रायपुर

धर्मांतरण के खिलाफ भाजपा जेल भरो आंदोलन छेड़ेगी, जेल में बंद कार्यकर्ताओं से मिले साय
20-Sep-2021 7:11 PM
धर्मांतरण के खिलाफ भाजपा जेल भरो आंदोलन छेड़ेगी, जेल में बंद कार्यकर्ताओं से मिले साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 सितंबर। धर्मांतरण के खिलाफ भाजपा जल्द ही जेल भरो आंदोलन शुरू करेगी। इसी कड़ी में जेल में बंद पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं से मिलने प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय सेंट्रल जेल पहुंचे, और उनका हाल चाल जाना।

श्री साय के साथ पूर्व मंत्री राजेश मूणत, और शहर जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी भी गए थे। धर्मांतरण के मामले में पुरानी बस्ती थाने में  तीन भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में प्रकरण दर्ज है।

पुरानी बस्ती थाने में धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए पादरी की पिटाई की गई थी। इस प्रकरण पर पुलिस ने कार्यवाही कर सात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया था। इनमें से तीन मनीष साहू मंडल अध्यक्ष, बजरंग ध्रुव, जिला अध्यक्ष अजजा मोर्चा, और संजय सिंह मंडल, महामंत्री केंद्रीय जेल में बंद हैं।

विष्णुदेव साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पुरानी बस्ती थाने में मारपीट के बाद पहले जमानती धाराओं में केस दर्ज किया गया लेकिन फिर से गैर जमानती धाराओं में बदल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार किसी के दबाव में काम कर रही है, जबकि धर्मांतरण के चलते प्रदेश में समाज और परिवार में तनाव बढ़ रहा है।

दूसरी तरफ, श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि पार्टी लगातार धर्मांतरण के खिलाफ आवाज उठाती रही है। आज इसकी मुद्दे को लेकर दोपहर 3  बजे बड़े नेताओं के साथ एक मीटिंग रखी गई है, जिसमें जेल भरो आंदोलन की रूपरेखा तय होगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news