राजनांदगांव

बांस नीलामी से खैरागढ़ वन मंडल को रिकॉर्ड 11 करोड़ का राजस्व
13-Aug-2021 3:25 PM
बांस नीलामी से खैरागढ़ वन मंडल को रिकॉर्ड 11 करोड़ का राजस्व

 

सीसीएफ रैना-डीएफओ यादव के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 अगस्त।
जिले के खैरागढ़ वन मंडल के खाते में बांस नीलामी से करोड़ों का एक बड़ा राजस्व जमा हुआ है। प्रदेश में वन क्षेत्र की दृष्टि से खैरागढ़ वन मंडल एक बड़ा क्षेत्र है। लिहाजा वनोपज के जरिये वन महकमे के साथ-साथ वन बाशिंदों को आर्थिक रूप से संबलता मिलती रही है। बांस नीलामी से वन मंडल के खाते में 11 करोड़ रुपए का राजस्व जमा होने से विभाग की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

खैरागढ़ वन मंडल के 17 बांसकूपों में विभाग के मैदानी अमले ने योजनाबद्ध तरीके से 4585.245 हेक्टेयर क्षेत्र में विपरीत परिस्थितियों के बीच बांस कटाई और परिवहन भी किया। नतीजतन निर्धारित दर से जहां व्यापारिक बांस का वितरण वन मंडल समेत अन्य वन मंडलों के परंपरागत बसोड़ परिवारों को रोजगार भी मिला। यहां यह बता दें कि खैरागढ़ वन मंडल में बतौर डीएफओ पदस्थ होने के बाद संजय यादव वन सुरक्षा, वन्य प्राणियों और वन के बाशिंदों को आर्थिक और सामाजिक  सुरक्षा प्रदान करने के लिए भरसक कोशिश कर रहे हैं। 2015 बैच के भारतीय वन सेवा के अफसर श्री यादव ने पदभार ग्रहण करते ही महकमे के राजस्व को लेकर एक योजना तैयार की है। जिसके नतीजे अब सामने आने लगे हैं। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों को निस्तारी आवश्यकता पूर्ति के लिए बांस भी प्रदान किया जा रहा है। औद्योगिक बांस के विक्रय से वर्ष के द्वितीय नीलामी में रिकार्ड तोड़ 11 करोड़ की राशि वन मंडल ने जुटाया है।

गत् माह अछोली काष्ठागार डोंगरगढ़ में आयोजित नीलामी में औद्यागिक बांस की 22 लॉट एवं काष्ट की 208 लॉट सहित कुल 230 लॉट विक्रय के लिए रखी गई। इन लॉटों में औद्योगिक बांस का अपसेट प्राइज 2 करोड़ 77 लाख 34 हजार रुपए व काष्ट 720.331 घन मीटर के साथ 427 जलाउ चट्टों का अपसेट प्राईज एक करोड़ 80 लाख 24 हजार रुपए रखा गया था। नीलामी में 59 क्रेताओं ने भाग लिया। कुल 165 लाटों का विक्रय वन विभाग ने इन क्रेताओं को किया। काष्ट निर्धारित अवरोध मूल्य राशि एक करोड़ 34 लाख 63 हजार रुपए से 37 प्रतिशत से अधिक की दर पर राशि एक करोड़ 84 लाख 62 हजार रुपए में बिकी। नीलामी में रखे गए औद्योगिक बांस से अभूतपूर्व राजस्व की प्राप्ति हुई है। कुल 21 लॉटों के निर्धारित अवरोध मूल्य दो करोड़ 77 लाख 5 हजार रुपए से 77 प्रतिशत से अधिक मूल्य 4 करोड़ 91 लाख 200 रुपए की प्राप्ति हुई। यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि हे। जुलाई में नीलामी में भी वनोपज के निर्धारित अवरोध मूल्य की राशि 3 करोड़ 91 हजार रुपए से 40 प्रतिशत अधिक दर पर बिक्री हुई। इसका विक्रय मूल्य राशि 4 करोड़ 21 लाख 47 हजार रुपए प्राप्त हुए। खैरागढ़ वन मंडल अंतर्गत 11 करोड़ रुपए की राजस्व की प्राप्ति हुई। कोविड-19 संक्रमण काल के दौरान भी लगातार रिकार्ड राजस्व की प्राप्ति हुई है। इस कार्य में मुख्य वन संरक्षक शालिनी रैना की विशेष भूमिका रही।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news