कोण्डागांव

कांग्रेस डूबती नैया, बस्तर-कांकेर से टिकट फाइनल नहीं कर पा रहे-केदार
22-Mar-2024 9:08 PM
कांग्रेस डूबती नैया, बस्तर-कांकेर से टिकट फाइनल नहीं कर पा रहे-केदार

  कार्यकर्ता सम्मेलन में 500 से अधिक भाजपा में शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
केशकाल, 22 मार्च।
  लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने जमीनी स्तर की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में केशकाल विधानसभा अंतर्गत बहीगांव में शुक्रवार को भाजपा का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर महाराजा कमलचंद भंजदेव, सांसद मोहन मण्डावी, विधायक नीलकंठ टेकाम, भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग, जिला महामंत्री आकाश मेहता, तरुण   साना, प्रवीण बदेशा, रजिया खान समेत संगठन के कई बड़े नेता शामिल हुए। इस कार्यक्रम में 500 से अधिक लोगों ने भाजपा का दामन भी थामा है। इस दौरान पूर्व सीएम भूपेश बघेल के स्लीपर सेल वाले बयान पर तंज कसते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने गंभीर आरोप लगाए हैं। 

केदार कश्यप ने कहा- पूर्व सीएम भूपेश बघेल कहते हैं कि जमीनी स्तर पर हमारे कार्यकर्ता स्लीपर सेल का काम कर रहे हैं। केदार ने कहा कि स्लीपर सेल तो आतंकवादी संगठन में होते हैं। इसका मतलब है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता आतंकवादी संगठन के लोग हैं। यह हो भी सकता है, क्योंकि जो पार्टी अफजल गुरु को जी कह सकते है, उसके लिए आधी रात को सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने जा सकती है। कश्मीर को भारत से अलग करने वाले अलगाववादी संगठनों का साथ दे सकती है, तो वह पार्टी आतंकवादी संगठनों के स्लीपर सेल को कांग्रेस का कार्यकर्ता भी बना सकती है। इसलिए ऐसे आतंकवादी व भ्रष्टाचारी तत्वों को छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश से उखाड़ फेंकना है। इतना ही नहीं, केदार कश्यप ने कंग्रेस द्वारा अब तक प्रत्याशियों की घोषणा न करने पर कांग्रेस को खुली चुनौती दी है कि अगर राहुल गांधी या प्रियंका गांधी वाड्रा भी अगर चाहें तो बस्तर या कांकेर लोकसभा से चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन उन्हें भी यहां हार का ही सामना करना पड़ेगा।

विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी डूबती हुई नैया है। इसलिए छत्तीसगढ़ समेत समूचे देश मे कांग्रेस के बड़े बड़े नेता भी कांग्रेस का दामन छोड़ कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसी तरह केशकाल विधानसभा में भी लगभग 523 लोगों ने राज्य व केन्द्र सरकार की योजनाओं, कार्यशैली एवं विकसित भारत के संकल्प से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। हमारे शीर्ष नेताओं ने सभी नवप्रवेशी सदस्यों का ससम्मान स्वागत किया। सभी ने आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को 400 पार करवाने का संकल्प भी लिया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news