महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,5 मार्च। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय श्रीरामलला दर्शन योजना के लिए छत्तीसगढ़ से अयोध्या तक चलाई जा रही विशेष ट्रेन को 5 मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम, दयाल दास बघेल भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इस विशेष ट्रेन को मंगलवार सुबह 10.30 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 07 से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस विशेष ट्रेन में रायपुर संभाग के सभी 5 जिलों के 850 श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम का दर्शन कराया जाएगा। ट्रेन में महासमुंद जिले में कलेक्टर प्रभात मलिक के मार्गदर्शन में सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अपने-अपने विकासखंड से यात्रियों को रवाना किया। जिला पंचायत सीईओ एस आलोक ने बताया कि महासमुंद जिले के 137 श्रद्धालु और उनके साथ 5 अनुरक्षक रायपुर रेलवे स्टेशन के लिए सुबह से रवाना हुए थे। श्रद्धालुओं में राम लला के दर्शन हेतु गजब का उत्साह है।
इस जत्थे में महासमुंद विकासखंड से 29, बागबाहरा से 42, बसना से 29, सरायपाली से 30, पिथोरा से 07 और 5 एस्कार्ट रवाना हुए हैं। इस ट्रेन में एक बार में छत्तीसगढ़ के करीब 850 श्रद्धालु श्री रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा सकेंगे। इस विशेष ट्रेन का संचालन आज 5 मार्च से प्रारंभ हो रहा है।