कोण्डागांव

कानून का ज्ञान सभी के लिए है आवश्यक-सोनी
26-Oct-2021 7:15 PM
कानून का ज्ञान सभी के लिए है आवश्यक-सोनी

विधिक सेवा प्राधिकरण का मेगा लीगल कैंप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 26 अक्टूबर। जिला न्यायालय परिसर में रविवार को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अखिल भारतीय जागरूकता और आउटरीच अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) के तत्वावधान में मेगा लीगल सर्विस कैम्प का आयोजन किया गया। इस कैंप में जिला विधिक प्राधिकरण के अध्यक्ष व जिला सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार सोनी, अपर जिला व सत्र न्यायाधीश केपी सिंह भदोरिया, सीजेएम अनिल प्रभात मिंज, सीजीएम नारायणपुर अनिल कुमार बारा, कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा, जिला पंचायत सीईओ प्रेम प्रकाश शर्मा व पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित सभी विभागों के विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।

मेगा लीगल कैंप को संबोधित करते हुए जिला व सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार सोनी ने कहा कि कानून का ज्ञान सभी के लिए आवश्यक है। कानून जाने से व्यक्ति को संविधान द्वारा प्राप्त शक्तियों का ज्ञान होता है। ऐसे लीगल कैंपों के माध्यम से लोगों तक योजनाओं की पहुंच बढ़ती है। प्रत्येक गरीब व्यक्ति तक निरूशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कराने के लिए विधिक सहायता प्राधिकरण द्वारा विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों को बढ़-चढक़र इन सुविधाओं का लाभ उठाना चाहिए यह सुविधाएं उनका अधिकार हैं। उनके अधिकारों के लिए लोगों को सामने आकर आवाज उठाने की आवश्यकता है। उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए शासन-प्रशासन के साथ न्यायपालिका भी तत्पर हैं।

 इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निरूशुल्क विधिक सलाह एवं ऐसे व्यक्ति जो स्वयं का केस लडऩे में सक्षम नहीं है  उनके लिए निरूशुल्क अधिवक्ताओं की भी व्यवस्था की जाती है। इसका लाभ प्रत्येक व्यक्ति उठा सकते हैं। आवश्यकता है कि अधिकारों के हनन होने पर प्रत्येक व्यक्ति आगे आए एवं कानूनी प्रक्रियाओं के प्रति सजग होकर पुलिस एवं कोर्ट की सहायता ले। महिलाओं को भी अपने अधिकारों के प्रति सजग होना चाहिए। महिलाएं सशक्त होंगी तभी यह समाज तीव्र गति से आगे बढ़ सकेगा।

इस अवसर पर कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि लोगों तक शासकीय योजनाओं एवं उसकी जानकारी तथा प्रगति को पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा श्मावा कोंडानारश् ऐप तैयार किया जा रहा है। इस ऐप के माध्यम से ग्रामीण भी अपने गांव में संचालित योजनाओं, निर्माणों एवं अन्य शासकीय कार्यक्रमों के संबंध में सीधे जानकारी ऐप के माध्यम से पा सकेंगे। प्रशासन तक हर किसी की पहुंच बनाने के लिए यह ऐप एक सेतु का काम करेगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने मेगा लीगल कैंप की तारीफ करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों को प्रत्येक ग्राम में संचालित किया जाना चाहिए। जिससे प्रत्येक व्यक्ति को सभी विभागों की योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके एवं वह इसका लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर अपर जिला व सत्र न्यायाधीश केपी सिंह भदोरिया, सीजेएम अनिल प्रभात मिंज, सीजीएम नारायणपुर अनिल कुमार बारा, पुलिस अधीक्षक, जिला विधिक प्राधिकरण सचिव अम्बा साह ने शासन द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में व कानूनी जानकारी दिया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news