मुंगेली

पिता ने दिव्यांग सौतेली बेटी को गला घोंटकर मार डाला
21-Oct-2022 7:16 PM
पिता ने दिव्यांग सौतेली बेटी को गला घोंटकर मार डाला

आरोपी 40 दिन बाद कानपुर से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मुंगेली, 21 अक्टूबर।
बीते महीने हुई 9 साल की बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके सौतेले पिता को कानपुर से गिरफ्तार किया है। उसने बताया कि बच्ची के बीमार होने के कारण परेशान होकर घटना को अंजाम दिया।

मुंगेली जिले के झगरकट्टा गांव में पिछले माह एक बच्ची की लाश बोरी में अर्धनग्न अवस्था में बंद मिली थी। पुलिस की छानबीन से उसकी पहचान संध्या के रूप में हुई। उसकी मां लक्ष्मी की 2 साल पहले मौत हो गई थी और वह अपने सौतेले पिता मनोज कुर्रे के साथ रहती थी। बच्ची के पिता राजू की भी 4 साल पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद उसकी पत्नी लक्ष्मी और आरोपी मनोज साथ रहने लगे थे।

पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि सौतेला पिता मनोज घर से भाग गया है। हत्या में उसी का हाथ होने की आशंका के बाद पुलिस ने जानकारी जुटाई तो मालूम हुआ कि वह पहले कमाने खाने के लिए उत्तर प्रदेश के कानपुर जा चुका है। इस बार भी वही गया होगा। पुलिस को यह भी मालूम हुआ कि वहां वह रिक्शा चलाता था। पुलिस की टीम आरोपी का फोटो लेकर कानपुर पहुंच गई और वहां उसके किराए के घर को ढूंढ लिया। घर में वह नहीं मिला तो अगले दिन उसे रिक्शा गैरेज से पकड़ लिया गया।

आरोपी मनोज ने बताया कि उसकी पत्नी लक्ष्मी की मौत के बाद सौतेली बेटी संध्या की देखभाल की पूरी जिम्मेदारी उसी पर आ गई थी। संध्या विकलांग थी वह चल फिर नहीं पाती थी। उसे नहलाना धुलाना, खाना खिलाना सभी उसे करना पड़ता था। उसके खुद अपने रहने खाने का इंतजाम मुश्किल से हो रहा था। इसलिए उसने बच्ची की हत्या का इरादा बना लिया। घटना के दिन 13 सितंबर को उसने एक कपड़े से संध्या का गला घोट दिया और बोरी में भरकर लाश को गांव से बाहर खेत में फेंक कर आ गया। उसके बाद कानपुर भाग गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news