बिलासपुर

यातायात सुरक्षा माह शुरू, हेलमेट रैली निकली
16-Jan-2024 1:02 PM
यातायात सुरक्षा माह शुरू, हेलमेट रैली निकली

यातायात नियमों का पालन करें तो दुर्घटना मुक्त भारत की कल्पना साकार होगी- यादव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 16 जनवरी। यदि प्रत्येक व्यक्ति यातायात के नियमों का शत प्रतिशत पालन करें, तो दुर्घटना मुक्त भारत की कल्पना साकार हो सकती है। राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह के प्रथम दिवस ‘हेलमेट बाइक रैली’ को हरी झंडी दिखाते हुए बिलासपुर वृत्त के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने उक्त बातें कही।

भूतल परिवहन एवं सडक़ राजमार्ग मंत्रालय नई दिल्ली के दिशा निर्देश में इन दिनों संपूर्ण भारत में राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह 2024 का आयोजन किया जा रहा है, जिसके पालन में यातायात पुलिस के द्वारा आज एक विशाल हेलमेट बाइक रैली का आयोजन किया गया।

 कार्यक्रम में बिलासपुर रेंज के पुलिस महा निरीक्षक अजय कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेंद्र जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा, भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी संदीप पटेल, यातायात बिलासपुर प्रभारी संजय साहू के साथ-साथ बड़ी संख्या में जिला पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारियों के अलावा अटल बिहारी विश्वविद्यालय के एनएसएस के समन्वयक मनोज सिन्हा, एनसीसी के आशीष शर्मा तथा एनजीओ पदाधिकारी उपस्थित थे।

 हेलमेट बाइक रैली अरपा रिवर व्यू से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गो से गुजरी। आम लोगों को दो पहिया वाहन चलाते समय यातायात के नियमों के पालन के साथ-साथ स्वयं की रक्षा के लिए हेलमेट का औचित्य बताते हुए, रैली पुलिस ग्राउंड बिलासपुर पहुंची।

रैली के साथ ही यातायात सुरक्षा संबंधी संदेशों का प्रसार करते हुए ‘यातायात रथ’ भी साथ चल रहा था, रैली में यातायात जिला पुलिस बल, जिला होमगार्ड सशस्त्र बल, एनसीसी, एनएसएस व सुरक्षा समिति के वरिष्ठ सदस्य के जवानों के साथ-साथ विभिन्न महाविद्यालय के छात्र-छात्रा तथा स्थानीय लोगों के साथ लगभग 500 लोगों ने हिस्सा लिया।

 डीएसपी संजय साहू ने बताया कि 14 फरवरी तक यातायात थाना परिसर में लर्निंग लाइसेंस शासकीय दर पर बनाए जाने कैंप भी लगाए गए हैं। पहले दिन शहर के 30 लोगों ने इसका लाभ उठाया। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news