राजनांदगांव

कांग्रेस ने खेला लोधी कार्ड, यशोदा उम्मीदवार
22-Mar-2022 2:24 PM
 कांग्रेस ने खेला लोधी कार्ड, यशोदा उम्मीदवार

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष की जवाबदारी से पहले जिपं सदस्य भी रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 मार्च।
खैरागढ़ उपचुनाव के लिए  कांग्रेस ने अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। दोपहर बाद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर कांग्रेस महासचिव और चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक ने श्रीमती यशोदा वर्मा को  कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी होने के विधिवत आदेश जारी किए। खैरागढ़ उपचुनाव में लोधी समाज से उम्मीदवार होने की अटकलें लगाई जा रही थी। कांग्रेस ने लोधी समुदाय से यशोदा वर्मा को बेहतर उम्मीदवार माना। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल श्रीमती वर्मा को प्रत्याशी बनाए जाने पर लगभग रजामंद थे। टिकट के लिए विजय वर्मा, दशमत जंघेल भी लोधी समाज से दावेदारी कर रहे थे। गैर लोधी समाज से उत्तम सिंह ठाकुर, निलेन्द्र शर्मा, पदम कोठारी और खैरागढ़ राजपरिवार से पदमादेवी सिंह का भी नाम चर्चा में था। इस बीच  कांग्रेस ने जातिगत समीकरण के तहत यशोदा वर्मा पर दांव खेला है।

उधर वर्तमान में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष की जवाबदारी भी सम्हाल रही है। वहीं वह पूर्व में जिला पंचायत सदस्य भी रही है। उधर लोधी वर्ग से प्रत्याशी घोषित कर कांग्रेस ने भाजपा को भी इसी समीकरण के तहत निर्णय लेने के लिए मजबूर कर दिया है। भाजपा से कोमल जंघेल का नाम लगभग तय माना जा रहा है। कोमल लोधी समाज के बड़े चेहरे माने जाते हैं। इस तरह यह संभावना है कि खैरागढ़ में फिर से लोधीवाद का दौर शुरू हो जाएगा।

यहां यह बता दें कि मंगलवार दोपहर को यशोदा वर्मा ने जिला पंचायत में रिटर्निंग ऑफिसर लोकेश चंद्राकर के सामने पर्चा भी दाखिल किया है। 24 तारीख को नामांकन जमा करने की आखिरी दिन कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर यशोदा रैली के साथ नामांकन जमा करेंगी। भाजपा प्रत्याशी भी संभवत: इसी तारीख को शक्ति प्रदर्शन करते हुए पर्चा दाखिल कर सकते हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news