों से वार्डों में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर लाभ लेने की अपील की है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 नवंबर। नगर निगम राजस्व वसूली के लिए सुनियोजित अभियान चलाने जा रहा है। निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बकाया राजस्व वसूली के लिए वार्ड प्रभारियों के साथ-साथ पूरी राजस्व टीम को वार्डवार शिविर के संबंध में कार्यक्रम निर्धारित कर लक्ष्य के अनुरूप वसूली कार्य संपादित करने के निर्देश दिए हैं। राजस्व शिविर के प्रभारी अधिकारी उपायुक्त सुदेश कुमार सिंह रहेंगे।
नगर निगम आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि वर्तमान में नगर निगम की राजस्व वसूली अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2021-22 में वैश्विक महामारी केारोना वायरस कोविड-19 संक्रमण के कारण निगम के राजस्व वसूली भी प्रभावित हुई है। उपरोक्त परिस्थिति को दृष्टिगत रखते छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम (भवन/भूमि) कि वार्षिक भाड़ा मूल्य अवधारण निगम 1997 की कंडिका 12 के अंतर्गत नगर पालिक निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को संबंधित भूमि भवनों के वार्षिक भाड़ा मूल्य के आधार पर सम्पत्ति/समेकितकर के निर्धारण तथा वसूली के लिए सुबह 10 से शाम 4 बजे तक 11 नवंबर से 10 दिसंबर तक प्रतिदिन वार्डों में चलाए जाने वाले इस अभियान के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को राजस्व वसूली का दायित्व सौंपा गया है, जो कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव हेतु शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करेंगे। शिविर में संपत्तिकर के साथ-साथ जल कर, समेकितकर, दुकान किराया/लायसेन्स/गुमटी एवं अन्य बकाया की वसूली की जाएगी।
आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि शिविर के प्रथम चरण में 11 से 18 नवंबर तक वार्ड नं. 32, 33 व 35 के लिए सामुदायिक भवन लखोली, वार्ड नं. 5, 6 व 10 के लिए चिखली स्कूल, वार्ड नं. 12 व 13 के लिए आयुर्वेदिक औषधालय स्टेशनपारा तथा वार्ड नं. 04 के लिए पंचायत भवन नया ढाबा में सुबह 10 से 4 बजे तक शिविर का आयोजन किया गया है। इसी प्रकार शेष वार्डों में भी वसूली के लिए शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से नगर निगम द्वारा आयोजित वार्ड शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने बकाया करों का भुगतान कर नगर विकास में सहभागी बनने की अपील की है।
पढ़ाई पूरी करने बच्चों को ट्यूशन पढ़ाया, सिक्योरिटी गार्ड भी बना
कलेक्टर से की मुलाकात, हरसंभव मदद का आश्वासन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 नवंबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा से सोमवार को जनदर्शन में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेन्स टेस्ट (नीट) में चयनित चोमन लाल ने मुलाकात की। कलेक्टर सिन्हा ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण मेडिकल परीक्षा में चयनित होने पर शुभकामनाएं दी।
उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते उन्होंने कहा कि उनकी यह उपलब्धि जिले के लिए गौरवपूर्ण है। ग्रामीण परिवेश से कठिन मेहनत कर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता अर्जित करना महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने शासन के नियमानुसार अध्ययन के लिए उनकी हरसंभव मदद करने की बात कही।
डॉक्टर बनने के जज्बे ने चोमन लाल को राह दिखाई। उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार अपनी कोशिश जारी रखी तथा 5वें प्रयास में उन्हें नीट की परीक्षा में सफलता मिली।
अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम मिरचे के चोमन लाल ने बताया कि 12वीं तक की पढ़ाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चिल्हाटी से की। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए कभी उन्होंने बच्चों को ट्यूशन पढ़ाया तो कभी सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्य भी किया। उन्होंने बताया कि वे डॉक्टर की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्टेम सेल में अध्ययन करना चाहते हैं। स्टेम सेल से संबंधित अनुसंधान में उनकी विशेष रूचि है।
अपने लक्ष्य के प्रति उनका ऐसा जुनून और संघर्ष युवाओं के लिए प्रेरक है। उन्होंने स्वयं घर में रहकर ही पढ़ाई की और नीट की परीक्षा में सफलता पाई।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, डिप्टी कलेक्टर टंकेश्वर प्रसाद साहू उपस्थित थे।
डेढ़ वर्ष बाद शुरू हुआ कलेक्टर जनदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 नवंबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने सोमवार को जनदर्शन में जिलेभर से आए जनसामान्य की समस्याओं को सुना और उनके निराकरण के लिए निर्देश दिए। जिससे लोगों को राहत मिली।
गौरतलब है कि कोविड-19 के कारण जनदर्शन डेढ़ वर्षों के बाद प्रारंभ हुआ। समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के लिए जनसामान्य दूर-दूर से आए थे।
वंदना प्रसन्न जैन ने अपने बेटे एवं बेटी के टीसी एवं अंकसूची निजी स्कूल से प्राप्त करने के लिए कलेक्टर को बताया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान उनके परिजनों की मृत्यु हो जाने से घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और वे अपने बच्चों का दाखिला शासकीय स्कूल में कराना चाहती है। कलेक्टर ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को टीसी तथा अंकसूची दिलाने के लिए निर्देश दिए।
अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम कहाडक़सा से आई कमडज़ीबाई ने बताया कि भूमिहीन मजदूर है और उन्होंने राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत आवेदन भी किया था, लेकिन उनका नाम अपात्र घोषित किया गया है। कलेक्टर ने उनके आवेदन के निराकरण के लिए तत्काल राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर लता उर्वशा को निर्देश दिए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर टंकेश्वर प्रसाद साहू उपस्थित रहे।
राजनांदगांव, 9 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष थानेश्वर साहू 10 नवंबर को सुबह 11 बजे डोंगरगढ़ पहुंचकर मां बम्लेश्वरी देवी दर्शन करेंगे।
पोषण के लिए आयुर्वेद का महत्व बहुत अधिक - डॉ. प्रज्ञा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 नवंबर। धन्वंतरी जयंती पर शासकीय आयुष पॉलीक्लिनिक चिखली में छठवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर हेमा देशमुख ने धनवंतरी की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
महापौर श्रीमती देशमुख ने कहा कि पोषण के लिए आयुर्वेद महत्वपूर्ण स्थान रखता है। छत्तीसगढ़ के स्थानीय भोज्य पदार्थ पोषण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी नागरिकों को इसका सेवन जरूर करना चाहिए। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. रमाकांत शर्मा ने विभाग के गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
