राजनांदगांव

अल्लाह की इबादत का पाक महीना रमजान 23 से
21-Mar-2023 1:41 PM
अल्लाह की इबादत का पाक महीना रमजान 23 से

चांद के दीदार के साथ मुस्लिम समुदाय माहभर रखेगा रोजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 मार्च।
अल्लाह की इबादत के लिए पवित्र महीना रमजान की 23 मार्च से शुरूआत होगी। चांद के दीदार के साथ मुस्लिम समुदाय तकरीबन एक माह तक रोजे रखेगा। वहीं पांच वक्त की नमाज की रिवायतें भी मुस्लिम धर्मावलंबी करेंगे। मस्जिदों को खास रूप देने की तैयारी अंतिम दौर में है। शहर के जामा मस्जिद के अलावा हन्फी मस्जिद, नूरी मस्जिद और अन्य मस्जिदों में नमाजियों के लिए एक विशेष व्यवस्था की गई है। शहर में रमजान पर्व के लिए समुदाय की ओर से घरों में भी विशेष व्यवस्था की गई है। रोजेदारों के लिए घरों में विशेष पकवान भी बनाए जाएंगे। रमजान के महीने को मुस्लिम धर्मावंबी इबादत का महीना भी मानते हैं। इस महीने समाज के लोग रात में तरावीह की नमाज के साथ कुरआन शरीफ भी पढ़ते हैं। ऐसा माना जाता है कि रमजान के समय रोजा रखने से अल्ला-ता-आला रोजेदारों पर मेहरबान होते हैं।

इस महीने जकात का भी विशेष महत्व है। यानी अपनी कमाई के कुछ हिस्सों को जरूरतमंदों में बांटने से नियाज नसीब होती है। इस बीच सेहरी से लेकर इफ्तारी के बीच कठिन रोजा रखकर रोजेदार अल्लाह की इबादत करते नमाज अदा करते हैं। घरों में रोजेदारों के लिए नमाज के दौरान दी जाने वाली तमाम सुविधाएं मुहैया कराई जाती है। मस्जिदों में हर तबके के लोग पांचो वक्त की नमाज के दौरान सामूहिक रूप से जुटते हैं। महीनेभर तक रोजे रखने के बाद मुस्लिम धर्मावलंबी अगले माह 22 अप्रैल को ईद-उल-फितर पर्व मनाएंगे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news