राजनांदगांव

ढ़ाबा से लेकर मुहल्ले तक आधी रात चले झगड़े और गोली चलने की घटना से खैरागढ़ पुलिस रही बेखबर
20-Sep-2022 12:15 PM
ढ़ाबा से लेकर मुहल्ले तक आधी रात चले झगड़े और गोली चलने की घटना से खैरागढ़ पुलिस रही बेखबर

फायरिंग से खैरागढ़ पुलिस की सुरक्षा खामियां उजागर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 सितंबर।
तीन दिन पहले खैरागढ़ शहर में एक पीएसओ की पिस्टल छीनकर फायरिंग की घटना ने पुलिस की सुरक्षा खामियों को उजागर कर दिया है। ढ़ाबा मालिक और कुछ युवकों के साथ दिवंगत पूर्व विधायक स्व. देवव्रत सिंह की दूसरी पत्नी विभा सिंह की सुरक्षा में तैनात पीएसओ के आपसी लड़ाई में गोली चलने की वारदात से पूरा शहर हैरान है। खैरागढ़ के जिस जगह गोली चलाने की वारदात हुई है, वह एक रसूखदार इलाका है।

इस क्षेत्र में राजनीतिक और गैर राजनीतिक प्रबुद्ध वर्ग के अलावा एसडीओपी कार्यालय और खैरागढ़ युनिवर्सिटी का हिस्सा स्थित है। एसडीओपी कार्यालय से महज 200 मीटर दूर हुए इस वारदात ने खैरागढ़ पुलिस की लापरवाही को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। खैरागढ़ के जमातपारा इलाके में हुए घटना से पूरा मोहल्ला हिल गया। जबकि वाद-विवाद और गोली चलने की आवाज से खैरागढ़ पुलिस बेखबर रही। हाल ही में नए जिले के रूप में अस्तित्व में आए खैरागढ़ शहर की कानून व्यवस्था को इससे गहरा धक्का लगा है।

मिली जानकारी के मुताबिक पीएसओ ईश्वर सिंह ने अपने साथी के संग ढ़ाबा में जमकर उपद्रव मचाया था। पीएसओ की हरकत से बर्थ-डे पार्टी कर रहे युवकों का मजा किरकिरा होने लगा। जिसके चलते टोका-टाकी करने से पीएसओ भडक़ गया और वहां विवाद शुरू हो गया। बाद में युवकों की तलाश करते हुए पीएसओ जमातपारा मोहल्ले में धमक गया। इस दौरान युवकों में से लक्की उर्फ रिजवान सोलंकी ने पीएसओ का पिस्टल छीन लिया और उसने फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से वहां अफरा-तफरी मच गई। लगभग दो घंटे चले उपद्रव की खबर खैरागढ़ पुलिस के  कानों तक नहीं पहुंची। घटना की खबर थोड़ी देर में शहर में फैल गई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई।

आनन-फानन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जिसमें पीएसओ ईश्वर सिंह और उसके साथी मृणाल सिंह को हिरासत में लिया गया। इसके बाद पुलिस ने गोली चलाने के आरोप में रिजवान उर्फ लक्की समेत देवा सिंह, विक्की राजपूत और हेमंत रजक को गिरफ्तार किया है। हालांकि पीएसओ के साथ हुई घटना को लेकर विभा सिंह ने पुलिस से शिकायत की थी। जिसमें उन्होंने पदमादेवी सिंह को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पूरा मामला एक तरह से राजघराने की जायदाद बंटवारे से जुड़ा हुआ है। ऐसे में पुलिस के लिए सुरक्षा बंदोबस्त को पुख्ता करना एक बड़ी चुनौती है।

 पीएसओ निलंबित
विभा सिंह के पीएसओ को सरकार ने निलंबित कर दिया है। वीआईपी सुरक्षा वाहिनी के पीएसओ ईश्वर सिंह पर ढ़ाबा में उपद्रव करने का आरोप है। साथ ही युवकों के साथ मामूली विवाद को बढ़ाने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पीएसओ नशे में धुत्त था। इसके चलते वह विवाद करने पर आमादा हो गया। उसकी पिस्टल से गैर युवक द्वारा फायरिंग करने के मामले को गैरजिम्मेदार होने के चलते पीएसओ को निलंबित कर दिया गया है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news