राजनांदगांव

संविधान बदलने और मुंह से निवाला छीनने का खेल खेल रही भाजपा- भूपेश
13-Apr-2024 3:46 PM
संविधान बदलने और मुंह से निवाला छीनने का खेल खेल रही भाजपा- भूपेश

 भारतमाला परियोजना में मुआवजा न देकर आम जनता से कर रहे अन्याय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 13 अप्रैल। कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल शुक्रवार को अपने जनसंपर्क के दौरान राजनंादगांव विधानसभा क्षेत्र के अंजोरा, कोपेडीह, देवादा, फुलझर, नवागांव, टेडेसरा, ईरा, सोमनी, तोरणकट्टा, पारीखुद, सिंघोला आदि गांव में जनसंपर्क करते अपने पक्ष में वोट करने की अपील की।

सभाओं को संबोधित करते भूपेश बघेल ने भाजपा को महंगाई-बेरोजगारी देने वाली सरकार करार देते कहा कि लगातार आम जनता के साथ 10 वर्षों से भाजपा अन्याय ही कर रही है। ऐसी जनहित की एक भी योजना नहीं होने के कारण भाजपा अन्याय की पर्याय बन चुकी है। भाजपा अबकी बार 400 का नारा देकर एक बड़ी साजिश देश के साथ करने की मंशा है। 400 पार होने पर उनके द्वारा देश के संविधान जिसमें आम जनता को मौलिक अधिकार प्राप्त हैं, उन अधिकारों से भी वंचित करने का ताना-बाना बुनने का खेल खेल रही है और तो और केंद्रीय योजनाएं राजनांदगांव में आम जनता के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। भारतमाला परियोजना रायपुर से हैदराबाद एक्सप्रेस वे में 2022 से जमीनों का चिन्हाकन होने के बाद ना तो उनका मुआवजा राशि केंद्र सरकार ने प्रदान की है, यहां तक किसान अपनी जमीन को खरीदी-बिक्री कर पा रहे हैं। बीमारी, शादी सहित अन्य जरूरी कार्य में भी क्षेत्र के किसान पैसे के अभाव में हलाकन एवं परेशान हैं, उसके बाद भी राजनांदगांव के निष्क्रिय सांसद ने ना तो किसानों की सुध ली और न ही कोई पहल की। जिससे जनता को राहत मिले। अब तो भाजपा की सरकार आम जनता को मिलने वाली राशन में भी कटौती कर मुंह से निवाला छीनने का काम कर रही है।

भूपेश बघेल के साथ जनसंपर्क में राजनांदगांव विधानसभा प्रत्याशी गिरीश देवांगन, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भागवत साहू, गोवर्धन देशमुख, अंगेश्वर देशमुख सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news