कोण्डागांव

जनप्रतिनिधि पहुंचे गौठान, गोबर खरीदी सहित अन्य गतिविधियों का लिया जायजा
27-May-2023 9:34 PM
जनप्रतिनिधि पहुंचे गौठान, गोबर खरीदी सहित अन्य गतिविधियों का लिया जायजा

   महिला समूहों से रूबरू चर्चा कर बढ़ाया उत्साह  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 27 मई।
जिले के बड़ेराजपुर ब्लॉक के जनप्रतिनिधियों ने विगत दिवस ब्लॉक के विभिन्न गौठानों का भ्रमण कर गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन और अन्य आयमूलक गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्यामा साहू तथा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अध्यक्ष गौठान समिति मानसाय नेताम, गौठान समिति के सदस्य मेघाराम कुलदीप द्वारा ग्राम लिहागांव, बालेंगा, बांसकोट, मचली, मानिकपुरी एवं छोटेमालगांव का निरीक्षण किया गया। 

इस मौके पर उक्त जनप्रतिनिधियों ने गौठानों में  पशुओं के लिए पैरा-चारा की व्यवस्था, पानी की उपलब्धता सहित गोबर खरीदी एवं वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन इत्यादि गतिविधियों को देखा। इसके साथ ही वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन से जुड़े महिला स्व सहायता समूहों की महिलाओं से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया। 

इस दौरान लिहागांव गौठान में वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन करने वाले माँ दंतेश्वरी स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष रेखा कोर्राम ने बताया कि गौठान में 4250 क्विंटल गोबर की खरीदी करने सहित अब तक 1292 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट खाद निर्मित किया गया है। 
इसी तरह मानिकपुर गौठन में दुर्गा महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष चंद्रिका ने बताया कि उनके गौठान में अब तक 1312 क्विंटल गोबर क्रय करने के साथ ही 515 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट खाद का उत्पाद किया गया है।

 इसी तरह बालेंगा, बासकोट, छोटे मालगांव गौठान में भी समूह की महिलाओं ने वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन के बारे में जानकारी दी। इन महिलाओं ने बताया कि गौठान में वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन से उन्हे आय का अतिरिक्त जरिया मिल गया है। अब वे गौठान में साग-सब्जी उत्पादन करने का निर्णय लेकर बारिश के दिनों में इसे शुरू करेंगे। 

बड़ेराजपुर ब्लॉक के जनप्रतिनिधियों ने उक्त गौठानों का निरीक्षण कर बताया कि गौठानों को निर्धारित मापदंड अनुसार बनाया गया है। गौठान में मवेशी का नियमित आना-जाना हो रहा है। 

गौठानों में पैरा संग्रहित होना पाया गया और स्व सहायता समूह के सदस्यों को आयमूलक गतिविधियों से फायदा मिल रहा है। वहीं गांव के आमजनों गोबर विक्रय एवं अन्य गतिविधियों के द्वारा इस योजना से लाभ मिल रहा है। गौठानों का संचालन नियमित रूप संचालित हो रहा है। गौठानों का खर्च हुई राशि का व्यय प्राक्कलन के आधार पर किया गया है और उक्त सभी गौठानों में गौठान समिति के सदस्य सक्रिय होकर सहभागिता निभा रहे हैं। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news