छत्तीसगढ़ » राजनांदगांव
कलेक्टर से हस्तक्षेप करते कार्रवाई की रखी मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 नवंबर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश महासचिव एवं कोर कमेटी सदस्य नवीन अग्रवाल ने सोमवार को सिविल सेवा आचरण को ताक में रखकर जिला आबकारी विभाग द्वारा शराब तस्करों से जब्त राजसात वाहनों का दुरूपयोग करना व कबूल करने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग की।
श्री अग्रवाल ने कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा को ज्ञापन के माध्यम से बताया कि गत् 20 अक्टूबर को सहायक आयुक्त जिला आबकारी विभाग राजनांदगांव को ज्ञापन सौंपकर विभागीय सिपाही ओमप्रकाश सिन्हा जो कि शराब तस्करों से जब्त वाहन का दुरूपयोग करते पाया गया, जिस पर कार्रवाई करने का निवेदन कर ज्ञापन सौंपा गया था। इस संबंध में सहायक आयुक्त जिला आबकारी विभाग राजनांदगांव द्वारा पत्र में सिविल सेवा आचरण को ताक में रखकर शाराब तस्करों से जब्त वाहनों का दुरूपयोग करने कबूल किया गया। राजसात वाहनों के उपयोग की अनुमति का नियमानुसार अधिकार कलेक्टर और आबकारी आयुक्त को ही होता है, तो किस अधिकार से सक्षम और योग्य अधिकारी की अनुमति बगैर सहायक आयुक्त जिला आबकारी विभाग राजनांदगांव द्वारा राजसात वाहनों के उपयोग की अनुमति विभागीय कर्मचारियों को दी गई है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि शराब तस्करों को पकडऩे में सुस्त आबकारी विभाग यदा-कदा तस्करी मामलों में जब्त किए चार पहिया वाहनों को विभाग के सिपाहियों द्वारा बेधडक़ नियम कानून को ताक में रखकर किया जा रहा है। एक सफेद रंग की बिना नंबर वाली डिजायर कार जिसे विभाग द्वारा पूर्व में शराब तस्करी मामले में जब्त किया गया था, जिसे 16 अक्टूबर को राजनांदगांव से चिचोला आबकारी विभाग के सिपाही ओमप्रकाश सिन्हा द्वारा अपने गृहग्राम चिचोला ले जाया गया था और इसी सिपाही द्वारा 12 अक्टूबर को दोपहर 3 से 4 बजे के बीच जिला जेल राजनंादगांव में इसी वाहन के साथ जाना हुआ। विभाग के सिपाही राज्य के सीमावर्ती ग्राम चिचोला निवासी होने के कारण वो महाराष्ट्र व मध्यप्रदेश की अवैध शराब तुमड़ीबोड से चिचोला बाघनदी के ढ़ाबों में बिकवाता है। जिसको आबकारी विभाग के आला अधिकारियों द्वारा संरक्षण प्राप्त है। इस वजह से राजवाहन का उपयोग करने पर भी उस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कुछ वर्ष पूर्व ओमप्रकाश सिन्हा चिचोला थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र क अवैध शराब तस्करी मामले में भी गिरफ्तार हुआ था। जिसका अपराधिक रिकार्ड रहा है।
उन्होंने कलेक्टर से मांग करते कहा कि इस मामले में शामिल आबकारी विभाग के कर्मचारी ओमप्रकाश सिन्हा और राजसात वाहनों को चलाने की अनुमति देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर सडक़ पर आंदोलन के अलावा न्यायालय की शरण में जाएंगे।
7 गोल्ड, 2 सिल्वर व 4 ब्राउंस मेडल जीता संभाग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 नवंबर। चार दिवसीय 21वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन कोंडागांव में हुआ। प्रतियोगिता में 5 संभाग दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर के खिलाड़ी हिस्सा लिए। प्रतियोगिता तीरंदाजी, टेनिस बॉल क्रिकेट, टेबल टेनिस के लिए आयोजित किया गया था।
जनरल मैनेजर मो. जावेद कुरैशी के साथ कोच के रूप में तीरंदाजी अंतरराष्ट्रीय कोच हीरू साहू, उमेश बघेल, युगल कुमार साहू ने दुर्ग संभाग टीम की अगुवानी की। जिसमें दुर्ग संभाग ने तीरंदाजी प्रतियोगिता में अपनी बेहतरीन प्रदर्शन करते 7 गोल्ड, 2 सिल्वर, 4 ब्राउंस मेडल जीतकर सर्वाधिक मेडल प्राप्त किए। इसी प्रकार अन्य खेल टेनिस बाल क्रिकेट, टेबल टेनिस की टीम व्यायाम शिक्षक पी. नागेश्वर राव, मोहित साहू, राजेंद्र साहू, टुमन देवांगन, परिवेश ठाकुर, राजेंद्र हलवाई, रंजीता दास, आडीला खानम ने टीम की अगुवानी की।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि राज्यपाल द्वारा कर्मयोगनी सम्मान से सम्मानित बालिका राजेश्वरी पटेल, केशकाल विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतराम नेताम, नारायणपुर विधायक एवं हस्तशिल्प कला बोर्ड अध्यक्ष चंदन कश्यम थे। विशिष्ट अतिथि अर्जुन अवार्डी, एशियन गेम्स मेडलिस्ट मंगल सिंह चांपिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भगवती पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रेमप्रकाश शर्मा, एसडीएम गौतम चंद पाटिल, डीईओ राजेश मिश्रा, डीएमसी महेंद्र पांडे उपस्थित थे।
दुर्ग संभाग ने जीता सर्वाधिक मेडल
समारोह में दुर्ग संभाग से मेडल जीतने वाले खिलाडिय़ों को मेडल पहनाकर एवं पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया। जिसमें अंडर-14 इंडियन राउंड बालक में संतोष साहू गोल्ड, चित्रांश साहू सिल्वर, रिकर्व राउंड बालक में पूर्व कुमार साहू ब्राउंस, रिकर्व बालिका में सोम्या साहू गोल्ड, अंडर-17 इंडियन राउंड बालिका में हर्षिता साहू गोल्ड, कंपाउंड बालिका में अंकिता मौर्य सिल्वर, अंडर-19 इंडियन राउंड बालिका में क्षमा पिसदा गोल्ड, माया बघेल ब्राउंस, रिकर्व बालक में योगेन्द्र निर्मलकर गोल्ड, कंपाउंड बालक में ओम बघेल गोल्ड, पूरन चंद ब्राउंस, बालिका में आरती यादव ब्राउंस मेडल जीते।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 नवंबर। पूर्व सांसद व खैरागढ़ विधायक देवव्रत सिंह के असमय निधन पर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण एवं शहर कांग्रेस ने शोक जताया है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता रुपेश दुबे ने बताया कि देवव्रत सिंह के निधन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने शोक संवेदना व्यक्त करते श्रद्धासुमन अर्पित की। अंत्येष्टि में शामिल वरिष्ठ मंत्री रविन्द्र चौबे ने देवव्रत सिंह को एक विलक्षण प्रतिभा के धनी व्यक्तित्व निरूपित किया।
