कोण्डागांव

नवोदय विद्यालय के पास मरकाम के हाथों संत सेवालाल की प्रतिमा का अनावरण
30-May-2023 8:52 PM
नवोदय विद्यालय के पास मरकाम के हाथों  संत सेवालाल की प्रतिमा का अनावरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 30 मई। जिला मुख्यालय कोण्डागांव के नवोदय विद्यालय के पास 30 मई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम के हाथों संत सेवालाल प्रतिमा का अनावरण किया गया।

 प्रतिमा का अनावरण करते हुए नवोदय विद्यालय के पास स्थित चौक का नाम आज से संत सेवालाल चौक घोषित किया गया है। संत सेवालाल की प्रतिमा का अनावरण बंजारा समाज के प्रयास से कोण्डागांव में किया गया है। वहीं प्रतिमा अनावरण के दौरान भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य लता उसेंडी भी नजर आई।

 प्रतिमा अनावरण के संबंध में समाज के जिलाध्यक्ष लोकनाथ राठौर ने बताया कि, जिला बंजारा समाज लगभग 8 वर्ष से कोण्डागांव में संत सेवालाल की प्रतिमा स्थापना के लिए शासन के समक्ष ज्ञापन सौंपते आया है। लगातार कई वर्षों की मांग के बावजूद इसे अनसुना कर दिया गया।

इसी बीच छत्तीसगढ़ शासन के मुखिया भूपेश बघेल ने समाज की मांग को समझा और नवोदय विद्यालय के पास स्थित चौक को संत सेवालाल प्रतिमा स्थापित करने के लिए प्रशासनिक स्वीकृति के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की अनुशंसा और सामाजिक जनों के आर्थिक सहयोग से लगभग पांच लाख रुपए की लागत से संत सेवालाल के प्रतिमा का निर्माण कर नवोदय विद्यालय के पास स्थित चौक में इसका आज विधायक मोहन मरकाम के हाथों अनावरण करवाया गया है। प्रतिमा अनावरण के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम ने सामाजिक जनों को बधाई दी है।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष भगवती पटेल, जिला पंचायत सदस्य बाल सिंह बघेल, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा यादव, संसद प्रतिनिधि दशरथ नेताम, पूर्व पालिका अध्यक्ष कैलाश पोयाम, राज्य शाकंभरी बोर्ड के सदस्य अनुराग पटेल, अन्य कांग्रेसी, समाज के सचिव महेश नायक, वरिष्ठ सदस्य व संरक्षक सुखिया राम चौहान, सहित भारी संख्या में सामाजिक जन मौजूद रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news