कोण्डागांव

परशुराम जयंती पर सर्व ब्राह्मण समाज ने निकाली भव्य रैली
23-Apr-2023 12:58 PM
परशुराम जयंती पर सर्व ब्राह्मण समाज ने निकाली भव्य रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 22 अप्रैल। भगवान विष्णु के छठे अवतार कहे जाने वाले भगवान परशुराम की जन्मोत्सव कार्यक्रम कोण्डागांव में सर्व ब्राह्मण समाज के माध्यम से मनाया गया।

इस अवसर पर 22 अप्रैल को सामाजिक भवन में जिला भर के ब्राह्मण समाज के जन एकत्र हुए। यहां भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद नगर में सामाजिक जनों के माध्यम से भव्य रैली का आयोजन किया गया।

यह पहला अवसर था-जब ब्राह्मण समाज के जनों के द्वारा सामूहिक रैली निकालते हुए शक्ति प्रदर्शन किया गया है। इधर, सर्व ब्राह्मण समाज के द्वारा निकाले गए रैली का नगरपालिका उपाध्यक्ष व भाजपा पदाधिकारी जसकेतु उसेंडी के द्वारा सिटी कोतवाली चौक पर शीतल पेय का वितरण कर स्वागत किया गया। शीतल पेय वितरण के दौरान भाजपा के अन्य पदाधिकारी भी नजर आए।

जिला मुख्यालय कोण्डागांव के बड़ेकनेरा मार्ग में सर्व ब्राह्मण समाज के माध्यम से भगवान परशुराम विप्रभवन का निर्माण किया जा रहा है। इस निर्माणाधीन भवन में 22 अप्रैल को भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम जी का जन्म उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सामाजिक पदाधिकारियों ने बताया कि, जन्म उत्सव अवसर पर सुबह से ही सामाजिक भवन में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां पूजा अर्चना व प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ, तो वहीं दोपहर बाद नगर में शक्ति प्रदर्शन करते हुए भव्य रैली का आयोजन हुआ। रैली कोण्डागांव नगर के परशुराम भवन से शुरू होकर बड़ेकनेरा मार्ग से चिखलपुटी, जगदलपुर नाका, बांधा तालाब, सिटी कोतवाली चौक, बस स्टैंड, मस्जिद चौक, जय स्तंभ चौक, जामकोटपारा चौक होते हुए कलेक्टर कार्यालय और वापस कलेक्टर कार्यालय से भगवान परशुराम विप्रा भवन पहुंची।

रैली में सामाजिक जन सैकड़ों की संख्या में शामिल हुए। पहली बार कोण्डागांव जिला में संयुक्त रूप से मनाया जा रहा परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम के तहत सामाजिक महिलाएं भी पुरुषों के बराबर अपना योगदान देती हुई नजर आई।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news