गरियाबंद

बजट पर मिली-जुली प्रतिक्रिया: भाजपा ने विकास और शक्तिशाली बताया, तो विपक्ष ने निराशाजनक
02-Feb-2024 4:14 PM
बजट पर मिली-जुली प्रतिक्रिया: भाजपा ने विकास और शक्तिशाली बताया, तो विपक्ष ने निराशाजनक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 2 फरवरी। नरेन्द्र मोदी सरकार के केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरिम बजट प्रस्तुत कर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। साथ कई नवीन घोषणाएं भी की। इस बजट पर जनप्रतिनिधियों, व्यवसायिक, युवा, किसान, महिलाओं ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए किसी ने देश की दिशा बदलने वाला कहा तो किसी ने लुभावना घोषणा बताया।

देश के विकास को मिलेगी गति - श्याम अग्रवाल
भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्याम अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार का अन्तरिम बजट भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए आर्थिक उन्नति लाने की कार्ययोजना है। यह बजट देश के विकास को गति प्रदान करेगा। विकिसत भारत का सपना साकार करने सही दिशा में प्रयास प्रारम्भ हुआ है। किसानों को आधुनिक खेती के लिए प्रेरित करने वाला है। इसमें डेयरी, तिलहन, मत्स्य पालन, जैसे व्यवसाय से किसानों की आय बढ़ाने का प्रावधान है। श्री अग्रवाल ने केंद्रीय बजट को व्यपारियों के दृष्टिकोण से संतुलित बताया। उन्होंने कहा कि बजट में आधारभूत संरचना को केंद्र में रखा गया है। इससे सडक़, भवन निर्माण में तेजी आएगी और रोजगार भी सृजित होंगे। अंतरिम बजट राज्य में मोदी की गारंटी को पूरा करने के प्रावधानों से भरा है। इसमें तीन करोड़ आवास, आईआईएम, आईआईटी जैसे व्यवसायिक शिक्षा, महिला सशक्तीकरण के लिए आर्थिक मदद की घोषणा है जो देश के साथ छत्तीसगढ़ को भी नई दिशा देगा।

समृद्ध, सामथ्र्यशाली और शक्तिशाली बजट है - गोयल
भाजपा नेता एवं नवापारा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार के अंतरिम बजट ने यह स्पष्ट कर दिया है गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों की आवश्यकताएं, आकांक्षाएं और कल्याण भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बजट विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता बताता है। 2047 तक विकसित भारत आत्मनिर्भर भारत का आकार लेगा, यह बजट इसका दस्तावेज है। अंतरिम बजट की सीमाएं होती है फिर भी युवा, महिला, किसान व गरीब मोदी सरकार की प्राथमिकता में हैं। बजट सामाजिक न्याय के साथ विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में सक्षम है। श्री गोयल ने कहा कि यह बजट विकसित भारत में समृद्ध, सामर्थ्यशाली बजट और शक्तिशाली भारत का बजट है जिसमें सभी वर्गों की चिंता की गई है।

किसानों के जीवन में खुशहाली लाने वाला बजट - संदीप शर्मा
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि यह बजट किसानों के जीवन में खुशहाली लाने वाला बजट है। इस बजट में मुख्य रूप से सरकार के आगामी योजना दलहन एवं तिलहन के फसलों पर ध्यान केंद्रित करने का है और इससे जब किसान गांव-गांव में दलहन और तिलहन की खेती की ओर किस जाएंगे तो निश्चित रूप से किसानों की आमदनी बढ़ेगी। सरकार की नीति है कि आने वाले समय में हमारे देश में अधिकतम तिल उत्पादन इसलिए सरकार की नीति किसानों को आर्थिक लाभ की ओर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि खाद पर सब्सिडी पहले की तरह जारी रहेगी। देश के 11.8 करोड़ किसानों को मिलने वाला पीएम किसान सम्मान निधि किसानों को मिलता रहेगा। दलहन एवं तिलहन को बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने के संकेत बजट में दिया गया है। इससे देश तेल के मामले में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगी साथ ही साथ किसान कैश क्रॉप की ओर अग्रसर होंगे। खाद की नई तकनीक नैनों यूरिया की भांति ही नैनो डीएपी लाने की घोषणा की गई है। यह बजट किसानों के साथ-साथ देश को विकसित भारत की ओर अग्रसर करने वाला है।