डॉ. प्रज्ञा सक्सेना ने बताया कि पोषण के लिए आयुर्वेद का महत्व बहुत अधिक है। आयुर्वेद में अन्न को प्राण एवं महाभैषज्य कहा गया है। डॉ. सक्सेना ने पोषण के लिए गर्भिणी को गर्भावस्था में, बच्चे के जन्म के बाद सूतिका एवं धात्री को स्तनपान के लिए विभिन्न प्रकार के आहार सेवन करने के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने जन्म से 16 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोरी बालिकाओं के पोषण के विषय में बताया। इस दौरान आहार पोषण प्रदर्शनी में पोषण की महत्ता को बताने के लिए अलग-अलग भोज्य पदार्थ, छत्तीसगढ़ के पारंपरिक भोज्य पदार्थ एवं औषधियों को प्रदर्शित किया गया था।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मेश्राम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज मनकी प्रोफेसर डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव उपस्थित थे। संगोष्ठी में छत्तीसगढ़ आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज मनकी के छात्राओं ने उपरोक्त प्रदर्शनी मे सहभागिता की।
इस कार्यक्रम में रंगोली, फ्लैक्स आदि द्वारा पोषण के विषय में बताया गया। अन्य आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैशाली महाकालकर, डॉ. योगेश्वरी ठाकुर, डॉ. हर्षा बरईयां, डॉ. नरोत्तम नेताम, डॉ. दिनेश सोनी ने भी पोषण पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
शक्तिपीठ का 27वां स्थापना दिवस व दिवाली मिलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 9 नवंबर। गायत्री शक्तिपीठ का 27वां स्थापना दिवस समारोह व दीपावली मिलन समारोह गत् दिनों नगर में हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू ने कहा कि मनुष्य में देवत्व का उदय एवं धरती पर स्वर्ग अवतरण के गायत्री परिवार के उद्देश्य को हम सबको मिलजुलकर साकार करना है।
अध्यक्षता खुज्जी विधायक छन्नी चंदू साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी, विधायक प्रतिनिधि चंदू साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष विद्या ताम्रकार, उपाध्यक्ष रितेश मेश्राम, पार्षदगण अशोक वर्मा, साधना सिंह, मनीष बसोड, अविनाश कोमरे, शंकर निषाद, मुकेश सिन्हा, बिसन देवांगन, पटेल दामोदर शर्मा उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां गायत्री एवं परम पूज्जय गुरूदेव आचाय श्रीराम शर्मा व परम वंदनीय माता भगवतीदेवी शर्मा की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्जवलन से हुआ। शुभारंभ में शक्तिपीठ के बच्चों व छात्राओं ने अतिथियों के स्वागत में स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। समारोह में शक्तिपीठ के कोषाध्यक्ष मनोहर सिंह ठाकुर ने स्वागत प्रतिवेदन प्रस्तुतत किया। गायत्री परिवार के जिला समन्वयक प्रभात साहू ने गायत्री मिशन द्वारा संचालित क्रियाकलापों व योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
अतिथियों की ओर से ब्लॉक अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी व विधायक प्रतिनिधि चंदू साहू ने गायत्री शक्तिपीठ द्वारा संचालित सेवाभावी कार्यों की जानकारी देते नगर में गायत्री परिवार के योगदान को नमन किया। समारोह का संचालन प्राचार्य गौरीशंकर यादव व आभार ज्ञापन एमआर साहू ने किया।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के प्रमुख ट्रस्टी बच्चूलाल देवांगन, मनोहर सिह ठाकुर, तिलक यादव, बचनेष त्रिपाठी, लोकनाथ साहू, ओंकार देवांगन, सुकालूराम साहू, संतोष देवांगन, रामचंद महिलांगे, सुरेश ठाकुर, दयाराम मंडावी, चैतराम निषाद, सुरेन्द्र गुप्ता, रामधार यादव, मदनलाल, सगनूराम साहू, बालमुकुंद मंडावी, ललित साहू, प्रमोद ठलाल, राजिम यादव, मंटोरा ठाकुर, पार्वतीदेवी खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र से आए गायत्री परिवार के परिजन उपथित थे।
मिशन का कार्य वंदनीय
