रायपुर

कार्यकर्ता नाराज क्यों हैं, पता लगाएं-पुरंदेश्वरी
03-Jan-2021 5:17 PM
कार्यकर्ता नाराज क्यों हैं, पता लगाएं-पुरंदेश्वरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 जनवरी। भाजपा मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रभारियों की बैठक में प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने साफ-साफ कहा है कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए मतदान केन्द्रों तक जाना जरूरी है। यह भी पता लगाना होगा कि आखिर कार्यकर्ता नाराज क्यों हैं? बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में प्रदेश प्रभारी ने धान खरीद मसले पर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ सरकार को केन्द्र से मिली 9 हजार करोड़ का हिसाब देना चाहिए।

सुश्री पुरंदेश्वरी ने पहले महामंत्रियों के साथ बैठक की। इसके बाद मोर्चा प्रकोष्ठ के प्रभारी-सहप्रभारियों के साथ मंत्रणा की। दोनों बैठकों में सहप्रभारी नितिन नबीन भी मौजूद थे। बैठक में सुश्री पुरंदेश्वरी ने साफ शब्दों में कहा कि पार्टी में फाइवस्टार कल्चर नहीं है। एसी कमरे को छोडक़र मतदान केन्द्रों तक जाने की जरूरत है। यह भी पता लगाना होगा कि आखिर कार्यकर्ता नाराज क्यों है।

बैठक के बाद सुश्री पुरंदेश्वरी मीडिया से भी रूबरू हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को सशक्त रूप प्रदान करने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। पार्टी को जड़ से स्ट्रांग बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा मुद्दों की लड़ाई लड़ेगी, और धान खरीदी मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई जाएगी।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि सरकार को 28 लाख मीट्रिक टन चावल का कोटा दिया गया था। जिसे वह पूरा नहीं कर पाए, और 9 हजार करोड़ की राशि केन्द्र की तरफ से दी गई थी, उसका क्या किया गया बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि बारदाना आपूर्ति की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है, उन्हें सभी जानकारी रहती है। कितना धान हम खरीद रहे हैं, और कितनी बोरियां चाहिए। मगर वह उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news