बजट देश में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे - नेहरूलाल साहू
भाजपा मंडल महामंत्री नेहरूलाल साहू ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास को लेकर है बनाया गया बजट विकसित भारत के सपने के साकार करने में तेज गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि कहा कि आज के बजट में भारत के सर्वांगीण विकास के प्रावधान देखने को मिल रहे हैं। यह अंतरिम बजट बहुत सकारात्मक है। बजट सभी वर्गों के लिए बहुत अच्छा है विशेषकर नारीशक्ति, युवा, किसान व गरीब वर्ग को लाभ मिलेगा। महिलाएं एवं अन्नदाता के कल्याण का बजट है। भारत के अंतिम छोर पर रहने वाले के लिए सम्मान का बजट है। लखपति दीदी के माध्यम से 3 करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूह के माध्यम से आत्मनिर्भर बनेगी। आवास योजना में गरीबों को 2 करोड़ आवास मिलेंगे। किसानों को 11.8 करोड़ की सीधी वित्तीय सहायता मिलेगी। देश में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। बजट विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता बताता है। देश में कर दाताओं की संख्या में 2.4 गुना का इजाफा देश के विकास को तेज गति प्रदान करेगा।  नेहरू साहू ने कहा प्रत्यक्ष कर संग्रह 10 साल में 3 गुना बड़ा है।

 

अंतरिम बजट निराशाजनक- टिकेन्द्र ठाकुर
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अभनपुर जनपद के पूर्व सभापति टिकेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की अंतरिम बजट में आमजनों को सीधा लाभ नहीं दिया गया है। किसानों, व्यापारियों और मध्यवर्ग को नजरअंदाज किया गया है। इसमें गरीब परिवार, किसानों, महिलाओं के लिए कोई नवीन योजना का जिक्र नहीं है। साथ हीं टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं करके मध्यवर्गीय टैक्स चुकाने वाले नागरिकों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की तैयारी है। श्री ठाकुर ने कहा कि बजट निराशाजनक है। मोदी सरकार की अंतिम बजट होने के कारण जनता को लोकलुभावन घोषणाओं की उम्मीद थी। यह बजट भटका हुआ है इसमें किसी वर्ग के लिए सीधे लाभ देने का प्रावधान नहीं है।

अर्थव्यवस्था को ऊंचा उठाने कोई ठोस प्रस्ताव नहीं - मोहन
अभनपुर आप नेता मोहन चक्रधारी ने कहा कि केंद्रीय बजट ‘चुनावी भाषण’ के सिवा कुछ नहीं है। केंद्र सरकार के बजट को समाज के अनेक वर्गों के लिए निराशाजनक बताया है। बजट में गरीबों, बेरोजगारों, युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा छोटे व्यापारियों को कोई राहत नहीं दी गई है। वित्त मंत्री द्वारा पेश किया गया बजट पूंजीपतियों के पक्ष में पेश किया गया तथा आम लोगों के लिए निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि बजट में अर्थव्यवस्था को ऊंचा उठाने के लिए ठोस प्रस्तावों के साथ सामने आना चाहिए था। यह औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन के लिए भी अनुकूल होता। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

अंतरिम बजट में किसानों को झुनझुना भी न मिला - तेजराम विद्रोही
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) छत्तीसगढ़ महासचिव तेजराम विद्रोही ने कहा कि यदि भारत सरकार की आमदनी तीन गुणा बढ़ी है तो फिर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष का 205 लाख करोड़ रुपए कर्ज क्यों है। कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था का रीढ़ है उसके लिए 1 करोड़ लाख 27 हजार करोड़ रुपए का बजट जबकि रेलवे क्षेत्र जिसे निजीकरण व ठेकाकरण कर अडानी के हवाले किया जा रहा है उसके लिए बजट में 2 लाख 55 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान है। यानी सरकारी पैसों से रेलवे का विकास करो और संचालन के लिए अडानी को सौंप दो। अति अमीर और कॉरपोरेट के लोग जो टैक्स जमा नहीं कर पाए हैं उनके लिए भी छूट का प्रावधान किया। इधर न तो किसानों की आय दुगुनी हुई और न ही न्यूनतम समर्थन मूल्य की कोई कानूनी गारंटी मिली। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news