प्रदेश महामंत्री शाहिद भाई ने देवव्रत सिंह के निधन पर छग व भारतीय राजनीति का ध्रुव तारा अस्त होना कहा। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष पदम सिंह कोठारी व शहर अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने शोक संवेदना व्यक्त की।
देवव्रत सिंह के निधन पर मंत्री कवासी लखमा, विधायक विकास उपाध्याय, विधायक प्रमोद शर्मा, विधायक छन्नी चंदू साहू, विधायक धर्मजीत सिंह, पंकज शर्मा, श्रम कल्याण बोर्ड के सदस्य शरीक रईस खान, योगेश्वर राज सिंह, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हफीज खान, धनेश पाटिला, इंद्रशाह मंडावी, दलेश्वर साहू, भुवनेश्वर बघेल, छन्नी साहू, गिरवर जंघेल, जितेंद्र मुदलियार, शाहिद भाई, थानेश्वर पाटिला, नवाज खान, श्रीकिशन खंडेलवाल, महापौर हेमा देशमुख, कमलजीत पिंटू, हरिनारायण धकेता, अलालीराम यादव, रमेश राठौर, सुदेश देशमुख, शशिकांत अवस्थी, मनीष निर्मलकर, रमेश खंडेलवाल, गुलाब वर्मा, मोती साहू, गोवर्धन देशमुख, महेंद्र यादव, अशोक फडऩवीस, प्रवीण मेश्राम, राजकुमारी सिन्हा, आसिफ अली, सूर्यकांत जैन, मेहुल मारू, सिद्धार्थ डोंगरे आदि ने शोक व्यक्त की।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय राजनांदगांव के पुनर्विकसित भवन का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक मुम्बई के मुख्य महाप्रबंधक मिहिर नारायण पी. मिश्रा और छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष आईके गोहिल शामिल हुए।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 नवंबर। जिले में शराब कोचियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 6 नवंबर को पुलिस ने एक आरोपी से 21 पौवा महाराष्ट्र राज्य निर्मित संत्री देशी शराब को जब्त कर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार अंबागढ़ चौकी थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े को ग्राम जंतरगुडरा के लोगों से सूचना मिली कि जंतरगुडरा का वासुदेव सलामे अपने घर के सामने महाराष्ट्र निर्मितत संत्री-संत्रा शराब रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने रेड कार्रवाई की। आरोपी के कब्जे से एक नायलोन थैला में 19 नग संत्री देशी शराब व 2 नग संत्रा देशी शराब कुल जुमला शराब 3.780 बल्क लीटरर कीमती 1260 रुपए को जब्त किया गया। आरोपी वासुदेव सलामे का कृत्य अपराध सदर धारा 34(ए) आबकारी एक्ट का घटित करना पाए जाने से आरोपी को गिरफ्तार कर मामला जमानती होने से जमानत मुचलका पर रिहा किया गया।
राजनांदगांव, 7 नवंबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को तीसरी किस्त में मिली राशि के आहरण में दिक्कत न हो इसके लिए सभी एसडीएम को बैंक में व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर लगातार बैंक का दौरा कर व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा एक नवंबर को राशि अंतरण के बाद काफी बड़ी संख्या में किसानों को राशि मिली है। देर रात तक इसके लिए कार्य किया जा रहा है। इस दीपावली पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत तीसरी किस्त की राशि जिले के एक लाख 86 हजार 475 किसानों के खाते में 123 करोड़ 90 लाख रुपए की राशि अंतरित की थी। राज्योत्सव से अब तक किसानों ने 72 करोड़ 78 लाख रुपए की राशि अंतरित की है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव द्वारा 26 शाखाओं के माध्यम से वितरण किया गया। जिले के किसानों में दीपावली के समय यह राशि मिलने से हर्ष व्याप्त रहा। शनिवार को अधिकांश किसानों ने राशि के आहरण के लिए एटीएम कार्ड का उपयोग किया।
गोटाटोला-पाटनवासड़ी में थाना बनाने का प्रस्ताव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 नवंबर। राजनांदगांव जिले से पृथक होकर मोहला-मानपुर को नया जिला का दर्जा मिलने के बाद राजस्व और पुलिस महकमे में सीमाओं की स्थिति लगभग साफ हो गई है। नक्सल क्षेत्र मोहला-मानपुर में राजस्व से ज्यादा पुलिस महकमे की स्थिति सबकी नजर जमी हुई है। लिहाजा नए जिले के रूप में अस्तित्व में आने पर मोहला-मानपुर में करीब दर्जनभर थाने होंगे। वहीं कुछ नए थाने में बनाए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक नए जिले में वर्तमान में 12 थाने शामिल किए गए हैं। जिसमें 3 पुलिस अनुभाग के अंतर्गत थानों का सरहद तय किया गया है। नए जिले में सबसे महत्वपूर्ण अंबागढ़ चौकी, मोहला और मानपुर थाने होंगे। दर्जनभर थानों में ज्यादातर नक्सल क्षेत्र के थाने होंगे। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक हल्के में दर्जनभर थानों को एक जिले के लिए पर्याप्त संख्या माना जाता है। छत्तीसगढ़ के कई जिले ऐसे भी हैं, जहां 7 से 8 थाने है। करीब दो साल पहले अस्तित्व में आए गौरेला-पेंड्रा-मारवाही जिले में गिनती के तीन थाने रहे। ऐसे में मोहला-मानपुर की स्थिति इन जिलों से अलग है। मुंगेली जिले में भी थानों की संख्या सीमित है। मोहला-मानपुर में कुछ और नए थाने बनाए जाने के प्रस्ताव को स्थानीय स्तर से सरकार को भेजे गए हैं। सूत्रों का कहना है कि गोटाटोला और पाटनवासड़ी को भी थाना बनाए जाने की संभावना दिख रही है। राज्य सरकार ने ही दोनों को थाना का दर्जा देने संबंधित प्रस्ताव मांगे हैं। नए जिले के अस्तित्व में आते ही नए थाने भी खुलेंगे। इसके अलावा यातायात, महिला सेल, अनुसूचित जाति-जनजाति थानों को भी मंजूरी दी जाएगी। इस तरह नए जिले में लगभग दर्जनभर थाने होंगे।
नए ओएसडी पोस्टिंग के आसार
