राजनांदगांव

मध्यप्रदेश ने महाराष्ट्र को और राजस्थान ने गुजरात को किया पराजित
21-Mar-2023 2:42 PM
मध्यप्रदेश ने महाराष्ट्र को और राजस्थान ने गुजरात को किया पराजित

  प्रथम हॉकी इंडिया वेस्ट जोन जूनियर हॉकी चैम्पियनशिप 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 21 मार्च। हॉकी इंडिया द्वारा संचालित व छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा आयोजित प्रथम हॉकी इंडिया वेस्ट जोन जूनियर बालक-बालिका हॉकी चैम्पियशिप में सोमवार को हॉकी मध्यप्रदेश ने हॉकी महाराष्ट्र को और हॉकी राजस्थान ने हॉकी गुजरात को दोनों ही वर्गो में लंबे अंतर से हराकार 3-3 अंक प्राप्त किए।

सोमवार को प्रतियोगिता में जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष व प्रधान संपादक सुशील कोठारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक ए.एक्का व सदस्य राज्य हज कमेंटी की सदस्य रूबिना अल्वी, यश कतलम, दीपांकार खोब्रगडे, भूषण साव, फिरोज अंसारी ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर शुभकामनाएं दी।

संस्कारधानी के अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान में खेली जा रही प्रथम हॉकी इंडिया वेस्ट जोन जूनियर बालक-बालिका हॉकी चैम्पियनशिप के दूसरे रोज प्रथम खंड में प्रात: बालिकाओं के मैच खेले गए। जिसमें पहले मैच में हॉकी मध्यप्रदेश ने हॉकी महाराष्ट्र को 8-0 गोल से आसानी से पराजित कर दिया। मध्यप्रदेश ने मैच के पहले व दूसरे क्वाटर में 3-3 गोल व तीसरे, चौथे क्वाटर में 1-1 गोल करते 8-0 गोल से मैच अपने पक्ष में कर लिया। मध्यप्रदेश की ओर से कप्तान भुमिक्षा साहू ने 3, खुशी कटारिया ने 2 एवं स्वाति, सोनिया कुमरे, और आयुषी पटेल ने 1-1 गोल किया। दूसरे खेले गए एकतरफे मुकाबले में हॉकी राजस्थान ने हॉकी गुजरात को 10-0 गोल से हराया। राजस्थान ने मैच के पहले क्वाटर में 2, दूसरे क्वाटर में 5 व तीसरे क्वाटर 3 गोल किए थे। राजस्थान की ओर से कोमल गुर्जर ने 5 कप्तान चेतनारानी दास ने 4 व रजनी ने 1 गोल किया था।

स्पर्धा के तहत दोपहर में खेले गए बालक वर्ग के पहले मैच में हॉकी मध्यप्रदेश ने कड़े संघर्ष में हॉकी महाराष्ट्र को 3 के मुकाबले 5 गोल पराजित किया। मैच के पहले दो क्वाटर में मध्यप्रदेश 2-2 गोल कर मध्यांतर पूर्व 4-0 से आगे थी। वहीं तीसरे क्वाटर में स्थिति 4-1 थी, लेकिन मैच का चौथा क्वाटर संघर्ष पूर्ण रहा। जिसमें महाराष्ट्र ने 2 और मध्यप्रदेश ने 1 गोल किए और मैच समाप्ति पर मध्यप्रदेश 5-3 गोल से विजयी रही। दूसरे खेले गए एकतरफा मैच में हॉकी राजस्थान ने हॉकी गुजरात को 10-1 गोल से पराजित किया। राजस्थान की टीम चारों ही क्वाटर में गोल स्कोर करती रही। राजस्थान की ओर से जितेन्द्र सिंह शेखावत ने 5, दीपू चौधरी ने 2, सुधीर रविन्द्र सिंह और कुलबीर सिंह ने 1-1 गोल किए। वहीं गुजरात की ओर से 1 मात्र गोल निकुंज ने किया।

प्रतियोगिता में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार बालिका वर्ग के पहले मैच में सोनिया कुमरे मध्यप्रदेश, दूसरे मैच में स्नेहा कुमावत राजस्थान को तथा बालक वर्ग में तुषार परमार मध्यप्रदेश व चौथे मैच में करण परमार गुजरात को प्रदान किया गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news