बलौदा बाजार

पति-पत्नी की फंदे पर लटकी मिली लाश
27-Jan-2024 8:00 PM
पति-पत्नी की फंदे पर लटकी मिली लाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार,  27 जनवरी। जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम जारा में पति-पत्नी घर से लाश मिली है। दोनों का शव फंदे पर लटका मिला, जिससे आत्महत्या किये जाने की आशंका जताई जा रही है।

आत्महत्या की खबर फैलते ही मौके पर लोगों का हुजूम इक_ा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बुधवार रात शिक्षक रामेश्वर वर्मा की पत्नी लता ने अपने पिता अशोक वर्मा को फोन कर उन्हें फौरन जारा गांव बुलाया था। गुरुवार सुबह विवाहिता के दादा और पिता बेटी के घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने बेटी-दामाद को कॉल लगाया, लेकिन दोनों का मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था।

दादा और पिता ने खिडक़ी से झांककर देखा, तो बेटी-दामाद एक ही फंदे पर लटके मिले। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को जानकारी दी। मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। इस बीच जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।

लता के पिता अशोक वर्मा ने बताया कि बेटी ने कल रात फोन कर उन्हें बुलाया था. पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन दोनों ने खुदकुशी क्यों कर ली, इस बात का उन्हें भी पता नहीं है। उनके आने से पहले ही उसने पति के साथ जान दे दी।

आत्महत्या है या मर्डर, पुलिस जांच में जुटी

जानकारी के मुताबिक, रामेश्वर वर्मा (30) पलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुसुवाडीह के शासकीय स्कूल में शिक्षक था। वह रोज अपने गांव जारा से वहां आना-जाना करता था। शिक्षक रामेश्वर वर्मा और उसकी पत्नी लाता वर्मा दोनों ग्राम जारा में पं. दीवान के मकान में किराए पर रहते थे। दोनों यहां करीब एक साल से रह रहे थे। शिक्षक मूल रूप से बलौदाबाजार के नवागांव मल्लाहार का रहने वाला है।

पति-पत्नी के बीच आये दिन होते थे झगड़े

जानकारी के अनुसार, आस पड़ोस में पूछताछ करने पर पता चला कि शिक्षक रामेश्वर वर्मा को अपनी पत्नी लता वर्मा के चरित्र पर शक था। उसे पत्नि का किसी के साथ अफ़ेयर होने का संदेह था। इसी वजह से आये दिन दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा चल रहा था। रामेश्वर वर्मा और लता वर्मा की शादी को करीब 6 साल हो चुके थे, उनकी कोई संतान नहीं है।

पलारी थाना के टीआई शशांक सिंह ठाकुर का कहना है कि मृतक शिक्षक पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम मुसुवाडीह स्कूल में पदस्थ  था। ग्राम जारा के किराए के मकान में दोनों पति-पत्नी साथ रहते थे। शिक्षक दम्पत्ति की एक ही फंदे पर लाश मिली है। अभी जांच चल रही हैं, जांच के बाद सही जानकारी दी जाएगी।

खुदकुशी के कारणों का नहीं चला पता

 घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। हालांकि अभी आत्महत्या का कारण बता पाना मुश्किल है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पलारी थाना पुलिस जांच में जुटी है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news