समारोह में डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू ने कहा कि गायत्री परिवार ही एक ऐसी संस्था है, जो मानवीय मूल्य के संरक्षण व संवर्धन की दिशा में लोकहित के उद्देश्यों को लेकर कार्य कर रही है। गायत्री परिवार का मिशन पवित्र व वंदनीय है। यह संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणीय व कल्याणकारी है। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार का उद्देश्य मनुष्य में देवत्व का उदय व धरती में स्वर्ग का अवतरण से जुड़ा हुआ है। हम सभी को इस पवित्र उद्देश्य को सफल बनाने व अपना जीवन का कल्याण करने के लिए इसमें जुडक़र कार्य करना चाहिए।
राजनांदगांव, 8 नवंबर। बसंतपुर वार्ड नं. 46 निवासी केवलदास मेश्राम (67 वर्ष) का रविवार शाम को निधन हो गया। वह कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। रविवार देर रात को हृदयघात के चलते उनका आकस्मिक निधन हो गया। स्व. मेश्राम वार्ड नं. 46 बौद्ध समाज समिति के अध्यक्ष थे।
स्व. मेश्राम अपने पीछे तीन पुत्र छत्तीसगढ़ भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन मेश्राम, राजनांदगांव प्रेस क्लब उपाध्यक्ष व दैनिक ‘छत्तीसगढ़’ के ब्यूरोचीफ प्रदीप मेश्राम एवं शहर कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री प्रवीण मेश्राम (दद्दू) समेत एक पुत्री व नाती-पोतों का भरापूरा परिवार छोड़ गए। सोमवार को दोपहर बाद उनकी अंत्येष्टि स्थानीय मुक्तिधाम में की गई।
इससे पहले उनकी शवयात्रा में शहर के राजनीतिक और गैर राजनीतिक वर्ग के लोग शामिल हुए। प्रमुख रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता लीलाराम भोजवानी, जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव, युवा आयोग अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, पूर्व महापौर सुदेश देशमुख, पूर्व संसदीय सचिव कोमल जंघेल, भाजपा नेता सचिन बघेल, हफीज खान, नीलू शर्मा, भरत वर्मा, चंद्रिका डडसेना, मोटी भाटिया, पत्रकार अतुल श्रीवास्तव, खम्मन साहू, बिसेसर साहू, डोंगरगढ़ शहर कांग्रेस अध्यक्ष संजीव गोमास्ता, विनय झा, ऋषि शास्त्री, शरद पटेल, किशुन यदु, अरविन्द्र वर्मा, पूर्व निगम अध्यक्ष शिव वर्मा, रूबी गरचा, नत्थू भाटिया डोंगरगढ़ समेत अन्य लोग शामिल थे।
विधायक छन्नी की पहल पर मिला पट्टा, हितग्राहियों को पर्व में मिली दोहरी खुशी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 8 नवंबर। नगर के राजेश नगर वार्ड 4 व 3 में रहने वाले झुग्गी इलाके के डेढ़ दर्जन परिवारों के लिए इस वर्ष की दीपावली बड़ी खास रही। पर्व से दो दिन पहले इन दोनों वार्ड में रहने वाले डेढ़ दर्जन परिवारों को खुज्जी विधायक छन्नी चंदू साहू की पहल पर राजीव गांधी आश्रय योजना के तहत मकान का पट्टा प्रदान किया गया। त्यौहार से पहले इन गरीबों को उनके मकानों का पट्टा मिलने से हितग्राहियों की खुशी दोगुनी हो गई। लाभान्वित परिवारों ने अपने-अपने मकानों का मालिकाना हक प्राप्त होने पर स्थानीय विधायक एवं जिला प्रशासन का आभार ज्ञापित किया।
ब्लॉक मुख्यालय में आईटीआई गार्डन मार्ग में सडक़ किनारे कच्चा मकान बनाकर निवासरत डेढ़ दर्जन परिवार पिछले दो वर्ष से पट्टा का इंतजार कर रहे थे। यह परिवार वर्ष 2019 में अक्टूबर में हुए पट्टा वितरण कार्यक्रम में अपने-अपने मकानों का मालिकाना हक प्राप्त करने से वंचित हो गए थे, तब से वे लगातार पट्टा प्राप्त करने के लिए प्रयास कर रहे थे, लेकिन कार्यक्रम में अपने-अपने मकानों का मालिकाना हक प्राप्त करने से वंचित हो गए थे, तब से वे लगातार पट्टा प्राप्त करने के लिए प्रयास कर रहे थे, लेकिन इन्हें पट्टा मिल नहीं पा रहा था। हितग्राहियों ने अपनी समस्याओं व परेशानियों से क्षेत्रीय विधायक छन्नी चंदू साहू व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी को अवगत कराते छग शासन के राजीव गांधी आश्रय योजना के तहत पट्टा दिलाने की मांग की।
