कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव 12 मई। आज कोण्डागांव जिला क्षेत्र के सबसे बड़े मर्यादित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नवीन भवन शाखा का छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम ने फीता काटते हुए सौगात दी है।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंतर्गत 15 लेम्प्स के 20 हजार से अधिक किसान शामिल हंै। जिन्हें सीधे तौर पर सर्व सुविधा युक्त बैंक शाखा मिलने से कई परेशानियों से निजात मिलेगी। शुभारंभ अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम, जिला उपाध्यक्ष भगवती पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष झूमुक लाल दीवान समेत कई अन्य यहां नजर आए।
जिला मुख्यालय कोण्डागांव के पुराना जिला अस्पताल परिसर में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित नवीन शाखा का शुभारंभ किया गया है। नवीन शाखा के तहत क्षेत्र के 15 लेम्प्स शामिल हंै। इसमें कुल 20 हजार से अधिक किसान पंजीकृत है। वहीं धान के लिए पंजीकृत 10 हजार किसानों से 107 करोड रुपए का धान छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीदा है, तो 35 करोड़ का ऋण इन किसानों को वितरित भी किया गया है। उद्घाटन समारोह पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम ने छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्या भूपेश बघेल के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि, वे किसानों के हित में सदैव सोचते हैं। इसी किसान हित के लिए कई निर्णय लिए जा रहे हैं, जिनका वे खुले दिल से स्वागत करते हैं।