बलौदा बाजार

नाली निर्माण के लिए जगह-जगह खोदे गए गड्ढे अब बन रहे मुसीबत
26-Jun-2023 8:03 PM
नाली निर्माण के लिए जगह-जगह खोदे गए गड्ढे अब बन रहे मुसीबत

नगर सीमा से लगे लटुवा रोड तक चल रहा नाली निर्माण कार्य

बलौदाबाजार, 26 जून। बरसात प्रारंभ होने के बाद भी नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न वार्डों में नाली निर्माण का कार्य जारी है। इस कार्य के लिए जगह-जगह गड्ढे कर दिए जाने के चलते नगरवासियों के लिए बहुत बड़ी मुसीबत का कारण बनते जा रही है। इसके अलावा बलौदाबाजार-निपनिया मार्ग निर्माण कार्य के ठेकेदार द्वारा भी नगर सीमा से लगे लटुवा रोड तक नाली निर्माण का कार्य किया जा रहा है।

बारिश के चलते खोदे गए स्थानों पर मलमा की वजह से जगह-जगह कीचड़ व गंदगी का आलम है। वहीं गहरे गड्ढे लगातार दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं। इसकी सुध प्रशासन अथवा जनप्रतिनिधियों द्वारा नहीं लिया जा रहा है। वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर नाली निर्माण का कार्य संभव भी प्रतीत नहीं होता है। यदि नाली निर्माण कर भी दी जाती है तो इसकी गुणवत्ता प्रभावित होने से इंकार नहीं किया जा सकता।

विदित हो कि नगर के बहुत से वार्ड में नाली निर्माण कार्य हेतु बड़े-बड़े गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। इसके चलते लोगों को अपनी घरों तक पहुंचने लकड़ी के पाटा का उपयोग करना पड़ रहा है। इन अधूरे कार्यों में सर्वाधिक बुरी स्थिति बलौदा बाजार से ग्राम लटुवा रोड में एडीबी द्वारा निर्माणाधीन सडक़ तथा इसकी आरसीसी नाली निर्माण है। पं. बंसराज तिवारी चौक के पास से लटुवा रोड स्थित सोलहा तालाब तक एडीबी द्वारा अब तक सडक़ निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया है। सडक़ के दोनों और नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा है जो अब तक अधूरा है।

लोगों की परेशानी की बड़ी वजह यह है कि पूर्व की नालियों को एडीबी द्वारा तोड़ दिया गया है। तथा वर्तमान में कच्ची नालियों से जैसे-तैसे निस्तारी का पानी निकल पा रहा है। वही खोदी गई नाली में बहाव के लिए आधार निर्माण कार्य भी नाली के गंदे पानी व बारिश के चलते बार-बार उखाड़ रहा है।

आलम यह है कि पिछले 2 से 3 दिनों की हुई बारिश के बाद नालियों का गंदा पानी जगह-जगह लोगों के घरों के सामने तथा मुख्य मार्ग में जमा होने लगा है। इस मार्ग का उपयोग कर लोग बिलासपुर आना-जाना करते हैं। इसके अलावा 2 दर्जन से अधिक मार्गों के सैकड़ों लोग प्रतिदिन आवश्यक कार्य कार्यों से जिला मुख्यालय पहुंचते हैं। वहीं बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शिक्षण संस्थाओं में पहुंचते हैं। नाली हेतु गड्ढा खोद दिए जाने तथा बारिश के पानी की वजह से पसरे कीचड़ में छोटे बच्चे जान जोखिम में डालकर आवागमन करने मजबूर हैं।

बलौदाबाजार बना खुदा बाजार

नगर पालिका के विभिन्न वार्डों में सडक़ नाली निर्माण कार्य अधूरे पड़े हुए हैं। इसके चलते ही गलियों में रहने वाले लोगों को अत्यधिक असुविधाजनक परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर की आवागमन की दृष्टि से व्यवस्था नगरपालिका के सामने की सडक़ आज भी अधूरी पड़ी हुई है। वहीं नगर के ह्रदय स्थल गांधी चौक के सामने से लेकर बालक शाला तक जाने वाली सडक़ के किनारे गोपाल मंदिर के पीछे गली के अलावा कई वार्डों में पुरानी नालियां तोडक़र नहीं नालियों का निर्माण भी जारी है। जिससे इन मार्गों से गुजरने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

लकड़ी का पाटा लगाने में समस्या

बारिश की वजह से नालियों के दोनों किनारों पर मिट्टी के ढेर बह जाने से आमजन लकड़ी का पाटा भी नहीं लगा पा रहे हैं। इसके कारण गहरी नाली को लांध कर अपने घर प्रवेश करना पड़ रहा है। कुछ स्थानों पर इसी वजह से महिलाओं और बच्चों का घर से निकलना भी दूभर हो गया है। वर्तमान में जारी बारिश में अधूरी नाली का निर्माण कार्य नगर पालिका प्रशासन व ठेकेदार के लिए चुनौती बना हुआ है। बारिश के दिनों में खोदे गए गड्ढों में पानी भर जाने से नगर वासियों की मुसीबतें और अधिक बढ़ सकती है। नगरवासियों ने जिला व नगर पालिका प्रशासन से संबंधित कार्य के ठेकेदारों को नाली निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने हेतु निर्देश देने की मांग किया गया है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news