ब्लॉक अध्यक्ष मानिकपुरी की पहल पर विधायक श्रीमती साहू ने मुद्दे को गंभीरता से लेते जिला प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा कर पट्टा से वंचित परिवारों को शासन की योजना के तहत पट्टा दिलाने के निर्देश दिये थे। इसके बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों ने धनतेरस पर्व पर नगर के डेढ़ दर्जन परिवारों को विधायक श्रीमती साहू के हाथों पट्टा प्रदान किया।
योजना से लाभान्वित हुए इन परिवारों ने कहा कि वे वर्षों से कच्चा मकान बनाकर रहे थे, लेकिन पट्टा नहीं होने के कारण वे अपने मकानों को न तो पक्का बना पा रहे थे और न ही उन्हें प्रधनमंत्री आवास की सुविधा मिल पा रही थी, लेकिन विधायक श्रीमती साहू व ब्लॉक अध्यक्ष मानिकपुरी के प्रयास से उन्हें अपने मकान का मालिकाना हक प्राप्त हो गया है।
पट्टा वितरण कार्यक्रम के दौरान एसडीएम मोहला, तहसीलदार व नगर पंचायत के पार्षद अविनाश कोमरे, पार्षद शंकर निषाद, पार्षद मनीष बंसोड, पार्षद मुकेश सिन्हा, पार्षद शीतल भुआर्य, पूर्व पार्षद जयलाल सिन्हा, अंजू सिन्हा, एल्डरमेन प्रमोद ठलाल, गोलू कुरैशी, अनिल महोबिया, छगन बंजारे सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।
छूटे हुए परिवारों को भी मिलेगा जल्द से जल्द पट्टा
पीडि़त परिवारों ने विधायक श्रीमती साहू व ब्लॉक अध्यक्ष मानिकपुरी से शासन की योजना के तहत पट्टा दिलाने की मांग की है। बताया जाता है कि नगर के वार्ड 3, 4 व 6 में कई परिवार ऐसे हैं, जिनको अस्थाई पट्टा देने के लिए वर्ष 2019 में सहमति तो बनी थी, लेकिन पट्टा खत्म होने व आचार संहिता लग जाने के कारण इन्हें पट्टा नहीं मिल पाया। ऐसे दो दर्जन परिवार अभी भी पट्टा की बाट जोह रहा है।
नवीनीकरण करने की मांग भी उठी
पट्टा वितरण कार्यक्रम में नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष अविभाजिम मध्यप्रदेश के समय दिए गए पट्टा के नवीनीकीरण की मांग भी उठाई। श्री मानिकपुरी ने एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों को बताया कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस के दिग्विजय सिंह कार्यकाल में वार्ड 7, 6, 5 व वार्ड 4 के झुगगी इलाकों के परिवारों को पट्टा प्रदान किया गया था। यह पट्टा 25-25 वर्षों के लिए प्रदान किया गया था, जो कि समय सीमा गुजर जाने के बाद पट्टा कालातित हो गया है।
ऐसे परिवारों के मकानों के पट्टा का नवीनीकरण कराने की मांग की गई। साथ ही इन वार्डों में छूटे हुए लोगों को भी पट्टा प्रदान करने की मांग रखी गई।
दो किसानों को लाखों का नुकसान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 8 नवंबर। ग्राम विचारपुर ठाकुरबांधा में रविवार दोपहर कोठार में रखी धान की 6 खरही में आग लग गई। आग को काबू करने में ग्रामीणों ने एकजुट होकर पूरा प्रयास किया, जिससे कोठार में रखे अन्य धान की खरही को बचाया जा सका, पर धान के 6 खरही में आग लग जाने से दो किसानों को लाखों की क्षति का सामना करना पड़ा है। दमकल की मदद से आग में पूरी तरह काबू पाया गया।
घटना के समय गांव के बच्चे कोठार के आसपास ही खेल रहे थे। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, पर आग को काबू करने के लिए ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों से पानी लेकर किसी तरह आग को फैलने से रोका। घटना की सूचना मिलते ही अंबागढ़ चौकी से फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचकर आग को पूरी तरह काबू में किया।