राज्य के प्रशासनिक नक्शे में मोहला-मानपुर का बतौर जिला एक जनवरी से अस्तित्व में आने की पूरी संभावना है। सरकार जल्द ही ओएसडी के रूप में नए अफसरों की पोस्टिंग कर सकती है। माना जा रहा है कि इसी माह ओएसडी के तौर पर नियुक्ति हो सकती है। नए जिले के अस्तित्व में आने से पूर्व कम से कम दो माह ओएसडी काम करेंगे। प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था के मद्देनजर सरकार अफसरों को पदस्थ कर सकती है। मिली जानकारी के मुताबिक कलेक्टर और एसपी की पोस्टिंग के लिए प्रशासनिक हल्के में काफी उठापटक चल रही है। खासकर पुलिस कप्तान बनने के लिए डायरेक्टर और प्रमोटी आईपीएस के बीच रेस चल रही है। नक्सल क्षेत्र होने के कारण इस बात की पूरी संभावना चल रही है कि युवा आईपीएस को जिले की कमान मिल सकती है।
खैरागढ़-खुज्जी विस में दिखने लगा असर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 नवंबर। खैरागढ़ विधायक देवव्रत सिंह और खुज्जी के पूर्व विधायक रजिंदरपाल सिंह भाटिया के असमय दुनिया छोड़ जाने के बाद राजनांदगांव जिले की सियासी समीकरण बदल गई है। दोनों के अचानक निधन के बाद से उनके क्षेत्रों में राजनीतिक रूप से व्यापक असर दिख रहा है। दोनों की गिनती दमदार नेताओं में होती थी। देवव्रत ने लंबे समय तक कांग्रेस से खैरागढ़ विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया। जबकि भाटिया भाजपा में रहते तीन बार विधायक रहे। खैरागढ़ विधानसभा के पिछले चुनाव में देवव्रत ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के बैनर तले जीत हासिल की। हालांकि अघोषित रूप से वह कांग्रेस से जुड़े रहे। जनता कांग्रेस में रहते हुए उन्होंने कांग्रेस सरकार से रिश्ता बना लिया था।
देवव्रत सिंह 52 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए। खैरागढ़ विधानसभा से वह 4 बार विधायक चुने गए। जिले की राजनीति में देवव्रत सिंह एक प्रभावशाली राजनीतिज्ञ रहे। उनकी वाकपटुता और संवाद की शैली से हर कोई प्रभावित रहा। उनके निधन के बाद से खैरागढ़ की सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। खैरागढ़ विधानसभा की राजनीतिक गतिविधियों को दशा और दिशा देने के लिए एक काबिल नेता की जरूरत महसूस की जा रही है। माना जा रहा है कि देवव्रत का स्थान लेने के लिए कांग्रेस से लंबी फेहरिस्त है।
राजनीतिक रूप से खैरागढ़ विधानसभा जिले का सबसे चर्चित रहा है। राजघराने की सियासत के चलते समूचे देश में देवव्रत और उनके पूर्वजों की एक अच्छे संबंध रहे हैं। इस बीच खुज्जी विधानसभा के दमदार नेता रहे रजिंदरपाल सिंह भाटिया का भी दुनिया से चले जाना एक बड़े राजनीतिक नुकसान के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा के केंद्र बिन्दु रहे भाटिया एक जमीनी नेता थे। उनकी पकड़ आम लोगों के बीच बेहद मजबूत रही। भाटिया ने 2013 के विधानसभा में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर साबित भी किया था। उन्होंने अपने बूते भाजपा को तीसरे स्थान में ढकेल दिया था। न सिर्फ पार्टी के भीतर, बल्कि गैर भाजपाई भी भाटिया को एक मजबूत सख्शियत मानते थे। उनके गुजरने के बाद से खुज्जी विधानसभा में नेतृत्व को लेकर नए समीकरण बन रहे हैं।
भाजपा के कई बड़े नेता खुज्जी विधानसभा में पैर जमाने के लिए जोर लगा रहे हैं। यह भी चर्चा है कि भाटिया के सुपुत्र जगजीत सिंह भी सियासी मंसूबे लिए आम लोगों से मेल-मुलाकात कर रहे हैं। देवव्रत और भाटिया के आकस्मिक निधन से खैरागढ़ और खुज्जी विधानसभा की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही है।
तत्कालिन अधीक्षक मेश्राम का बयान में षडयंत्र का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 नवंबर। राजनांदगांव जिला जेल में करीब छह साल पहले हुए फर्जी राशन सप्लाई के मामले की फाईल एक बार फिर खुल गई है। वहीं प्रकरण में राज्य सरकार ने फौरी कार्रवाई करते तत्कालिन जेल अधीक्षक जेएल मेश्राम को निलंबित कर दिया था। 20 फरवरी 2015 को एक बांस निर्मित सुपा-टोकनी कारोबारी के बिल के जरिये राशन सप्लाई किए जाने के मामले में जेल प्रशासन ने मेश्राम को निलंबित कर दिया था। राज्य सरकार के एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ मेश्राम गुजरे पांच सालों से लंबी लड़ाई लड़ रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक जिला जेल में पदस्थ रामभरोसा साहू, चुरामन साहू, महेश कैवर्त और व्यापारी अनिल यादव के खिलाफ तत्कालिन जेल अधीक्षक मेश्राम ने अनुसूचित जाति थाना में मामला दर्ज कराया है। मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को कलमबंद बयान में उन्होंने आरोप लगाते बताया कि तत्कालिन स्टोरकीपर रामभरोसा साहू, स्थापना प्रभारी चुरामन साहू, जेल प्रभारी महेश कैवर्त और व्यापारी अनिल यादव ने षडयंत्रपूर्वक राशन मामले में उन्हें फंसाया है। स्थानीय गोलबाजार में अनिल यादव का परंपरागत सुपा-टोकनी का कारोबार है। फर्जी राशन का मामला उस समय सुर्खियों में आया, जब जेल में लाखों रुपए का राशन घोटाला सामने आया। जांच के दौरान सुपा-टोकनी कारोबारी के दुकान के बिल राशन सप्लाई के नाम पर प्रस्तुत किए गए। इस पूरे मामले में मेश्राम को दोषी ठहराते न सिर्फ निलंबित किया गया, बल्कि उन्हें बतौर सजा बीजापुर में पदस्थ कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक बयान में उन्होंने सीधे तौर पर उक्त चारो को ही दोषी ठहराया है। मेश्राम ने अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ अलग-अलग स्तर पर भी शिकायत की है। माना जा रहा है कि जेल के इस पांच साल पुराने प्रकरण पर अब खुलासे होंगे। एसपी डी. श्रवण से भी उक्त अफसर ने जांच की मांग की है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। सांसद संतोष पांडेय ने गत् दिनों प्रमुख विभागों में अपने प्रतिनिधियों की नियुक्ति की है। सांसद ने बहुप्रतीक्षित प्रतिनिधि नियुक्ति कर राजनांदगांव जिले में अपनी सक्रियता को गंभीरता से लेने का संकेत दिया है। अभी दो दिनों तक सांसद द्वारा राजनांदगांव में ठहर कर चिंतन व मनन के उपरांत नगर पंचायत एवं जनपद पंचायतों में प्रतिनिधियों की नियुक्ति सूची जारी की है।
मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव जिला पंचायत भरत वर्मा, जनपद पंचायत राजनांदगांव विवेक साहू, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ जयपाल सिंह, जनपद पंचायत मानपुर राजू टांडिया, जनपद पंचायत मोहला रमेश हेडामे, जनपद पंचायत खैरागढ़ भागवत शरण सिंह, जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी दिलीप वर्मा, जनपद पंचायत छुरिया चंद्रिका डेडसेना, जनपद पंचायत डोंगरगांव टामेश्वर साहू, नगर निगम राजनांदगांव देवशरण सेन, नगर पालिका खैरागढ़ राकेश गुप्ता, नगरपालिका डोंगरगढ मोंटी भाटिया, नगर पंचायत छुईखदान प्रेमनारायण चंद्राकर, नगर पंचायत गंडई राकेश ताम्रकार, नगर पंचायत छुरिया रोमी भाटिया, नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी गुलाब गोस्वामी, नगर पंचायत डोंगरगांव लक्ष्मी नारायण गुप्ता की नियुक्ति की है।
नियुक्ति उपरांत प्रतिनिधियों ने सांसद एवं जिला संगठन व वरिष्ठओं का आभार व्यक्त किया है तथा भाजपा का जनाधार बढ़ाने व पीडि़तों की समस्याओं का निराकरण कर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का विश्वास दिलाया है।
कलेक्टर-जिपं सीईओ ने गायों को खिलाई खिचड़ी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। जिले में सभी विकासखंडों में गोवर्धन पूजा के अवसर पर गत् दिनों गौठान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा एवं जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने राजनांदगांव विकासखंड के अंजोरा के वृंदावन गौठान में पारंपरिक विधि विधान से गौ पूजा की एवं गायों को खिचड़ी खिलाई। गौठान में ढोल, नगाड़े एवं राऊत नाचा के साथ धूमधाम से गोवर्धन पूजा का त्यौहार मनाया गया।
ग्रामीणों ने पैरा दान करने का संकल्प लिया। ओम सांई नाथ तथा जय बाबा कुटी स्वसहायता समूह की महिलाओं ने गौ पूजा की। इस अवसर पर दूध, दही खा के माखन चोर कहायो..., नंद बाबा के नौ लाख गईया..., वृंदावन के कुंज गलियन में सखियन शोर मचाये..., जय-जय सीताराम... जैसे गीतों से गौठान में खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर उपसंचालक कृषि जीएस धु्रर्वे, उप संचालक पशुपालन डॉ. राजीव देवरस, तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता, जनपद सीईओ एसके ओझा, मनरेगा के फैज मेनन, बीपीएम सुशील श्रीवास्तव, सरपंच अंजु साहू, सचिव आशुतोष राजपूत, पंच एवं सभापति गौठान समिति संदीप साहू, भूषण साहू, एडीओ बलबीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
राजनांदगांव, 6 नवंबर। राम राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर श्रीराम सेना के तत्वावधान में शहर में बाईक रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर लोहारपारा से किया गया। जिसमें शहर के राम भक्तों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। कार्यक्रम के पश्चात सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दवाई एवं राम राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी।
राजनांदगांव, 6 नवंबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने राजनांदगांव जिला अंतर्गत विभिन्न प्रकार के संचार के माध्यम एवं सोशल मीडिया (फेसबुक, व्हाट्सअप, ट्विटर) एवं अन्य माध्यम की निगरानी के लिए डिस्ट्रीक सोशल मीडिया मानिटरिंग टीम का गठन किया है। जिसमें अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सीएल मारकण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रज्ञा मेश्राम, अनुविभागीय दंडाधिकारी अरूण वर्मा, उपसंचालक जनसंपर्क डॉ. उषा किरण बड़ाईक, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी संतोष सिंह एवं ई-जिला प्रबंधक सौरभ मिश्रा शामिल हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कोरोना (कोविड-19) संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से सिनेमा हॉल के संचालन की अनुमति 50 प्रतिशत बैठक क्षमता के साथ किए जाने की अनुमति दी गई थी।
कलेक्टर सिन्हा ने वर्तमान परिस्थियों को दृष्टिगत रखते प्रतिबंध को हटाते सभी सिनेमा हॉल 100 प्रतिशत बैठक क्षमता के साथ कोविड प्रोटोकाल का पूर्ण तरीके से पालन करने की शर्त पर खोले जाने की अनुमति दी है। इसी प्रकार खुले स्थानों में सामाजिक कार्यक्रम (विवाह इत्यादि) आयोजन की अनुमति दी गई है, किन्तु बंद हॉल में कार्यक्रम आयोजन की दशा में हॉल की क्षमता के 50 प्रतिशत व्यक्ति शामिल हो सकते हंै। कार्यक्रमों में कोविड प्रोटोकाल के पालन की जिम्मेदारी आयोजनकर्ता की होगी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। जिले में पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में गत् दिनों एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्योत्सव के मुख्य अतिथि विधायक दुर्ग अरूण वोरा द्वारा स्टॉल का अवलोकन किया एवं आरूग जैविक कीटरोधक नीमास्त्र का अनावरण किया गया। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने जैविक कीटरोधकों का उपयोग फसल प्रदर्शनों में करने एवं महिला समूहों को आर्थिक लाभ पहुंचाने से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में कृषि विभाग एवं संवर्गीय विभागों के द्वारा योजनांतर्गत क्रियान्वित गतिविधियों को प्रदर्शन लगाया गया। कृषि विभाग के प्रदर्शनी स्टॉल में विभिन्न जैविक उत्पादों का प्रदर्शनी लगाई गई थी। कृषि विभाग के स्टाल में विकासखंड चौकी के हितागुटा, पीपरखार आदि गांव के किसान ने जैविक चांवल एचएमटी, सीजी सुगंधित, देवभोग, दुबराज, विष्णुभोग आदि का विक्रय किया। आत्मा योजनांतर्गत गौठान ग्राम के महिला समूह द्वारा जैविक कीटरोधक का निर्माण किया गया है जिसका विक्रय प्रदर्शनी में स्टाल लगाकर किया गया। इस दौरान नीमास्त्र, ब्रम्हास्त्र, अग्नेयास्त्र, बीजामृत, वर्मी वॉस, वर्मी कम्पोस्ट आदि का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। विकासखंड छुईखदान के वनाचंल ग्राम कोपरो के कृषक समूहों द्वारा कोदो चांवल, रागी चांवल, रागी