गरियाबंद

किसान न्याय योजना से क्रांतिकारी परिवर्तन-रविन्द्र
28-Feb-2022 3:15 PM
किसान न्याय योजना से क्रांतिकारी परिवर्तन-रविन्द्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 28 फरवरी।
राजिम माघी पुन्नी मेला में रविवार को कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे के मुख्य आतिथ्य एवं स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम की अध्यक्षता में किसान सम्मेलन सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में 290 हितग्राहियों को 449 लाख रूपए का कृषि सामग्री एवं चेक वितरण किया गया।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि कृषि, जल संसाधन मंत्री श्री चौबे ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का न्याय मॉडल देशभर के लिए मॉडल बन गया है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना एवं कृषि भूमिहीन मजदूर न्याय योजना से किसानों और लोगों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं। आज उनके पास क्रय शक्ति बढ़ी है। उन्होने कहा कि देश में एक सीजन में 98 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी करने वाला देश का एक मात्र राज्य है। उन्होने कहा कि धान खरीदी से किसानों के खाते में अभी तक 20 हजार करोड़ रूपए जा चुका है। श्री चौबे ने कहा कि गोधन न्याय योजना से अब बिजली बनेगी। किसानों के ट्रेक्टर गोबर से उत्पन्न हुए बायो गैस से चलेगी। गौठानों में कुटीर उद्योग लगाया जाएगा। श्री चौबे ने कहा कि आने वाले समय में किसानों को धान का, गोबर का और उनके उत्पाद का बेहतर दाम मिलगा।

इस अवसर पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पं. श्यामाचरण शुक्ल का पुण्य स्मरण करते हुए अंचल में उनके द्वारा किए गए सिंचाई क्षमता का विस्तार और विकास कार्यों को बताया। श्री चौबे ने कहा कि उनके अधूरे कार्यों को अवश्य पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि राज्य में छत्तीसगढ़ मॉडल की चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिक्षा, सुपोषण और सभी क्षेत्रों में विकास किया है। उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल से अब हर माता-पिता की इच्छा पूरी होगी। बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा से गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा दी जा रही है। इससे माता-पिता के सपने पूरे होंगे। उन्होंने आदिम जाति विकास विभाग द्वारा संचालित योजना की जानकारी भी दी। डॉ. टेकाम ने सांस्कृतिक दलों को प्रोत्साहन राशि, देवगुड़ी विकास, वन अधिकार पत्र और वनोपज खरीदी के सम्बंध में जानकारी दी। प्रथम ग्रामीण एवं पंचायत मंत्री एवं राजिम विधायक श्री अमितेष शुक्ल ने पूर्व मुख्यमंत्री श्यामाचरण शुक्ल की जयंती के अवसर पर उन्हें सादर नमन करते हुए कहा कि उनके भागीरथ प्रयासों से क्षेत्र में सिंचाई क्षमता में वृद्धि हुई है और किसानों की चिंता दूर हुई है। उन्होंने कहा कि आज किसान दो-दो फसल लेकर समृद्ध हो रहे हैं।

श्री शुक्ल ने गोधन न्याय योजना को अनोखी योजना बताते हुए कहा कि इसकी प्रशंसा देश भर में किया जा रहा है। सम्मेलन को छत्तीसगढ़ शाकाम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री रामकुमार पटेल, छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र शर्मा ने भी सम्बोधित किया। इसके पूर्व कृषक सम्मेलन में किसानों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। सम्मेलन में कृषि विभाग द्वारा 23 कृषकों को आत्मा योजनान्तर्गत विकासखण्ड स्तरीय कृषि उत्पादकता पुरस्कार, 40 कृषकों को आरकेव्हीवाय योजना अंतर्गत मक्का मिनिकिट, 15 कृषकों को कृषि यांत्रिकीकरण सबमिशन योजना अंतर्गत 50 प्रतिशत अनुदान पर हस्तचलित कृषि यंत्र वितरण, अधोसंरचना मद से 20 स्व सहायता समूहों को नि:शुल्क ग्राश कटर एवं विद्युत पम्प तथा 54 कृषि, पशुपालन एवं मछलीपालन हेतु कृषकों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदाय किया गया।  5 कृषकों को पावर वीडर, 10 कृषकों को धनिया बीज, 23 कृषकों को आईस बाक्स का वितरण किया गया।  25 पशुपालकों को नर बकरा तथा 5 कृषकों को सूकरत्रीय सहित कुल 290 हितग्राहियों को 449 लाख रूपए का कृषि सामग्री एवं चेक वितरण किया गया।

सम्मेलन में योग अयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष धनराज मध्यानी, जनपद पंचायत अध्यक्ष पुष्पा जगन्नाथ साहू, जिला पंचायत सदस्य मधुबाला रात्रे, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी साहू एवं श्रीमती लोकेश्वरी नेताम, भावसिंह साहू, योगेश साहू, जीत सिंग, सौरभ शर्मा, रूपेश साहू, ताराचंद मेघवानी, विकास तिवारी, सुनील तिवारी आदि उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news