कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 6 मई। जिला मुख्यालय कोण्डागांव में 5 मई की देर शाम लोकतंत्र बचाओ मशाल रैली का आयोजन किया गया। एनएसयूआई के नेतृत्व में निकाली गई मशाल रैली में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम रैली की अगुवाई करते हुए नजर आए।
रैली के दौरान मुख्यालय में तेज बारिश होने लगी। तेज बारिश के बावजूद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ, मशाल हाथों में लिए कार्यकर्ता और पदाधिकारी पुराना सर्किट हाउस से बस स्टैंड होते हुए मस्जिद चौक से जय स्तंभ चौक पहुंचे, जहां से रैली इसी रास्ते वापस पुराना रेस्ट हाउस पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया।
हजारों की संख्या में एनएसयूआई के कार्यकर्ता जिला मुख्यालय कोण्डागांव के पुराना रेस्ट हाउस में देर शाम एकत्र हुए। यहां से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम की अगुवाई में लोकतंत्र बचाओ मशाल रैली का आयोजन किया गया।
लोकतंत्र बचाओ मशाल रैली के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने केंद्र में बैठी मोदी सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि, केंद्र में बैठी मोदी सरकार के द्वारा लोकतंत्र का गला घोटने का कार्य किया जा रहा है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की आजादी नहीं है।
रैली के दौरान एनएसयूआई के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि, केंद्र सरकार युवाओं के साथ, छात्रों के साथ, खिलाडिय़ों के साथ, देश के लोकतंत्र का गला घोटने का काम कर रही है। इसके चलते पूरे छत्तीसगढ़ में आज लोकतंत्र बचाओ रैली का आयोजन किया गया है। जिसमें युवाओं ने भारी उत्साह के साथ अपनी सहभागिता निभाई है।