का आटा एवं वनाचंल ग्राम ढोलपिट्टा के शहद संग्रहक समूह के आरूग शहद का प्रदर्शनी में विक्रय किया गया। विकासखंड छुरिया के ग्राम सोमाझिटिया के कृषक खोमलाल देवांगन एवं कातलवाही डोंगरगढ़ के कृषक जीवन जंघेल द्वारा जैविक चांवल, गेहूं, काला गेहूं, मोतीजीरा गेहूं, काली नमक चांवल, जैविक प्रोम, गोबर से निर्मित काउडंग पेन्ट, आर्गेनिक फास्टफेट आदि उत्पादों का विक्रय एवं प्रदर्शनी किया गया। उप संचालक कृषि जीएस धु्रर्वे के मार्गदर्शन में विभागीय प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने गत् दिनों राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को प्राप्त राशि आहरण के लिए बैंकों की व्यवस्था का जायजा लेने ग्राम घुमका और खैरागढ़ पहुंचे। उन्होंने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम घुमका और खैरागढ़ विकासखंड मुख्यालय के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
कलेक्टर सिन्हा ने बैंक में किसानों से बातचीत कर वहां मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बैंक के अधिकारी से कहा कि किसानों को राशि आहरण में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। दीपावली से पहले किसानों को बोनस की राशि का वितरण करें। उन्होंने बैंकों को देर शाम तक राशि वितरण करने के निर्देश दिए। जिससे अधिक से अधिक किसानों को राशि का वितरण हो सके। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते बैंकों में पुलिस जवान तैनात करने कहा। इस दौरान उन्होंने बैंकों में राशि उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसान एटीएम का उपयोग जरूर करें। एटीएम में राशि उपलब्धता की जानकारी चस्पा करें।
कलेक्टर सिन्हा ने बैंक में किसानों से राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत मिलने वाली राशि की उपयोगिता के बारे में पूछा। घुमका निवासी किसान जीवन लाल वर्मा ने खुश होकर बताया कि दीपावली के पहले राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत राशि मिलने से बहुत खुश है। तीसरे किस्त के रूप में 10 हजार रुपए की राशि मिली है। वे इस राशि से दीपावली की खरीदी और कृषि कार्य में उपयोग करेंगे। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक घुमका के अधिकारी ने बताया कि कल 700 किसानों को लगभग 70 लाख रुपए की राशि का वितरण किया गया है। वहीं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक खैरागढ़ में 635 लोगों को लगभग 83 लाख रुपए की राशि का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक किसानों को राशि आहरण के लिए अतिरिक्त कॉउंटर की व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर एसडीएम राजनांदगांव अरूण कुमार वर्मा, एसडीएम खैरागढ़ लवकेश ध्रुव, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ सुनील वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।'
कलेक्टर ने किसानों से की बात
कलेक्टर सिन्हा ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को प्राप्त राशि आहरण के लिए बैंकों में व्यवस्था की जानकारी लेने किसानों से चर्चा की। उन्होंने राजनांदगांव और खैरागढ़ विकासखंड के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में किसानों से योजना के तहत मिलने वाली राशि एवं आहरण के व्यवस्था की जानकारी ली। खैरागढ़ के ग्राम मंडला के किसान लछीदास ने बताया कि उन्हें तीसरी किश्त में 16 हजार रूपए की राशि मिली है और वे बहुत ही खुश है। उन्होंने बताया कि राशि का उपयोग खेती-किसानी के कार्यों में करेंगे। शासन की यह योजना बहुत अच्छी है। यह लगातार जारी रहना चाहिए।
पेण्ड्रा की किसान विमला ने बताया कि उन्हें 10 हजार रूपए की राशि मिली है। वे इस पैसा का आहरण करके दीवाली पर बच्चों के लिए कपड़े एवं अन्य सामान खरीदेंगी। शेरगढ़ के किसान जागेश्वर साहू ने बताया कि उन्हें 5 हजार रुपए की राशि मिली है। घर के खर्चों में वे इस राशि का उपयोग करेंगे।
1.10 लाख किसानों के खाते में साढ़े 72 लाख अंतरित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत विगत दो दिनों में एक लाख 10 हजार किसानों के खाते में 72 करोड़ 69 लाख रुपए की राशि अंतरित की गई है। जिले के किसानों में दीपावली के समय यह राशि मिलने से हर्ष व्याप्त है। इस दीपावली पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के किसानों को तीसरी किस्त की राशि देकर उन्हें उपहार दिया है। जिले में शासन की राजीव गांधी किसान न्याय योजना के परिणाम प्रभावी रहे हैं तथा उनके जीवन में समृद्धि और खुशहाली आई है। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने बैंक के अधिकारियों एवं एसडीएम से कहा है कि किसानों को राशि के आहरण में दिक्कत नहीं होना चाहिए। इसके लिए व्यवस्था बनाने हेतु निर्देशित किया है। कलेक्टर लगातार दौरा कर व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा 1 नवंबर को राशि अंतरण के बाद काफी बड़ी संख्या में किसानों को राशि मिली है। देर रात तक इसके लिए कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री बघेल ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत तीसरी किस्त की राशि जिले के 1 लाख 86 हजार 475 किसानों के खाते में 123 करोड़ 90 लाख रुपए की राशि अंतरित की है। उल्लेखनीय है कि अब तक राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत कुल 371 करोड़ 70 लाख रुपए की राशि किसानों को दी गई है।
