राजनांदगांव
मध्यान्ह भोजन में गड़बड़ी का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गंडई, 18 नवंबर। दनिया हाईस्कूल में फर्जी हाजिरी के जरिये मध्यान्ह भोजन में हेराफेरी किए जाने के मामले में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित तीन सदस्यीय टीम ने बुधवार को पूरे मामले की छानबीन शुरू की।
ज्ञात हो कि दनिया के शासकीय प्राथमिक स्कूल में ग्रामीणों द्वारा मध्यान्ह भोजन में गड़बड़ी किए जाने की शिकायत बीईओ से की गई थी। बीईओ ने शिकायत के बाद तीन सदस्यीय टीम का गठन किया था, जिसमें कल्पना शुक्ला, विद्यादेवी भट्ट और शिखा ठाकुर को जांच के लिए अधिकृत किया गया था।
बताया जाता है कि स्कूल की प्रधान पाठिका ममता वाडिये के खिलाफ अन्य मामलों में भी शिकायत की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शैक्षणिक अवधि में विद्यार्थियों को पढ़ाने के बजाय प्रधानपाठिका मोबाइल में व्यस्त रहती हैं। ग्रामीणों ने मध्यान्ह भोजन और जनभागीदारी समिति की सांगठनिक व्यवस्था को लेकर शिकायत की थी। अब तक जनभागीदारी अध्यक्ष का मनोनयन भी नहीं किया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि आत्माराम जोशी जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष हैं, लेकिन उनकी जानकारी के बगैर श्रवण यादव को अध्यक्ष बनाया गया है। अध्यक्ष के मामले में स्कूल में विवाद की स्थिति है।
इधर मध्यान्ह भोजन के मामले में तीन सदस्यीय टीम ने प्रधानपाठिका का बयान भी दर्ज किया है। टीम इसकी रिपोर्ट बीईओ को सौंपेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।