रायपुर
![अब तक प्रदेश में 191 मिमी बारिश अब तक प्रदेश में 191 मिमी बारिश](https://dailychhattisgarh.com/uploads/chhattisgarh_article/1719927866GLOGO.jpg)
सरगुजा, बिलासपुर के लिए यलो अलर्ट
रायपुर, 2 जुलाई। प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो गया है। कई जिलों में बारिश हो रही है। इस दौरान राजधानी में भी सोमवार को दोपहर बाद बारिश हुई है। प्रदेश में कई स्थानों पर गरज चमक के साथ जमकर बारिश हुई है। मौसम विभाग ने सरगुजा, और बिलासपुर संभाग के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले तीन दिनों तक इन जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं राजधानी में हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। एक द्रोणिका उत्तर पंजाब से मिजोरम तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। एक उपरि हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल के उपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका उत्तर-पूर्व अरब सागर-दक्षिण तटीय गुजरात से मध्य मध्यप्रदेश तक 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है । प्रदेश में 3 जुलाई को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की सम्भावना है। एक जून से अब तक राज्य में 191.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून से आज 02 जुलाई सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 283.1 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 128.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।