शासन की योजना के अंतर्गत पहले दो किस्त की राशि से किसानों को बहुत फायदा हुआ था। जिससे उन्होंने खेती-किसानी के उपकरण एवं सामग्री तथा घर के लिए आवश्यक सामान खरीदा था और इससे उनके जीवन में खुशहाली आई है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। शासकीय कमलादेवी राठी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय राजनांदगांव के वाणिज्य विभाग व मेट्रोपोलिटिन स्टॉक एक्सचेंज इंडिया लिमिटेड व सेंट्रल डिपाजिटरी सर्विस लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में गत दिनों छात्राओं में वित्तीय साक्षारता हेतु इम्पॉटेंट ऑफ ड्यू डेलिगेंसी इन इनवेस्टिंग विषय पर वेबीनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुमन सिंह बघेल, मुख्य वक्ता के रूप में एमएसई ऑफिशियल लखन दाबी विषय विशेषज्ञ सीडीएसएल फिरोज व डिप्टी मैनेजर सीडीएसएल कृष्ण गुप्ता, डॉ. लाली शर्मा उपस्थित रहीं।
प्राचार्य डॉ. बघेल ने छात्राओं को निवेश का निर्णय लेने के पूर्व सभी जानकारी एकत्र करने सुझाव दिया। उन्होंने छात्राओं को आगाह किया अधिक आय वाले लुभावने विज्ञापन पर आंख बंद करके भरोसा न करें। पहले स्वयं जांच करें कि जो योजना है, वह सही है कि नहीं।
विशेष वक्ता लखन दाबी ने बताया कि विदेशों में लोग आय का निश्चित प्रतिशत बचत करते हैं, उसके बाद बची शेष राशि उपयोग करते हैं। जबकि भारत में बचत की प्रवृत्ति कम है, लोग आय से पहले व्ययों की पूर्ति करते है, जिसके कारण बचत की दर कम है।
उन्होंने छात्राओं को बचत की अनिवार्यता बताया व उसे निवेश करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न प्रकार के निवेशों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को पूंजी बाजार के प्रकारों को स्पष्ट किया, आगाह किया कि यथासंभव नगदी रहित लेन-देनों के माध्यम से ही निवेश करें, ताकि निवेश की साक्ष्य रहे। जिससे छल कपट की संभावना कम रहेगी। निवेश करने के पूर्व रखी जाने वाली सावधानियों को बताया। विषय विशेषज्ञ सीडीएसएल फिरोज द्वारा भारत में संचालित 2 डिपॉजिटरी के बारे में बताया गया। उन्होंने डिपॉजिटरी व बैंक के मध्य अंतर समझाया।
उन्होंने म्युचअल फंड क्या है और उसमें निवेश के महत्व को बताया कि इसमें जोखिम कम है, क्योंकि म्युचअल फंड की राशि विभिन्न संस्थानों में लगाई जाती है। उन्होंने छात्राओं को वित्तीय बाजार में निवेश करते समय भावना और भ्रमात्मक सूचनाओं से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने डिपाजिटरी द्वारा प्रदत्त डिजिटल सुविधा ईजी, ईजीएस्ट, स्मार्ट एसएमएस, ई-वोटिंग, ई-लॉकर आदि की जानकारी दी।
उपप्रबंधक सीडीएसएल कृष्ण गुप्ता ने छात्राओं को म्युचअल फंड में निवेश करने के प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष विधि को बताया कि बिना डिमेंट खाता खोले भी आप म्यूुचअल फंड में निवेश कर सकते हैं। डिमेट खाते के साथ खोले जाने वाले खातों की जानकारी दी। विशेष विशेषज्ञ के द्वारा छात्राओं की शंका का समाधान किया गया।
परंपरागत दिवाली मनाते पटाखे फूटे, एक-दूसरे को बधाईयां देने का चला दौर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। शहर एवं अंचल में दीपावली पर्व परंपरागत रूप से मनाया गया। मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना के लिए घर-आंगन में जबर्दस्त उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने खुशहाली के लिए घर-घर दीये जलाए। शुभ मुहूर्त पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी मां लक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। शाम होते ही घर और आंगन में कतारबद्ध दीये प्रज्जवलित किए गए। इसके अलावा कृत्रिम रौशनी से भी घरों को आकर्षक रूप दिया गया। इसके बाद पटाखों की गंूज पूरे क्षेत्र में सुनाई दी।
दिवाली पर्व पर घरों में जहां उत्साह का माहौल रहा। वहीं पटाखों को जलाने बच्चों समेत युवतियों में भी उत्साह दिखाई दिया। पर्व को लेकर लोगों ने घरों में पूजा-अर्चना करने के पश्चात मंदिरों में पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली की कामना की। इधर अंचल में भी किसानों ने भी पर्व को लेकर पूरी तैयारी की थी। घरों में विधि-विधान से पूजा अर्चना करने के साथ ही खेतों में भी पूजा-अर्चना की।
दिवाली के अवसर पर बच्चों के साथ परिवार वालों ने भरपूर पटाखे का आनंद उठाया। मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए घर के द्वारों में खूबसूरत व नए रंगोली बनाए गए। महिलाएं-युवतियों ने रंगोली के जरिए मां लक्ष्मी का स्वागत करने के लिए पूरी तैयारी की। घरों में पूजा-अर्चना के दौरान मां लक्ष्मी की कृपा के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। पटाखों की गंूज से हर गली-मोहल्लों में शोरगुल आधी रात तक रहा। पटाखों के बाजार में भी इस बार काफी चहल-पहल रही। बच्चों के लिए परिवार वालों ने चकरी, अनारदाना, बुलेट बम सहित छोटे-आकार के पटाखों को खरीदा। पिछले कुछ सालों में पटाखों के प्रति हर किसी का रूझान बढ़ा है।
बाजार में लक्ष्मी पूजा के दिन काफी गहमा-गहमी रही। मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना के लिए उपयोगी सामग्रियों की खरीदी की गई। शाम को सामुहिक रूप से घरों में मां लक्ष्मी की आराधना की गई। घरों में दिवाली के लिए स्वादिष्ट व्यंजन भी बनाए गए। मिठाईयों की हर घर में तरह-तरह का प्रकार देखा गया। विभिन्न मिठाईयों का स्वाद लेकर एक-दूसरे को दीवाली पर्व की शुभकामनाएं दी गई। इस बीच शहर के अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने पहले से ही धर-पकड़ अभियान छेड़ रखा था। नतीजतन शहर में बदमाशों पर पुलिस ने पूरी तरह से शिकंजा कस दिया था। दिवाली के धूम-धड़ाके के बीच गौरा-गौरी की पूजा-अर्चना एवं विसर्जन का माहौल बना रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में गौरा-गौरी की पूजा-अर्चना के लिए पूरा गांव जुटा। लक्ष्मी पूजा के दूसरे दिन दिवाली पर खानपान में लोग मस्त रहे। लजीजदार भोजन में एक-दूसरे को आमंत्रित किया गया। गैर हिन्दू लोगों को घरों में आमंत्रित कर स्वागत सत्कार में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। दिवाली पर पारंपरिक रूप से खीर-पुड़ी के साथ-साथ अन्य मिठाईयों को परोसा गया। आनंद पूर्वक त्यौहार मनाकर लोगों ने मिशाल पेश की।
