राजनांदगांव

नांदगांव में पहली बार 22 लाख का गांजा जब्त
24-Feb-2022 12:23 PM
नांदगांव में पहली बार 22 लाख का गांजा जब्त

शहर के बीच तुलसीपुर में पकड़ाया आरोपी से 28 लाख के सोने के जेवरात भी बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 फरवरी।
मादक पदार्थों को लेकर राजनांदगांव पुलिस के कड़े रूख के अब सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं। पुलिस ने शहर के बीच तुलसीपुर के कुख्यात तस्कर से पहली बार 22 लाख रुपए कीमत की गांजा की खेप बरामद की है। पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह पदभार ग्रहण करने के बाद से सिलसिलेवार मादक पदार्थों और असामाजिक कुरीतियों से जुड़े कारोबारों पर नकेल कसने की कवायद कर रहे हैं। पुलिस ने जब्त गांजा के साथ आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक तुलसीपुर के पुखराज वर्मा के पास से 371 किलो गांजा बरामद किया है। जिसकी बाजार में कीमत 22 लाख रुपए आंकी गई है। वहीं पुलिस ने आरोपी के पास से 12 लाख रुपए भी नगद बरामद किया है। साथ ही आरोपी द्वारा इस कारोबार से मिले धन के जरिये खरीदे गए 28 लाख रुपए से अधिक की चैन और ब्रेसलेट भी जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने मीडिया से बातचीत में पूरे प्रकरण पर विस्तृत जानकारी दी। पुलिस ने मीडिया को आरोपी को पेश कर उसके तत्कालिन पृष्ठभूमि को लेकर जानकारी दी। आरोपी आदतन गांजा तस्कर है। इस बीच गांजा के साथ 12 लाख रुपए और 28 लाख के जेवरात मिलने के बाद पुलिस ने इन्कम टैक्स और ईडी को भी जानकारी दी है।

आरोपी पुखराज पर हत्या, लूट और मारपीट को मिलाकर 13 मामले रिकॉर्ड में है। वर्ष 1990 में आरोपी के विरुद्ध हत्या और लूटपाट का मामला दर्ज है। वर्ष 2003 में भी आबकारी के एक मामले में आरोपी पर जुर्म दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20-बी के तहत जुर्म दर्ज किया है।  यहां यह बता दें कि राजनांदगांव एसपी संतोष सिंह ने  अवैध धंधों पर लगाम कसने के लिए निजात कार्यक्रम भी चलाया है। इस कार्यक्रम के जरिये नशाखोरी और दूसरी सामाजिक बुराईयों से दूर रहने की लोगों को सीख दी जा रही है। एसपी के इस मुहिम को समूचे जिले में बेहतर प्रतिसाद मिला है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news