दन्तेवाड़ा

पीएससी घोटाले में होगी कार्रवाई-मनसुख
20-Oct-2023 10:04 PM
पीएससी घोटाले में होगी कार्रवाई-मनसुख

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 20 अक्टूबर।
  भारतीय जनता पार्टी की दंतेवाड़ा इकाई द्वारा शुक्रवार को परिवर्तन संकल्प सभा आयोजित की गई। चितालंका स्थित आउटडोर स्टेडियम में उक्त सभा आयोजित की गई। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया पहुंचे। 

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार द्वारा बेरोजगारों को ठगा गया है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण लोक सेवा आयोग परीक्षा के परिणामों से मिलता है। जिसमें कांग्रेस के चहेते  उम्मीदवारों को थोक के भाव में नियुक्तियां दी गई । यह बेरोजगारों के साथ खुल्लम-खुल्ला धोखा है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर इस घोटाले पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। बेरोजगारों के साथ न्याय किया जाएगा।

उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाएं। जिससे छत्तीसगढ़ का तेज गति से विकास हो सके। उन्होंने जनता से अब नहीं सहिबो - बदल के राखीबो के नारे को बुलंद करवाया।

भाजपा प्रत्याशी विधायक प्रत्याशी चैतराम अटामी के नामांकन दाखिले को उन्होंने साधारण नहीं बताया। केंद्रीय मंत्री ने नामांकन दाखिले को भाजपा सरकार बनने की तरफ एक कदम बताया। भाजपा सरकार बनने पर प्रदेश का सर्वांगीण विकास होगा। इस अवसर पर दंतेवाड़ा भाजपा संगठन के पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद थे। वहीं हजारों कार्यकर्ता भी मौजूद थे। आम सभा के उपरांत केंद्रीय मंत्री भाजपा प्रत्याशी के नामांकन हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय रवाना हो गए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news