राजनांदगांव

स्ट्रांग रूम का सुरक्षा घेरा तोडऩे का आरोप, विक्रांत समेत आधा दर्जन पर जुर्म दर्ज
25-Dec-2021 1:07 PM
स्ट्रांग रूम का सुरक्षा घेरा तोडऩे का आरोप,  विक्रांत समेत आधा दर्जन पर जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 दिसंबर।
खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत को नकार कर स्ट्रांग रूम के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर उपद्रव मचाने के मामले में विक्रांत सिंह समेत 9 भाजपा नेताओं पर गैरजमानती अपराध दर्ज किया गया है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष सिंह उनके पार्टी के पराजित उम्मीवार व समर्थको पर मतगणना के बाद स्ट्रांग रूप में जबरिया घुसकर तोडफ़ोड़ करने के आरोप में आधा दर्जन धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया गया है। कुछ चुंनिदा धाराएं ही जमानती है शेष में अदालत से ही जमानत दिए जाने का प्रावधान है। इस कार्रवाई के बाद भाजपा में खलबली मच गई है।

23 दिसंबर को मतगणना में राजफैमिली वार्ड के 4 में कांग्रेस के सुमीत टांडिया और भाजपा के कैलाश नागरे के बीच टाई की स्थिति बन गई। प्रशासन ने कांग्रेस अभिकर्ता के रिकाऊंटिंग कराए जाने के अर्जी पर दोबारा गणना के बाद कांग्रेस उम्मीवार को विजयी घोषित कर दिया। इसके बाद भाजपा ने हंगामा खड़ा कर चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए स्ट्रांग रूम में कार्यकर्ताओं ने धावा बोल दिया।

प्रशासन का दावा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्ट्रांग रूम में दाखिल होकर तोडफ़ोड़ कर अधिकारियों के साथ बदसलूकी भी की। इस मामले में प्रशासन के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस संबंध में खैरागढ़ एसडीओपी दिनेश सिन्हा ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि भाजपा नेताओं ने कानूनी सीमा लांघकर उपद्रव किया है। इस आधार पर मामला पंजीबद्ध  किया गया है। इस बीच विक्रांत सिंह और अन्य नेताओं पर बलवा, सरकारी कार्य में बाधा और शांति भंग करने जैसे संगीन मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।


खैरागढ़ में गुडंागर्दी पर प्रशासन की कार्रवाई जायज-नवाज
भाजपा नेताओं पर जुर्म दर्ज होने के मामले में तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि मतगणना के दिन भाजपा नेताओं का व्यवहार किसी गुंडागर्दी से कम नही था। इसलिए प्रशासन ने कानून के तहत कार्रवाई की है। खान का कहना है कि चुनावी हार से बौखलाहट में भाजपा नेताओं ने हिंसक रूख अख्तियार करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होनें कहा कि अच्छा होता कि हार के खिलाफ भाजपा नेताओं को कानूनी सहायता लेकर निर्णय को चुनौती देना था लेकिन खैरागढ़ में जिस तरह से भाजपा नेताओं ने 15 साल तक आंतक के दम पर राज किया उसी आचरण के तहत हिंसक घटना को भाजपा नेताओं ने अंजाम दिया। खान ने कहा भाजपा राज में चली परंपरा कांग्रेस सरकार बर्दाश्त नही करेगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news