गरियाबंद

रोहित साहू भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी, नहीं होगा टिकट में फेरबदल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 25 सितम्बर। रविवार सुबह शहर के प्रेम रतन पैलेस में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने पत्रकारो से चर्चा करते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि केंद्रीय समिति द्वारा घोषित प्रत्याशी नही बदले जाएंगे। उनसे पूछा गया था कि राजिम में भाजपा प्रत्याशी रोहित साहू को पार्टी ने बनाया है इससे पार्टी के ही कुछ नेताओं में नाराजगी व्याप्त है? इससे प्रत्याशी बदल तो नही रहे? श्री साव ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने सोच समझकर ही प्रत्याशी का चयन किया है।
रोहित साहू भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी है इन्हें टिकट दिए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। रोहित यहां से जीतेंगे। सवाल किया गया कि जो कार्यकर्ता नाराज चल रहे है उसे किस तरह से दूर करेंगे?
श्री साव ने जवाब देते हुए कहा कि ये घर परिवार की बात है जो रूठे है, नाराज है, उसे मना लेंगे और वे सब काम भी करेंगे। और जो नही मानेंगे तो? जवाब था सब मानेंगे, सबको मनाएंगे। श्री साव ने कहा कि कांग्रेस के लोग गांव में जाएंगे तो माताएं-बहने पूछेंगी कि गंगाजल हाथ में लेकर शराबबंदी का वादा किया था उसका क्या हुआ? इसी तरह बिजली बिल व कटौती को लेकर भी कांग्रेस के लोगों से जनता सवाल करने वाली है।
श्री साव पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। पत्रकार वार्ता के दौरान परिवर्तन यात्रा के प्रभारी शिवरतन शर्मा, पूर्व मंत्री महेश गांगड़ा, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, राजिम विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी रोहित साहू, राजिम नपा अध्यक्ष रेखा-जितेंद्र सोनकर, नवापारा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश साहू, राधेश्याम बंजारे, जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू, जिला भाजपा उपाध्यक्ष महेश यादव, नगर पंचायत राजिम के सभापति ओमप्रकाश आडिल, भाजपा नेता विकास साहू, भाजयुमो प्रशिक्षण प्रमुख रिकेश साहू, भाजयुमो नेता अभिषेक सोनकर सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे। बाकी 69 सीटो में प्रत्याशी कब तक घोषित हो जाएगा? जवाब था बहुत जल्द घोषित होगा। कांग्रेस 75 सीट का लक्ष्य लेकर चल रही है। भाजपा का लक्ष्य पूर्ण बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी इस बार सरकार बनाने जा रही है।
सीएम भूपेश बघेल का बहुत ही पॉपुलर नारा गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ श्री साव ने जवाब दिया नारा इन्होने जरूर दिया पर काम कुछ नही किया। छत्तीसगढ़ के हर वर्ग को ठगने का काम किया।
उनकी जितनी भी योजनाएं बनी वे सब भ्रष्टाचार करने के लिए बनी। विकास के सारे कार्य ठप्प है। छत्तीसगढ़ को बदहाल करके रख दिया। जनता परेशान है। इस सरकार से मुक्ति चाहती है। कहा कि दंतेवाड़ा से निकली परिवर्तन यात्रा का स्वागत करने गांव-गांव, शहर-शहर,कस्बा-कस्बा लोग उमड़ पड़े है इससे जाहिर है छत्तीसगढ़ की जनता परिवर्तन के मुड में आ गई है।