दिवाली पर बिखरी खुशियां परिवार वालों की मौजूदगी से दोगुनी हो गई। त्यौहार के मद्देनजर घरों में ही मनोरंजन के साधन जुटाए गए। परिवार वालों के साथ पूरा वक्त देकर लोगों ने इस त्यौहार का भरपूर मजा लिया। समय व्यतीत करने के लिए सामुहिक गीत-संगीत का कार्यक्रम भी रखा गया। वहीं कुछ परिवार वालों ने स्थानीय थियेटरों में पहुंचकर नई फिल्मों का भी आनंद उठाया। कल दिनभर घरों में आगंतुकों के आने-जाने का दौर चलता रहा।
मड़ई-मेले का दौर आज से शुरू
दिवाली पर्व की समाप्ति के बाद आज से मड़ई मेले का दौर शुरू हो गया। मडई-मेले को परंपरागत रूप से हर गांव में मनाया जाता है। तकरीबन 3 महीने तक पूरे क्षेत्र में मड़ई और मेले का सिलसिला चलता रहेगा। धान कटाई के बाद मड़ई-मेले का क्रम तेज हो जाएगा। आज शहर के सबसे बड़े पुराने बस स्टैंड में मां काली माई मंडई का आयोजन होगा। बस स्टैंड में वर्षों से मां काली के नाम पर दिवाली के ठीक दूसरे दिन यह आयोजन किया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में मड़ई-मेले को काफी महत्व दिया जाता है। ऐसा माना जाता है कि मड़ई-मेले में पारिवारिक वातावरण के बीच गांव के लोग एक-दूसरे से आत्मीय संबंध बढ़ाने के उद्देश्य से पहुंचते हैं। यही वजह है कि गांव में मड़ई मेले का अब भी महत्व बरकरार है।
भाईयों के लिए मांगी दुआएं
भाईदूज पर्व पर शुक्रवार को बहनों ने पारंपरिक रूप से आरती कर भाईयों की लंबी उम्र की कामना की। परंपरागत रूप से पूजा कर भाई-बहनों ने एक-दूसरे से ताउम्र रिश्ते निभाने का वचन दिया। बहनों ने भाईयों के माथे में तिलक लगाकर जहां अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। भाईयों के मुंह मीठा कराते बहनों ने हर तकलीफ में साथ देने का वचन लिया। बेहद ही खुशनुमा वातावरण में बहनों ने भाईयों के प्रति अपना प्रेम जाहिर करते जिंदगी में तकलीफ के समय साथ रहने का भरोसा लिया। घरों में आज भाई-बहनों के बीच इस पर्व पर हंसी-ठिठोली का दौर जारी रहा। भाईयों को मनचाहा तोहफा दिया। वहीं तोहफे पाकर भाईयों की आंखे भर आई।
ठेलकाडीह प्रभारी ने बच्चों संग मनाई दिवाली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। ठेलकाडीह पुलिस सामाजिक सरोकार को दृष्टिगत रखकर जनसमुदाय के बीच पहुंच रही है। लिहाजा ग्रामीण और पुलिस के बीच अच्छे रिश्ते होने से आपराधिक गतिविधियां कम हुई है। वहीं सामुदायिक पुलिसिंग से पुलिस की छवि भी बेहतर हुई है।
दिवाली जैसे खास मौके पर पुलिस ने ग्रामीण बच्चों के साथ दिवाली मनाते हुए बच्चों को पटाखे भी वितरित किए। पुलिस के इस उदारता से ग्रामीणों की त्यौहारी खुशी दोगुनी हो गई। थाना प्रभारी सतीश पुरिया ने गांव में पहुंचकर बच्चों को पटाखे वितरित किए। बच्चों ने भी पूरे उल्लास के साथ पटाखे फोडकर अपनी खुशी का इजहार किया। थाना प्रभारी पुरिया लगातार अपनी टीम के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में अन्य सामाजिक कामकाज में भी रूचि ले रहे हैं।
निगम अध्यक्ष के घर के पास सेंधमारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। दिवाली की रात एक व्यापारी के घर से लाखों रुपए के जेवरात पार हो गए। राजनांदगांव नगर निगम अध्यक्ष हरिनारायण धकेता के निवास के पास अज्ञात चोरों ने सेंधमारी करते व्यापारी के मकान में धावा बोल दिया। गहरी नींद में होने के कारण व्यापारी और उसकी पत्नी को वारदात की खबर नहीं लगी। सुबह नींद खुलने के बाद चोरी की घटना से परिवार की त्यौहारी खुशी काफूर हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक वार्ड नं. 46 के संजय देवांगन के घर से लक्ष्मी पूजा की रात को अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के जेवर उड़ा दिए। व्यापारी की पत्नी जया देवांगन का कहना है कि एक रानी हार समेत 3 नग सोने की चैन समेत अन्य सामान को साफ कर दिया। घर में घुसे चोरों की मौजूदगी की खबर से अनजान व्यापारी अपने परिवार के साथ गहरी नींद में थे। सुबह चोरी होने की जानकारी मिलते ही उनके पैर तले जमीन खिसक गई। नगर निगम अध्यक्ष श्री धकेता के घर के पास हुए इस घटना से पुलिस की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए। बसंतपुर पुलिस ने चोरों की पतासाजी के लिए डॉग की भी मदद ली। आसपास गली-मोहल्लों में घुमने के बाद डॉग अज्ञात चोरों की पतासाजी नहीं कर पाया। नड्डा के व्यापारी संजय देवांगन ने पुलिस को करीब 4 से 5 लाख के जेवरात होने की जानकारी दी है। जबकि पुलिस 90 हजार के जेवरात चोरी होने का दावा कर रही है।
तुमड़ीबोड-कोपेडीह हाईवे में हादसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर। तुमड़ीबोड इलाके के कोपेडीह के पास नेशनल हाईवे में एक वाहन डिवाईडर से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई। तेज गति में रात करीब 11 बजे हाईवे में दौड़ रही वाहन से चालक का नियंत्रण खो गया। जिसके चलते डिवाईडर से टकराते हुए वाहन सडक़ के दूसरे साईड पर पलट गई। घटना से मौके पर ही एक 12 साल के बालक की मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर है, जिसे रायपुर रिफर किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक तुमडीबोड से सटे कोपेडीह के पास घोरदा के साहू परिवार के करीब दर्जनभर लोग दीपावली पर्व मनाने के बाद वाहन में घूमने निकले थे। जैसे ही वाहन कोपेडीह के पास पहुंची, एकाएक डिवाईडर से टकराने के बाद दूसरे साईड पर वाहन पलट गई। इस घटना में सौरभ साहू नामक बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घायलों को तुमड़ीबोड पुलिस चौकी प्रभारी रितेश मिश्रा ने जवानों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से घायलों को तुरंत रायपुर रिफर किया गया है।
चौकी प्रभारी श्री मिश्रा ने बताया कि चालक वाहन की गति को नियंत्रित करने में नाकाम रहा। जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस का कहना है कि दिवाली पर्व मनाने के लिए घोरदा गांव के साहू परिवार के सदस्य पहुंचे थे। त्यौहारी माहौल में घूमने निकलने के दौरान यह हादसा हुआ।