ठाकुरबांधा मेें पंचायत सचिव विष्णुराम अंबादे के घर के पीछे कोठार में रजन सिंह चंद्रवंशी व पंचराम चंद्रवंशी की तीन-तीन धान की खरही में आग लग गई। आगजनी से इन दोनों किसानों को लाखों की क्षति का सामना करना पड़ा। पीडि़त किसानों ने शासन से मुआवजा देने की मांग की है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 नवंबर। खैरागढ़ विधायक देवव्रत सिंह के आकस्मिक निधन पर जिला भाजपा नेताओं ने श्रद्धांजलि व्यक्त करते इसे राजनांदगांव के लिए बेहद दुखद बताया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने देवव्रत सिंह को अपने परिवार का सदस्य बताते उनके निधन पर गहरा दुख प्रकट करते कहा कि उन्होंने शान एवं उसूलों की राजनीतिक जीवन यात्रा पूरी की। उनके निधन से उन्हें गहरा आघात लगा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख, लीलाराम भोजवानी, अशोक शर्मा, संतोष अग्रवाल ने भी देवव्रत सिंह के निधन को आकस्मिक बताते ईश्वर से प्राथना की कि उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।
भाजपा जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव, महामंत्री सचिन बघेल, दिनेश गांधी ने भी अपने संयुक्त वक्तव्य में देवव्रत सिंह के निधन पर श्रद्धासुमन अर्पित करते कहा कि देवव्रत सिंह ने सदैव ही राजनीतिक शुचिता एवं उसके नैतिक मूल्यों का ईमानदारी से पालन किया और अपने मान-सम्मान के साथ-साथ खैरागढ़ की जनता की भी सेवा की। ऐसे नेता का समय से पूर्व अचानक यूं चले जाना राजनांदगांव के लिए राजनीतिक क्षति हुई है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 नवंबर। तीरंदाजी खेल के कोच हीरूराम साहू ने तीरंदाजी खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को तीरंदाजी खिलाडिय़ों और कोच हीरूराम साहू ने कलेक्टर श्री सिन्हा को ज्ञापन सौंपते कहा कि सिंघोला गांव में विगत एक साल से तीरंदाजी के खिलाड़ी राज्य स्तर एवं राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर में छग का प्रतिनिधित्व लगातार कर रहे हैं और मेडल जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में शालेय स्तरीय राज्य तीरंदाजी प्रतियोगिता में 4 स्वर्ण पदक, एक कांस्य पदक और एक रजत पदक के साथ कुल 6 पदक जीते हैं। इसके अलावा भी राष्ट्रीय स्तर पर सिंघोला के दो बार मेडल ला चुके हैं और इंडोर तीरंदाजी प्रतियोगिता में भी चीन में हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने कलेक्टर से 25 नग बोड, 50 नग इंडियन धनुष, 10 नग रिकर्व धनुष, 500 नग इंडियन तीर, 200 नग रिकर्व तीर एवं 25 नग स्टेंड बोर्ड की मांग की।
जमानत के बाद रिहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 नवंबर। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालबाग पुलिस ने रविवार देर शााम को शहर से लगे पुराना ढाबा क्षेत्र में लगभग दो दर्जन जुआरियों को लाखों रुपए के फड़ के साथ धरदबोचा। पुलिस ने जुआरियों के पास से नगदी रकम, 52 पत्ती ताश एवं वाहन भी जब्त किए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 13 जुआ एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया था। जमानत के बाद जुआरियों को छोड़ दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार पुराना ढ़ाबा में जुआ का बड़ा फड़ जमने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दबिश दी। लालबाग थाना प्रभारी शिवेन्द्र सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापामार कार्रवाई करते 23 जुआरियों को हिरासत में लिया था। बताया जाता है कि आरोपियों के पास से लगभग 6 लाख 18 हजार रुपए नगद सहित ताशपत्ती भी बरामद की गई थी। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया था। आरोपियों के खिलाफ 13 जुआ एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया था। जमानत के बाद आरोपियों को छोड़ दिया गया।