बिलासपुर

यूरोप की सबसे ऊंची चोटी पर बिलासपुर की बेटी निशा यादव ने लहराया तिरंगा
31-Jul-2024 7:33 PM
यूरोप की सबसे ऊंची चोटी पर बिलासपुर की बेटी निशा यादव ने लहराया तिरंगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 31 जुलाई। ऑटो रिक्शा चालक की बेटी निशा यादव ने यूरोप की सबसे ऊँची चोटी, माउंट एलब्रुस (5,642 मीटर) पर तिरंगा लहरा कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद, निशा ने आज कलेक्टर अवनीश शरण से उनके कार्यालय में मुलाकात की और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

13 जुलाई 2024 को निशा यादव ने रात में अपने इस साहसिक मिशन की शुरुआत की थी और अगली सुबह 9 बजे माउंट एलब्रुस पर सफलतापूर्वक चढ़ाई पूरी की। उन्होंने दो वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद इस सफलता को हासिल किया। निशा ने कहा कि कलेक्टर की संवेदनशीलता और सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं हो पाती। कलेक्टर ने उनकी मदद की गुहार को गंभीरता से सुना और सीएसआर मद से आर्थिक सहायता प्रदान की, जिससे उनकी पर्वत विजय की योजना पूरी हो सकी।

निशा यादव, जो कि एक ऑटो रिक्शा चालक श्याम कार्तिक यादव की पुत्री हैं, ने पहले भी कई ऊंची चोटियों पर विजय प्राप्त की है। इनमें उत्तराखंड की नैनापिक (8,522 फीट), केदारकंठ (12,500 फीट), अरुणाचल प्रदेश की गोरीचेन ग्लेशियर (22,500 फीट), और छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची चोटी, गौरलाटा (900 मीटर) शामिल हैं।

इस अवसर पर कलेक्टर अवनीश शरण ने निशा यादव को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके हौसले को सराहा। कलेक्टर ने कहा कि निशा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे बिलासपुर जिले के लिए गर्व की बात है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news