सरगुजा

भारत को विश्व पटल पर उभारने व आत्मनिर्भर बनाने वाला है बजट-रेणुका
07-Feb-2021 8:20 PM
भारत को विश्व पटल पर उभारने व आत्मनिर्भर बनाने वाला है बजट-रेणुका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 7 फरवरी। अम्बिकापुर नगर के भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट को लेकर पत्रकारों से वार्ता करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि भारत को विश्व पटल पर उभारने व आत्मनिर्भर भारत बनाने वाला यह बजट है। यह बजट सभी वर्गों, बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं, संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के मजदूरों, छोटे-बड़े उद्योगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करेगा।यह बजट भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

 रेणुका सिंह ने बताया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की राह पर ले जाने वाला बजट पेश किया है। जिसमे सभी वर्गों के विकास की बात कही गई है। इस बजट के बाद देश दुगुनी रफ्तार से विकास की राह पर चल पड़ा है। बजट में 75 साल से अधिक उम्र वालों को अब आयकर रिटर्न भरने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं किसानों की आय को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। शहरी, ग्रामीण स्वच्छता के लिए सरकार ने बजट में प्रावधान किए हैं। स्वच्छ हवा के लिए भी सरकार ने अपना पिटारा खोला है। सरकार ने रेलवे के लिए राष्ट्रीय रेल योजना 2030 तैयार करने का प्रावधान किया है। जल्द ही वॉलेंट्री स्क्रैप पॉलिसी को लॉन्च किया जाएगा। बीमा क्षेत्र में 74 फीसदी तक एफडीआई को मंजूरी दी गई है। वहीं प्रवासी मजदूरों के लिए एक पोर्टल बनाया जाएगा। जिसमें उन जुड़ी जानकारी होगी। कई सरकारी कंपनियों के विनिवेश का भी एलान किया गया। लेह में केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाया जाएगा और अनुसूचित जाति के 4 करोड़ विद्यार्थियों को 35 हजार करोड़ रुपये दिए जाएंगे। बजट में इस साल राजकोषीय घाटा के 6.8 फीसदी तक रहने का अनुमान किया गया है। सरकार ने जहां सोने और चांदी से कस्टम ड्यूटी को घटाया है।

केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने बताया कि देश का स्वास्थ्य बजट 94 हज़ार करोड़ से बढ़ाकर 2.38 लाख करोड़ कर दिया गया है। जो कोरोना जैसी भीषण महामारी से लडऩे के लिए संजीवनी साबित होगा। आने वाले महीनों में इस बजट का उपयोग कर देश के प्रत्येक व्यक्ति को वैक्सीन लगाया जायेगा।वित्तमंत्री ने करीब 3 करोड़ घरों तक पानी पहुंचाने वाला बजट पेश किया है। 4378 शहरी निकायों में सार्वभौमिक जलापूर्ति के लिए जल जीवन मिशन की शुरुआत होगी।मंत्री रेणुका सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय रेल योजना 2030 के तहत भविष्य में नए रेलवे तंत्र तैयार होंगे इससे मेक इन इंडिया को भी बढ़ावा मिलेगा।देश भर में 900 सैनिक स्कूल खोलने का प्रावधान भी इस बजट में किया गया है।

बजट में किसानों की आय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। सुनिश्चित कीमत उपलब्ध कराने के लिए एम एस पी व्यवस्था में व्यापक बदलाव हुआ है जो सभी कमोडिटीज के लिए लागत की तुलना में कम से कम डेढ़ गुना हो गया है। किसानों को पर्याप्त कर्ज उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने कृषि कर्ज का लक्ष्य बढ़ाकर 16.5 लाख करोड़ कर दिया है। श्रीमती रेणुका सिंह ने आगे बताया कि 2022 तक 750 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों खोलने का प्रावधान किया गया है इन विद्यालय के बच्चे को खादी कपड़ा भी सरकार उपलब्ध कराएगी।पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों के लिए इसे बढ़ाकर 48 करोड़ रुपये करने का प्रावधान किया गया है।

बौरीडाड़ दोहरी रेल लाइन के बाद अब अंबिकापुर दिल्ली ट्रेन पर रहेगा विशेष फोकस

वार्ता के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने बताया कि बजट में बौरीडाड़ से अंबिकापुर दोहरी रेल लाइन के लिए स्वीकृति हो गई है।अब अंबिकापुर से दिल्ली ट्रेन चलाने पर विशेष फोकस होगा। इसके अलावा श्रीमती रेणुका सिंह ने बताया कि अंबिकापुर बरवाडीह रेल लाइन परियोजना को लेकर भी वह काम कर रही है इस परियोजना की स्वीकृति अगले बजट में शामिल करवाने का प्रयास रहेगा।

अंबिकापुर-बरवाडीह की जगह अंबिकापुर-गढ़वा व अंबिकापुर-म्योरपुर के लिए लोग कर रहे मांग

वार्ता के दौरान रेणुका सिंह से पत्रकारों द्वारा पूछा गया कि अंबिकापुर-बरवाडीह रेल लाइन परियोजना के बजाय यहां के लोग अंबिकापुर-म्योरपुर व अंबिकापुर-गढ़वा रेल लाइन की मांग कर रहे हैं। बरवाडीह रेल लाइन परियोजना स्वीकृत हो जाती है तो लोगों को जितना लाभ मिलना चाहिए, उतना नहीं मिलेगा? प्रश्न के संदर्भ में श्रीमती सिंह ने कहा कि यहां के 20 लाख आबादी की जनता जो कहेगी, उसी परियोजना पर काम किया जाएगा। अंबिकापुर-गढ़वा व अंबिकापुर-म्योरपुर रेल लाइन के लिए समीक्षा करेंगे। यहां के रेलवे संघर्ष समिति व अन्य लोगों की रायशुमारी ली जाएगी।

गौरतलब है कि अंबिकापुर बरवाडीह रेल लाइन परियोजना आजादी के पूर्व से आधी अधूरी है। इस परियोजना को लेकर कई बार मांग उठ चुकी है लेकिन अब सरगुजा के लोग अंबिकापुर बरवाडीह रेल लाइन परियोजना की बजाय अंबिकापुर- गढ़वा व अंबिकापुर-म्योरपुर रेलवे कनेक्टिविटी चाहते हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद कमलभान सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व महापौर प्रबोध मिंज, पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा, महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, बलरामपुर भाजपा महामंत्री ओम प्रकाश जायसवाल,आकाश गुप्ता, विनोद हर्ष सहित अन्य मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news