राजनांदगांव

तेल-शक्कर कारोबारी के कर्मी से 10 लाख की लूट
25-May-2023 3:43 PM
तेल-शक्कर कारोबारी के कर्मी से 10 लाख की लूट

शहर के सागर ट्रेडर्स कर्मी पर पुलिस को शक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 मई।
तेल-शक्कर कारोबारी के एक कर्मचारी से कथित रूप से 10 लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया है। खैरागढ़ रोड स्थित कांकेतरा के पास 3 अज्ञात लोगों ने कर्मी का पीछा किया। लघुशंका के लिए रूके कर्मी अज्ञात लोगों को आते देखकर बैग छोडक़र भाग गया। पुलिस में शिकायत के बाद कर्मी से पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि कर्मी की भूमिका लूट के मामले में संदिग्ध है।

मिली जानकारी के मुताबिक सागर ट्रेडर्स का एक कर्मी हमेशा की तरह खैरागढ़ और गंडई क्षेत्र से तेल और शक्कर की वसूली कर लौट रहा था। उसके बैग में करीब 8 से 10 लाख रुपए थे। बीती शाम को लगभग 7 से 8 बजे के बीच मोटर साइकिल से लौटते वक्त वह लघुशंका के लिए कांकेतरा के नजदीक रूका। तीन अज्ञात लोगों को आते देखकर वह डर गया और बैग छोडक़र फरार हो गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कर्मचारी के रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों की खोजबीन की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि कर्मचारी ने यह भी बताया कि खैरागढ़ से अज्ञात लोगों द्वारा पीछा किए जाने का आभास था। लघुशंका करने के दौरान अचानक वह अज्ञात युवकों को आते देखकर डर के मारे बैग छोडक़र भाग गया। बताया जा रहा है कि आरोपियों के संबंध में पुलिस के पास अब तक ठोस सुराग नहीं मिले हैं। चिखली चौकी प्रभारी शैलेन्द्र ठाकुर ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अलग-अलग तथ्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news