सरगुजा

सरगुजा में कड़ाके की ठंड, शीतलहर से ठिठुरन बढ़ी
30-Jan-2021 8:25 PM
सरगुजा में कड़ाके की ठंड, शीतलहर से ठिठुरन बढ़ी

  मैनपाट में जमी बर्फ की परत, अम्बिकापुर में 3.9 डिग्री पारा गिरा   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 30 जनवरी। सरगुजा में बारिश व ओलावृष्टि के बाद ठंड ने एक बार फिर से पलटवार किया है। शीतलहर चलने की वजह से पूरा सरगुजा ठंड की चपेट में हैं। ठंड ऐसी पड़ रही है कि लोग ठिठुर रहे हैं। सरगुजा के पठारी क्षेत्रों में काफी बुरा हाल है। छत्तीसगढ़ के शिमला मैनपाट की बात करें तो यहां मैदानी घास, वाहन, पैरा व वनस्पतियों के ऊपर सुबह बर्फ जमा हुआ दिखाई दिया।

बलरामपुर जिला के सामरी पाट में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां भी बर्फ की सफेद चादर जैसा जमा हुआ दिखाई दिया। ठंड के साथ कोहरा भी छाया रहा, जिसके कारण सुबह लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में भी शीत लहर चलने से लोग हलकान हंै। सरगुजा के पठारी क्षेत्रों में कुछ जगह शीत लहर और अधिकांश जगह शीत दिवस की स्थिति है।

ठंड का कहर इस कदर है कि अंबिकापुर में पिछले 24 घंटे के अंतराल में 3.9 डिग्री पारा गिर गया, जिसके कारण यहां का न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री व अधिकतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया। पहले अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री था। सरगुजा जिला के मैनपाट में एवं बलरामपुर के सामरी पाट में लगभग न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री के आसपास रहा। बलरामपुर नगर व आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 4.0 एवं अधिकतम 16.8 डिग्री रहा।

गौरतलब है कि गुरुवार की रात के साथ-साथ शुक्रवार की सुबह बर्फबारी के बाद आसमान में छाए बादल छटने के बाद ठंड ने फिर से पलटवार किया है।

समूचा सरगुजा संभाग शीतलहर की चपेट में है। मैदानी इलाकों में सर्द हवाएं चल रही हैं। दिन में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। आने वाले दिनों में दिन व रात के तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना है। हाड़ कंपकपा देने वाली ठंड का असर सामान्य जनजीवन पर भी पडऩे लगा है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news