राजनांदगांव

गोबर खरीदी सेंटर बंद होने से भाजपा पार्षदों ने निगम में बोला धावा
27-Jan-2021 2:27 PM
गोबर खरीदी सेंटर बंद होने से भाजपा पार्षदों ने निगम में बोला धावा

पूर्व में संचालित सभी केंद्रों को खोले जाने की मांग की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 27 जनवरी। शहर के अलग-अलग इलाकों में राज्य शासन की गोधन न्याय योजना के तहत संचालित बंद गोबर खरीदी केंद्रों को पुन: संचालित करने की मांग को लेकर भाजपा पार्षदों ने बुधवार को निगम के नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु के नेतृत्व में नगर निगम में धावा बोला। वहीं भाजपा पार्षदों ने पूर्व में संचालित सभी गोबर खरीदी केंद्रों को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने की मांग की। 

राजनांदगांव शहर में करीब 12 केंद्रों में गोबर की खरीदी पूर्व में होती रही। बीते सप्ताह 8 खरीदी केंद्रों को बंद करने का नगर निगम ने फरमान जारी कर दिया जिससे पशुपालकों में आक्रोश की स्थिति निर्मित हो गई है। इसके अलावा पशुपालकों को परिवहन व्यवस्था का जिम्मा भी निगम प्रशासन ने स्वयं करने का निर्देश जारी कर दिया। इसी बात को लेकर गत् दिनों इंदिरा नगर चौक में पशुपालकों ने सडक़ में विरोध स्वरूप गोबर फेंककर प्रदर्शन किया था। 

गोधन न्याय योजना राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं में से एक है। इस योजना की लडख़ड़ाती हालत को देखते हुए भाजपा पार्षदों ने बैनर लेकर नारेबाजी करते निगम परिसर  पहुंचकर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। 
भाजपा पार्षदों ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित गोधन न्याय योजना का शुभारंभ जोरशोर से किया गया और निगम की जनता की सुविधा के हिसाब से गोबर खरीदी के लिए चार प्रमुख एवं आठ उप केंद्र खोले गए, परन्तु जनवरी माह से अचानक 8 उपकेंद्र को बंद कर दिया गया। इस कारण गोबर को केंद्रों तक पहुंचाने हितग्राहियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 

भाजपा पार्षदों ने आयुक्त से सभी केंद्रों को पुन: गोबर खरीदी के लिए शुरू करने या हितग्राहियों की संख्या अधिक है वहां पर तुरंत खरीदी आवश्यक रूप से प्रारंभ करने की मांग की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, विजय राय, मणिभास्कर गुप्ता, गोलू गुप्ता समेत अन्य लोग शामिल थे।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news