राजनांदगांव

नवपदस्थ एसपी ने नक्सल ऑपरेशन में तगड़ी कार्रवाई का जताया इरादा
06-Jan-2022 2:52 PM
नवपदस्थ एसपी ने नक्सल ऑपरेशन में तगड़ी कार्रवाई का जताया इरादा

35वें एसपी के रूप में 2011 बैच के संतोष ने सम्हाला पदभार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जनवरी।
जिले के नवपदस्थ एसपी संतोष सिंह ने गुरुवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार सम्हालने के फौरन बाद मीडिया से मुखाातिब होते श्री सिंह ने नक्सल आपरेशन में तगड़ी कार्रवाई करने का अपना इरादा जाहिर किया। यानी उन्होंने अगले कुछ दिनों में सीमावर्ती राज्यों में द्रुतगति से नक्सल आपरेशन चलाने पर जोर दिया है।  2011 बैच के आईपीएस श्री सिंह का बतौर एसपी राजनांदगांव 6वां जिला है। वह 35वें एसपी के रूप में पदस्थ हुए हैं। श्री सिंह का नक्सल क्षेत्रों में काम करने का बेहतर अनुभव रहा है। नक्सल क्षेत्र में उन्होंने लंबा समय व्यतीत किया है।

मूलत: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के रहने वाले श्री सिंह ने छत्तीसगढ़ कैडर में आबंटित होने के बाद सीएसपी दुर्ग के रूप में प्रशासनिक कैरियर की शुरूआत की। इसके बाद वह दो साल तक घोर नक्सल प्रभावित सुकमा में एएसपी के तौर पर पदस्थ रहे। इसके बाद वह नारायणपुर, कोंडागांव, महासमुंद, रायगढ़, कोरिया के बाद हाल ही में जारी आदेश के तहत राजनांदगांव पदस्थ हुए। श्री सिंह को कम्युनिटी पुलिसिंग के लिए भी ख्याति प्राप्त है। उनके द्वारा कोरिया  में शुरू की गई नशामुक्ति अभियान ‘निजात’ को काफी सराहा गया। श्री सिंह को सख्त पुलिसिंग के लिए भी जाना जाता है।

मीडिया से औपचारिक चर्चा करते हुए उन्होंने अपनी प्राथमिकता गिनाते हुए कानून व्यवस्था, नक्सल अभियान के अलावा नशाखोरी के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने की जानकारी दी। इससे पहले श्री सिंह ने प्रभारी एसपी गोवर्धन सिंह ठाकुर से पदभार ग्रहण किया। उनका एएसपी प्रज्ञा मेश्राम ने गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया। तत्पश्चात अलग-अलग पुलिस अफसरों ने मुलाकात कर अपना परिचय दिया। इस दौरान एसपी कार्यालय में सीएसपी गौरव राय, लोकेश देवांगन समेत अन्य अफसरों ने उनका स्वागत किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news