प्रदीप मेश्राम
राजनांदगांव, 6 नवंबर (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। खैरागढ़ राजघराने के सदस्य और विधायक देवव्रत सिंह का बेसमय गुजर जाना राजनीतिक जगत के लिए एक बड़ा झटका है। मौजूदा समय की सियासत में देवव्रत उन युवा चेहरे में सबसे प्रभावशाली राजनीतिज्ञ थे, जिनकी जमीनी पकड़ बरकरार रही। 52 साल के देवव्रत ने खैरागढ़ विधानसभा का लगभग दो दशक तक प्रतिनिधित्व किया। 1995 में देवव्रत ने अपनी माता रश्मिदेवी सिंह के आकस्मिक निधन से खाली हुए खैरागढ़ सीट से राजनीति में कदम रखा। खैरागढ़ की सियासत पर पकड़ बनाने के बाद कांग्रेस में रहते देवव्रत के इर्दगिर्द ही राजनीतिक गतिविधि रही।
देवव्रत सिंह ने कम उम्र में सियासी दांव-पेंच में माहिर होने के बाद जिले की राजनीति में दखल मजबूत की। देवव्रत सिंह के लिए एक वक्त संघर्ष की स्थिति बन गई, जब वह 2009 के लोकसभा में बुरी तरह से हार गए। उनके लिए एक दूसरा कठिन समय 2008 का विधानसभा चुनाव रहा, जब कांग्रेस ने उनकी जगह मोतीलाल जंघेल को प्रत्याशी बना दिया। हालांकि उस दौरान सिंह सांसद के तौर पर जमे रहे।
कांग्रेस ने लोधी वोटों को साधने के लिए फिर से 2013 के विस में गिरवर जंघेल को मौका दिया। गिरवर ने भाजपा से सीट छीनते हुए शानदार बाजी मारी। दो विधानसभा में पार्टी की बेरूखी की वजह से देवव्रत ने 2018 के विधानसभा में छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस की टिकट से आजमाया। इस चुनाव में मिली जीत से देवव्रत ने अपने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया। इस जीत से देवव्रत की काबिलियत पर उठते सवाल जहां सिमट गए। वहीं उन्होंने यह भी दिखाया कि सियासी राह में गिरकर संभलकर उठना उनकी खूबी है।
देवव्रत सिंह ने कांग्रेस को अलविदा कहने के बाद अपने निजी और राजनीतिक रिश्तों के स्तर को गिरने नहीं दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के बीच देवव्रत को अप्रत्यक्ष रूप से पसंद किया जाता रहा। नतीजतन उन्होंने कांग्रेस वापसी के लिए संभावना के द्वार को बंद नहीं रखा। चार बार के विधायक रहे देवव्रत अच्छे अंग्रेजी के जानकार होने के साथ ही क्रिकेट की बेहतरीन समझ भी रखते थे। कांग्रेस की राजनीति में देवव्रत को युवा चेहरे में अव्वल दर्जे का माना जाता था।
छत्तीसगढ़ गठन के बाद युवक कांग्रेस के पहले अध्यक्ष के तौर पर देवव्रत ने समूचे राज्य में अपनी आकर्षक शैली से युवाओं को पार्टी से जुडऩे के लिए आगे लाया। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के कार्यकाल में हुए 2003 के विस चुनाव में एक ओर कई धाकड़ नेताओं का सुपड़ा साफ हो गया, लेकिन देवव्रत की जीत पर प्रतिकूल असर नहीं रहा। पूर्व सांसद प्रदीप गांधी के प्रश्न के बदले नोट के मामले में रिक्त हुए लोकसभा उपचुनाव में देवव्रत ने बंपर जीत के साथ राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखा। हालांकि उनकी यह जीत कुछ महीनों के बाद 2009 के आम चुनाव में हार में बदल गई। लोकसभा में मिली हार के बाद से करीब 10 साल तक देवव्रत ने जनता कांग्रेस के बैनर में विजयी हासिल कर राजनीति में फिर से वापसी की।
देवव्रत को एक तरह से राजनीति विरासत में मिली थी। उनके दादा वीरेन्द्र बहादुर, चाचा शिवेन्द्र बहादुर और चाची गीतादेवी सिंह भी कांग्रेस सरकार में सांसद और मंत्री रहे। खैरागढ़ राजघराने के एक बड़े नामचीन हस्ती रहे देवव्रत का गुजरा डेढ़ दशक निजी जीवन पारिवारिक कलह से भी सुर्खियों में रहा। पहली पत्नी से तलाक के बाद कुछ साल पहले देवव्रत ने दोबारा शादी रचाई। दूसरा विवाह के बाद भी देवव्रत का घरेलू मसला खत्म नहीं हो पाया। एक युवा राजनेता देवव्रत ने कम उम्र में ही कई ओहदों पर कब्जा किया। उनके उम्र के कुछ राजनेता ही रहे जिन्होंने लंबा सियासी सफर तय किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 नवंबर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान जिला पंचायत द्वारा जॉब प्लेसमेंट कैंप का आयोजन ठाकुर प्यारेलाल सिंह हायर सेकंडरी स्कूल परिसर में किया गया। जॉब मेला में जिले के राजनांदगांव, डोंगरगढ़, डोंगरगांव एवं खैरागढ़ विकासखंड के लगभग 970 बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया, जिसमें 715 युवाओं ने पंजीयन कराया। पंजीयन के बाद जॉब प्लेसमेंट कैंप में शामिल कंपनियों द्वारा इंटरव्यू लिया गया।
जॉब प्लेसमेंट कैंप में इंटरव्यू पश्चात 141 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया एवं 65 को स्थल पर प्लेसमेंट ऑफ दिया गया। शेष प्राथमिक चयनित युवाओं को ऑफर लेटर दिया जाना प्रक्रियाधीन है। जॉब प्लेसमेंट कैम्प में एलआईसी इंडिया, बीपीओ, एमपी नर्सिंग होम, मौली जॉब कंसल्टेंसी, जैन इंडस्ट्री राजनांदगांव, प्रगति होम केयर, बीआईएस सिक्योरिटी, बिज प्वाइंट आदि 10 जॉब प्लेसमेंट कंपनी एवं एजेंसी शामिल हुई। इनमें वेल्डर, हॉटल, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, वाहन चालक, इलेक्ट्रिशियन, नर्सिग स्टॉफ, सेल्समैन आदि पोस्ट पर इंटरव्यू लिया गया। इसके अलावा डीडीयूजीकेवाई योजना के पीआईए एजेंसी ने युवाओं को स्किल ट्रेनिंग हेतु काउंसलिंग भी किया तथा स्किल ट्रेनिंग योजना का विस्तार से जानकारी दी गयी। जॉब प्लेसमेंट कैंप जिला पंचायत एवं राजनांदगांव, डोंगरगढ़, डोंगरगांव एवं खैरागढ़ विकासखंड के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा एवं लगन के साथ कार्य किया।
राजनांदगांव, 3 नवंबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत किसानों को प्राप्त राशि के आहरण में किसी तरह की दिक्कत न हो, इसे ध्यान में रखते हुए सभी बैंकों को सुचारू व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों की सुविधा के संबंध में सभी एसडीएम को ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।